Arrest: मोबाइल लूट मामले का 24 घंटे में खुलासा, ऊना पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार
मोबाइल लूट मामले का 24 घंटे में खुलासा, ऊना पुलिस ने दोनों आरोपी किए गिरफ्तार
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
जिला पुलिस ऊना ने मोबाइल लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मामले में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान अर्शदीप निवासी खानकोट राम सिंह वाला, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा अंकित निवासी खुरला किंगरा, जिला जालंधर, हाल निवासी गांव बद्दोवाल, गढ़शंकर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार थाना हरोली के अंतर्गत एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 23 अगस्त 2026 को करीब साढ़े चार बजे पुबोवाल क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार होने लगे। जब शिकायतकर्ता ने मोबाइल छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों में से एक व्यक्ति ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस थाना हरोली में अभियोग संख्या 110/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ऊना ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों के आधार पर पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान की। एएसआई सुरेंद्र कुमार, अन्वेषणाधिकारी पुलिस थाना हरोली के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्शदीप को गांव कुकरान से तथा दूसरे आरोपी अंकित को गांव बद्दोवाल से हिरासत में लिया। दोनों को 25 अगस्त 2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी गहनता से जांच की जा रही है तथा आगामी अन्वेषण के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना अथवा चौकी को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिलती है।