एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम घोषित, हिमाचल की चार खिलाड़ी शामिल
जापान में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए 12 सदस्यीय भारतीय महिला कबड्डी टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम में हिमाचल प्रदेश की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें सिरमौर की रितु नेगी और पुष्पा राणा, सोलन की ज्योति ठाकुर तथा मंडी की भावना ठाकुर शामिल हैं। बेंगलुरु में एक महीने तक चले प्रशिक्षण शिविर के बाद सोमवार को टीम घोषित की गई।
नाहन
हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव कुलदीप राणा ने बताया कि चयनित टीम में प्रदेश की चार खिलाड़ियों का शामिल होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सिरमौर की रितु नेगी भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जबकि पुष्पा राणा हिमाचल प्रदेश महिला कबड्डी टीम की कप्तान तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। सोलन से ज्योति ठाकुर और मंडी से भावना ठाकुर का भी चयन हुआ है। टीम में संजू देवी, पूजा कजला, रितु शेरोंन, पिंकी राय, मनीषा कुमारी, राजरानी और नीतिका कुमारी के नाम भी शामिल हैं।
रितु नेगी ने शिलाई से शुरू किया खेल का सफर
सिरमौर जिले के दुर्गम शिलाई विधानसभा क्षेत्र के शरोग गांव की रितु नेगी ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी में पहचान बनाई है। उन्होंने शिलाई स्कूल में आठवीं कक्षा से कबड्डी खेलना शुरू किया था। वर्ष 2006 में राज्य स्तरीय खेल ट्रायल के माध्यम से उनका चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर के लिए हुआ। उन्होंने आठ वर्ष तक खेल छात्रावास में प्रशिक्षण लिया और इस दौरान राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं। हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए।
रितु नेगी ने 2025 के महिला कबड्डी विश्व कप में देश को स्वर्ण पदक दिलाने में योगदान दिया। उन्होंने मलेशिया में आयोजित जूनियर एशिया चैंपियनशिप में भारतीय टीम का नेतृत्व किया और एशियन गेम्स 2023 में भी टीम की कप्तान रहीं। उनके खाते में हांगझोऊ में 19वें एशियाई खेलों का स्वर्ण, नेपाल में 2019 की दक्षिण एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप का स्वर्ण और इंडोनेशिया में 2018 के एशियाई खेलों का रजत पदक शामिल है। उन्हें 2018 के एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ राइट कॉर्नर डिफेंडर भी चुना गया था।
रितु को तीन दिसंबर 2014 को भारतीय रेलवे में नौकरी मिली थी और वर्तमान में वह हैदराबाद में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के पद पर तैनात हैं। भारतीय रेलवे के लिए खेलते हुए उन्होंने सीनियर नेशनल और फेडरेशन कप में कई पदक जीते हैं। इनमें 2022 के 68वें सीनियर नेशनल का रजत, 2020 और 2019 के सीनियर नेशनल के स्वर्ण, 2018 का रजत तथा 2017, 2016 और 2015 के स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने 2018 के फेडरेशन कप में स्वर्ण और 2017 व 2016 में रजत पदक भी हासिल किए।
राष्ट्रीय स्तर पर रितु नेगी ने 2015 में केरल, 2013 में पटना और कर्नाटक, 2012 में मुंबई, 2011 में कर्नाटक तथा 2008 में नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक जीते। बांग्लादेश के ढाका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला कबड्डी कप 2025 में भी उन्होंने कप्तान के रूप में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। माता पूर्णिमा नेगी और पिता जवाहर सिंह नेगी की बेटी रितु नेगी लंबे समय से भारतीय महिला कबड्डी टीम का हिस्सा रही हैं।
पुष्पा राणा ने पिता और भाई से सीखी कबड्डी
पुष्पा राणा का जन्म 11 जनवरी 1998 को सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में शिलाई के मिल्लाह गांव में हुआ था। उनके पिता जयपाल शिक्षक होने के साथ कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके हैं। पुष्पा ने अपने पिता और भाई संजीव से कबड्डी की शुरुआती बारीकियां सीखीं। परिवार के सहयोग से उन्होंने स्कूल, कॉलेज, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वह राइट रेडर के रूप में खेलती हैं और रेडिंग के साथ डिफेंस में भी भूमिका निभाती हैं।
पुष्पा राणा हिमाचल प्रदेश महिला कबड्डी टीम की कप्तान और भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपकप्तान रही हैं। उनकी कप्तानी में हिमाचल ने नेशनल गेम्स में लगातार तीन बार स्वर्ण पदक जीता। उनकी प्रमुख उपलब्धियों में बांग्लादेश में महिला कबड्डी विश्व कप 2025 का स्वर्ण, चीन में 19वें एशियन गेम्स का स्वर्ण, ईरान में छठी एशियन कबड्डी चैंपियनशिप 2025 का स्वर्ण और नेपाल में 2019 के दक्षिण एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक शामिल है। करनाल में हुई 71वीं सीनियर नेशनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप में उनकी टीम दूसरे स्थान पर रही।
पुष्पा ने गोवा में 37वें नेशनल गेम्स, 70वीं महिला सीनियर नेशनल, 36वें नेशनल गेम्स, 68वीं महिला सीनियर नेशनल और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किए। इसके अलावा 69वीं महिला सीनियर नेशनल और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी 2023 में रजत तथा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी 2021 में कांस्य पदक जीता। उनके नाम 2020 की 67वीं महिला सीनियर नेशनल का रजत, 2019 की 66वीं महिला सीनियर नेशनल का कांस्य, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2019 का स्वर्ण तथा 2018 के जूनियर फेडरेशन कप और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के स्वर्ण पदक भी दर्ज हैं।