राष्ट्रीय फ्लैग फुटबॉल लीग में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगे पांवटा साहिब के खिलाड़ी
पांवटा साहिब के खिलाड़ी 13 से 15 नवंबर तक बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय फ्लैग फुटबॉल लीग में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला परिषद सदस्य अरिकेश जंग और किशनपुरा के प्रधान राकेश ने कोटड़ी व्यास पंचायत पहुंचकर महिला एवं पुरुष टीम के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेल ड्रेस वितरित करने के साथ प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
पांवटा साहिब
कोटड़ी व्यास पंचायत पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने अरिकेश जंग और राकेश का स्वागत किया। अरिकेश जंग ने कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्र के युवाओं को खेलों में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और उनकी प्रतिभा निखारने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर पांवटा साहिब और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

महिला और पुरुष टीम में ये खिलाड़ी शामिल
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में महिला वर्ग की कप्तान श्रद्धा के साथ अंकिता, दीपिका, स्नेहा, श्वेता, पायल, अंशवी और रितिका हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। पुरुष वर्ग में कप्तान पीयूष के साथ गगन, अंकित, लक्ष्य, ऋषभ, आयुष, वंश, विवुषित और लक्षित टीम का हिस्सा होंगे। दोनों टीमों के खिलाड़ी बेंगलुरु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लीग प्रतियोगिता में प्रदेश की ओर से चुनौती पेश करेंगे।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह, मूलक राज, सुमन, अनिल, मीरा देवी, पवन कुमार, रघुवीर, संगठन के कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार, समाजसेवी जसपाल सिंह और स्नेहा सहित खिलाड़ी उपस्थित रहे। कोच धर्मेंदर चौधरी और टीम मैनेजर श्रद्धा ने खेल क्षेत्र में सहयोग के लिए अरिकेश जंग का आभार व्यक्त किया।