Loading...

बद्दी की पंखा निर्माण कंपनी में भड़की भीषण आग, देर रात मची अफरा-तफरी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 21 May 2026 • 1 Min Read

बद्दी के खट्ठा स्थित एक पंखा निर्माण कंपनी में देर रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद फायर विभाग और निजी दमकल गाड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। लगातार दूसरी बार हुई आगजनी की घटना के बाद कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

बद्दी

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के खट्ठा स्थित एक पंखा निर्माण कंपनी में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रात करीब 8 बजे अचानक कंपनी परिसर से धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दिए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया। वहीं आसपास की औद्योगिक इकाइयों की निजी फायर ब्रिगेड भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। आग की भयावहता को देखते हुए कंपनी परिसर को तत्काल खाली करवाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैली, जिससे कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जनहानि या कर्मचारी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।बताया जा रहा है कि इसी कंपनी में पिछले वर्ष भी आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दोबारा हुए अग्निकांड के बाद कंपनी के सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल फायर विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जबकि प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

Related Topics: