Loading...

बखालग में 70 स्कूलों के 520 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, संजय अवस्थी ने दिए पुरस्कार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

बखालग स्थित डीसीएम स्कूल में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने 70 सरकारी और निजी स्कूलों के 520 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। शैक्षणिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। विधायक ने आयोजक समिति को 31 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

सोलन/अर्की

समारोह को संबोधित करते हुए संजय अवस्थी ने कहा कि विद्यार्थी समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उनकी प्रतिभा को उचित दिशा और अवसर देना अभिभावकों, शिक्षकों तथा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनका उत्साह बढ़ने के साथ अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीक, विज्ञान, खेल, कला तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, सरकारी शिक्षण संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आग्रह भी किया।

संजय अवस्थी ने कहा कि अच्छे अंक प्राप्त करना उपलब्धि है, लेकिन जीवन में सफलता के लिए अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी आवश्यक है। उन्होंने आयोजक समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, बखालग पंचायत प्रधान सुरेंद्र पाठक, बसंतपुर पंचायत प्रधान दीपिका, कोटली पंचायत प्रधान जय प्रकाश, बसंतपुर के उपप्रधान धनीराम ठाकुर, अर्की नगर पंचायत पार्षद अनुज गुप्ता, डीसीएम स्कूल के निदेशक मनजीत सिंह ढिल्लो, प्रधानाचार्य रीना पांडा, अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Topics: