परमहंस योगानंद विद्यालय चाड़ना के संस्थापक कामरेड बलराज बलूनी का निधन
सिरमौर जिला के संगड़ाह उपमंडल के चाड़ना स्थित परमहंस योगानंद विद्यालय के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य कामरेड बलराज बलूनी का बुधवार को आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह करीब एक सप्ताह से अस्वस्थ थे। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और परिचितों ने शोक व्यक्त किया।
संगड़ाह
परिचितों के अनुसार कामरेड बलराज बलूनी ने आईजीएमसी शिमला में अंतिम सांस ली। वह मूल रूप से शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के रहने वाले थे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान वह छात्र संगठन एसएफआई से जुड़े रहे। इसके बाद उन्होंने सीपीआईएम के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में भी काम किया।
करीब 22 वर्ष पहले शुरू किया था विद्यालय
कामरेड बलूनी ने करीब 22 वर्ष पहले चाड़ना में परमहंस योगानंद विद्यालय की शुरुआत की थी। विद्यालय के शुरुआती दौर में ऐसे विद्यार्थियों को भी शिक्षा का अवसर दिया जाता था, जिन्हें अन्य स्कूलों में प्रवेश लेने या पढ़ाई जारी रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। चाड़ना के ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने अपना जीवन विद्यालय के संचालन और विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में समर्पित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि कामरेड बलूनी से शिक्षा प्राप्त करने वाले कई विद्यार्थी आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। स्थानीय लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उनकी पत्नी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और परिचितों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
