बंगाणा कॉलेज में पुरुष और महिला वॉलीबॉल टीम चयन के लिए खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल
अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में वॉलीबॉल पुरुष एवं महिला टीम के चयन को ट्रायल आयोजित
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
उप मंडल बंगाणा के अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में वॉलीबॉल की पुरुष एवं महिला टीमों के चयन के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
इस दौरान खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल के विभिन्न कौशलों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, खेल कौशल, टीम भावना, तकनीकी दक्षता तथा मैदान पर प्रदर्शन को प्रमुखता से परखा गया। विद्यार्थियों में ट्रायल को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत की।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में सहायक हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। महाविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन ने ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खेल प्रभारी, शारीरिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक तथा महाविद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।