भाद्रपद संक्रांति पर श्री रेणुकाजी तीर्थ में हवन यज्ञ, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
भाद्रपद संक्रांति के अवसर पर श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड ने प्रसिद्ध श्री रेणुकाजी तीर्थ में हवन यज्ञ कराया। मंदिर के पुजारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हवन संपन्न करवाया, जिसमें बोर्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रद्धालुओं ने आहुति डाली। संक्रांति और नाग पंचमी के कारण सिरमौर के विभिन्न मंदिरों एवं शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने पूजा और जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री रेणुकाजी
हवन यज्ञ में ग्राम पंचायत ददाहू के प्रधान पंकज गर्ग ने पत्नी सहित मुख्य याज्ञिक के रूप में भाग लिया। श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सिंह ठाकुर और बोर्ड सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंदिर के मुख्य पुजारी रमेश कपिल और पंडित रवि दत्त ने धार्मिक विधि के अनुसार पूजा-अर्चना करवाई और हवन संपन्न कराया। अनुष्ठान के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
धार्मिक आयोजन में बोर्ड कर्मचारी माता राम, तारा चंद, राजेंद्र शर्मा, विक्रम सिंह, रोशन लाल और गोविंद सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया। वहीं, सिरमौर के कालीस्थान मंदिर, महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर, शिव मंदिर रानीताल, पौढ़ीवाला शिव मंदिर, कटासन माता मंदिर, जमटा स्थित शिव मंदिर, हरिपुरधार के भंगायणी मंदिर और परशुराम मंदिर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के देवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
सोमवार को नाग पंचमी होने के कारण शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भाद्रपद संक्रांति के पावन अवसर पर जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी श्रद्धालु पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
