Loading...

बिलासपुर में पंचायत चुनाव के 50 बैलेट पेपर गायब, पुलिस जांच शुरू और एआरओ हटाए गए

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

बिलासपुर में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान 50 बैलेट पेपर रिकॉर्ड से गायब पाए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-1 जंगल सुंगल प्रधान पद से संबंधित बैलेट पेपर क्रम संख्या 58001 से 58050 तक लेखन कार्य के दौरान उपलब्ध नहीं पाए गए। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित एआरओ को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए पुलिस जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर

पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान सामने आया मामला

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच बिलासपुर जिले में बैलेट पेपर गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अंबेडकर भवन बिलासपुर में पंचायत चुनावों को लेकर बैलेट पेपर लेखन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वार्ड नंबर-1 जंगल सुंगल प्रधान पद से संबंधित बैलेट पेपर क्रम संख्या 58001 से 58050 तक रिकॉर्ड से गायब पाए गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया।

बीडीओ ने दर्ज करवाई शिकायत

खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सदर बिलासपुर विजय कुमार की ओर से थाना सदर बिलासपुर में शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत के अनुसार बैलेट पेपर लेखन कार्य के दौरान राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में तैनात एक सहायक आचार्य, जो वर्तमान में एआरओ (सहायक निर्वाचन अधिकारी) के रूप में कार्यरत थे, को संबंधित बैलेट पेपर सौंपे गए थे। बाद में जांच के दौरान उक्त बैलेट पेपर उपलब्ध नहीं पाए गए।

प्रशासन ने संबंधित एआरओ को हटाया

मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित एआरओ को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की विभागीय समीक्षा भी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1957 की धारा 136(2) तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बैलेट पेपर रिकॉर्ड से किस परिस्थिति में गायब हुए। मामले की पुष्टि संदीप धवल ने करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: