Loading...

सिरमौर में भाजपा का बड़ा दावा, 17 में से अधिकांश जिला परिषद वार्डों पर खिलेगा कमल : विनय गुप्ता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सिरमौर में पंचायत चुनावों के बीच भाजपा ने जिला परिषद चुनावों में बड़ी जीत का दावा किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि अधिकांश जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है।

नाहन

सिरमौर में पंचायत चुनावों के बीच सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने जिला परिषद चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि इस बार सिरमौर जिले में होने वाले जिला परिषद चुनावों में पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि जिले के कुल 17 जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में जनता का भारी समर्थन दिखाई दे रहा है और अधिकांश सीटों पर कमल खिलने जा रहा है। उनके अनुसार गांव-गांव में भाजपा के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और विकास, पारदर्शिता तथा मजबूत नेतृत्व के आधार पर जनता पार्टी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।

विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का सीधा लाभ पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता दिन-रात लोगों के बीच पहुंचकर संपर्क अभियान चला रहे हैं और जनता से सीधा संवाद किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के कारण भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बना है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों और अधूरी गारंटियों से जनता निराश है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए कई बड़े वादे अभी तक पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। महिलाओं को प्रतिमाह सहायता राशि, किसानों से गोबर खरीद योजना और मुफ्त बिजली जैसी घोषणाओं को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में महिला वर्ग, किसान, युवा और आम जनता सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है और इसका असर पंचायत चुनावों में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि इस बार सिरमौर की जनता विकास और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेगी तथा भाजपा समर्थित उम्मीदवार भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे।

अंत में विनय कुमार गुप्ता ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

Related Topics: