पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया विजन डॉक्यूमेंट और विकास संकल्प
भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी करते हुए शहर के आधारभूत ढांचे, पर्यटन, यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्ताव रखे। पार्टी नेताओं ने शहीद स्मारक, धार्मिक पर्यटन सर्किट, सिंगल विंडो सिस्टम और भूमिहीन परिवारों के लिए आवास सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
पालमपुर
भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए जारी किया संकल्प पत्र
भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट एवं संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि पार्टी का यह संकल्प पत्र पालमपुर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शहर को सुव्यवस्थित, जाम मुक्त और आधुनिक सुविधाओं से युक्त नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य करेगी।
शहीद स्मारक और पर्यटन विकास पर रहेगा फोकस
विपिन परमार ने कहा कि पालमपुर वीरों, शहीदों और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश द्वारों का नामकरण शहीदों के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद सौरभ कालिया, परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा, कैप्टन विक्रम बत्रा और मेजर सुधीर वालिया सहित अन्य शहीदों की स्मृति में भव्य स्मारक स्थापित करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि पालमपुर को धार्मिक और पर्यटन सर्किट से जोड़ने के लिए हिमानी चामुंडा, चामुंडेश्वरी माता मंदिर, काली माता मंदिर, विद्यावासिनी मंदिर, शोभा सिंह आर्ट गैलरी, कृषि विश्वविद्यालय और सीएसआईआर जैसे प्रमुख स्थलों को विकास योजना में शामिल किया जाएगा।
यातायात सुधार और शहर को व्यवस्थित बनाने की योजना
भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अंडरपास, ओवरहेड ब्रिज और आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली और संचार तारों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी ताकि शहर को अधिक व्यवस्थित स्वरूप दिया जा सके। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क विकसित करने तथा बेसहारा गौवंश के लिए आदर्श गौ सदन स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
भूमिहीन परिवारों और आवास योजनाओं पर भी चर्चा
विपिन परमार ने कहा कि भूमिहीन और आवासहीन परिवारों को चार से पांच मरले भूमि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत मकान निर्माण सुनिश्चित करने के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और लगभग 400 मकानों के लिए केंद्र सरकार से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नक्शा पास करवाने और अन्य कार्यों की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा। शहरी आजीविका मिशन के तहत 150 दिन के रोजगार अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कार्य करने की बात कही गई।
कूड़ा संयंत्र और ग्रामीण क्षेत्रों को लेकर भी रखी बात
भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में स्थापित कूड़ा संयंत्र को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए उसे अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने पर विचार किया जाएगा। वर्तमान स्थल को पर्यटन परियोजना के रूप में विकसित करने की योजना भी रखी गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और यदि कुछ क्षेत्र नगर निगम से बाहर जाना चाहते हैं तो उनकी मांग पर विचार किया जाएगा।
सरकार की गारंटियों और बिजली योजनाओं को लेकर उठाए सवाल
कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार की विभिन्न गारंटियों और योजनाओं को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने और युवाओं को हर वर्ष एक लाख रोजगार उपलब्ध करवाने के वादों को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के दौरान 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी गई थी, जबकि कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि बिजली दरों और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जनता अपेक्षित राहत महसूस नहीं कर रही है।
कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर भी रखे विचार
डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान शुरू की गई कई विकास परियोजनाओं और संस्थानों को वर्तमान सरकार द्वारा बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले समय में विकास, आधारभूत ढांचे और प्रशासनिक सुधार के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। कार्यक्रम में सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, भाजपा प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, विनय शर्मा, रविंद्र रवि, प्रवीण शर्मा, राजेश ठाकुर और रागिनी सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।