‘एक पेड़ मां के नाम’ से संगठन को बूथ तक सक्रिय करेगी पार्टी, नड्डा के दौरे और मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भी रहेगा फोकस
विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा ने प्रदेश के 8 हजार मतदान केंद्रों पर 25-25 पौधे लगाने और दो लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य तय किया है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर काम किया जाएगा। इसके साथ ही मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने और जेपी नड्डा के प्रस्तावित दौरे को लेकर भी व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शिमला
हालिया पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी अब अपने मजबूत बूथ नेटवर्क को पर्यावरण संरक्षण के सबसे बड़े अभियान से जोड़ने जा रही है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि प्रदेश के 8 हजार मतदान केंद्रों पर 25-25 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पूरे हिमाचल में दो लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।राजनीतिक जानकार इस घोषणा को केवल पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि चुनावी जीत के बाद संगठन को बूथ स्तर पर लगातार सक्रिय बनाए रखने की रणनीति के रूप में भी देख रहे हैं। हालिया स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में भाजपा ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। सिरमौर, सोलन सहित अनेक जिलों में पार्टी की संगठनात्मक पकड़ मजबूत हुई है और अब उसी बूथ संरचना को सामाजिक सरोकारों के साथ जोड़ने की कवायद शुरू कर दी गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को हिमाचल में व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जून माह में पौधों के संरक्षण की व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए जुलाई में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर 25 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है और पार्टी का पूरा संगठन इस अभियान में भागीदारी करेगा।गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों चुनावी गतिविधियों के बाद भी राजनीतिक माहौल पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। ऐसे समय में भाजपा ने पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे को बूथ स्तर तक ले जाकर एक साथ सामाजिक संदेश और संगठनात्मक सक्रियता का संकेत दिया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का विषय है और इसमें संगठन की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू हुई यह मुहिम आगामी दो माह तक चलने वाले भाजपा के व्यापक कार्यक्रमों का हिस्सा होगी। 7 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसके उपलक्ष्य में प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान, मीडिया संवाद, जनजागरण और महाजनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 12 जून को शिमला पहुंचेंगे। 12 और 13 जून को उनके पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। भाजपा संगठन नड्डा के दौरे को भी केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अभियान से जोड़ते हुए बड़े जनसंपर्क कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि महाजनसंपर्क अभियान के माध्यम से भाजपा गरीब कल्याण, सेवा, विकास और सुशासन के मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. बिंदल ने कहा कि 7 जून को नरेंद्र मोदी निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।दो लाख पौधों के लक्ष्य, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रम और जगत प्रकाश नड्डा के प्रस्तावित हिमाचल दौरे के साथ भाजपा ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में पार्टी पर्यावरण, जनसंपर्क और संगठन—तीनों मोर्चों पर एक साथ सक्रिय नजर आएगी।
