Cabinet sub committee: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विभागों में 70 हजार पद खाली

Cabinet-sub-committee-70-th.jpg

शिक्षा विभाग में सबसे पहले भरे जाएंगे इतने हजार पद…….

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला के राज्य सचिवालय में आज सोमवार को कैबिनेट सब कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उद्योग मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने की। कमेटी के अध्यक्ष उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया विभिन्न विभागों में 70 हजार पद रिक्त हैं।

स्वीकृत पद तीन लाख हैं। शिक्षा विभाग में रिक्त करीब 20 हजार पदों को सबसे पहले भरा जाएगा। मंगलवार को दोबारा से कमेटी की बैठक होगी। शिक्षा सचिव और विधि सचिव को बैठक में बुलाया जाएगा। शिक्षा विभाग में दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में रिक्त पदों को पहले चरण में भरा जाएगा।

शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों के कई पद खाली हैं। चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, लाहौल, भरमौर और सिरमौर के दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की भर्ती के लिए पॉलिसी बनेगी। शिक्षा विभाग में 1 लाख 12 हजार पद स्वीकृत हैं। इनमें 20 हजार पद खाली हैं।

लोक सेवा आयोग में धीमी भर्ती प्रक्रिया
राज्य लोक सेवा आयोग ने पांच साल में 2018 से जनवरी 2023 तक 2375 पदों पर भर्ती की है। 1097 पदों पर भर्ती पेंडिंग हैं। हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग ने 5 साल में 15,706 पदों पर भर्ती की है। हर्षवर्द्धन चौहान ने बताया कि लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया बहुत धीमी है।

लोक सेवा आयोग साल में औसत 450 से 500 पदों पर ही भर्ती कर पाता है। विज्ञापन जारी होने, लिखित परीक्षा और उसके बाद इंटरव्यू करवाने में काफी समय लग जाता है। हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग साल में औसत 3,000 पदों पर भर्ती करता है। ऐसे में दोनों भर्ती एजेंसियां के जरिये सालभर में 3500 से ज्यादा पद नहीं भरे जा पा रहे हैं।