हमले के बावजूद कॉकपिट में डटे कैप्टन स्मित माछर, पीएम मोदी से बोले—सभी को बचाना था
फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित माछर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के दौरान विमान में हुए हमले और उसके बाद यात्रियों को बचाने के लिए किए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नीचे गिरने और चोट लगने के बावजूद वह उठे, क्योंकि विमान तेजी से नीचे जा रहा था और उसमें सवार लोगों की जान बचाना जरूरी था। मुश्किल स्थिति में वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने उनके धैर्य और सूझबूझ की प्रशंसा करते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
तबूक
पीएम मोदी और कैप्टन स्मित माछर की बातचीत का वीडियो सामने आया है। माछर ने बताया कि वह 17 वर्षों से विमान उड़ा रहे हैं। हमले के बाद जब वह नीचे गिरे तो विमान भी नीचे की ओर आने लगा था। उस समय उन्हें लगा कि हालात संभालने के लिए अंतिम प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि वह मार खा रहे थे, लेकिन विमान में मौजूद सभी लोगों को मरने नहीं दे सकते थे। उन्होंने इस घटना में अन्य लोगों की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि कठिन समय में वह नियमित रूप से पढ़ी जाने वाली हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे।
प्रधानमंत्री से बात करते हुए माछर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि प्रधानमंत्री उनसे बातचीत करेंगे और इस फोन कॉल से उनका हौसला बढ़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि माछर ने बड़ा काम किया है और देश उनके स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने माछर की मां और पत्नी से हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों ने हिम्मत के साथ बात की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि देश और दुनिया के लोग माछर से मिलने तथा उनसे बातचीत करने के लिए उत्सुक हैं।
आपात स्थिति में तबूक में उतारा गया विमान
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान एफजेड1073 ने 30 सितंबर को आपात संदेश भेजे थे। इसके बाद विमान 34 हजार फुट की ऊंचाई से तेजी से 17 हजार फुट से अधिक नीचे आ गया। आपात स्थिति में विमान को तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाईअड्डे पर उतारा गया। विमान में 27 बच्चों सहित कुल 174 यात्री सवार थे। पीएम मोदी ने माछर के धैर्य और कुछ ही क्षणों में लिए गए निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से कई लोगों की जान बची।
विमान में सवार यात्रियों के अनुसार, कैप्टन स्मित माछर खून से लथपथ थे और सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला किया था। हमले के मकसद का पता लगाया जा रहा है। एक इजराइली यात्री ने बताया कि एक यात्री और चालक दल के सदस्य ने कॉकपिट में प्रवेश कर हमलावर पायलट को काबू किया। प्रधानमंत्री ने माछर को बताया कि लोग उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने सऊदी सरकार का आभार जताया और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर भारत सरकार फोन पर उपलब्ध है।