Loading...

नाहन के कैरियर अकादमी में जन्माष्टमी उत्सव, कृष्ण-सुदामा एकांकी से दिया मित्रता का संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 49 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन के कैरियर अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। समारोह में श्रीकृष्ण वंदना, भजन, नृत्य और कृष्ण-सुदामा की मित्रता पर केंद्रित एकांकी का मंचन किया गया। एकांकी के माध्यम से प्रेम, विश्वास, समानता और सच्ची मित्रता का संदेश दिया गया।

नाहन

कार्यक्रम की शुरुआत श्रीकृष्ण वंदना से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने भजनों पर गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। कृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित एकांकी समारोह का मुख्य आकर्षण रही। इसमें विद्यार्थियों ने भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से श्रीकृष्ण और सुदामा के संबंध को मंच पर प्रस्तुत किया। श्रीकृष्ण एक्ट में नौवीं-ए के कनिष्क, गुंजन, अभिनव, अभियांश, अंशुमन और कार्तिक ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की।

नाहन के कैरियर अकादमी में जन्माष्टमी उत्सव, कृष्ण-सुदामा एकांकी से दिया मित्रता का संदेश

समूह नृत्य में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

समूह नृत्य में आरजू ने जमा एक नॉन-मेडिकल, त्रिप्ति, एंजल, वैष्णविका और श्रेनिका ने जमा एक कॉमर्स तथा दिव्यांशिका ने जमा एक नॉन-मेडिकल वर्ग से भाग लिया। जमा एक आर्ट्स की वंशिका और भाव्या भी प्रस्तुति में शामिल रहीं। नौवीं-ए की आराध्या और पावनी ने भी समूह नृत्य में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण से भर गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, मित्रता, कर्तव्य और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। चेयरमैन एसएस राठी ने विद्यार्थियों को संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करते हुए प्रेम, भाईचारे, सत्य और सदाचार के महत्व पर जोर दिया।

निदेशक मनोज राठी और निदेशिका मधुलिका राठी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सच्ची मित्रता, प्रेम, समर्पण और अच्छे कर्मों की सीख देता है। दोनों ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले विद्यालय परिवार के सदस्यों को बधाई दी।

Related Topics: