कैरियर निर्माण के साथ कौशल एवं उद्यमिता विकास पर विद्यार्थियों को किया जागरूक
उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में रोड सेफ्टी क्लब एवं कैरियर काउंसलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए ‘कैरियर निर्माण, कौशल एवं उद्यमिता विकास’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप कैरियर निर्माण, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों से अवगत करवाना रहा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम में कौशल एवं उद्यमिता विकास संस्थान, ऊना के श्री रमेश ठाकुर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न शॉर्ट-टर्म कोर्सेज, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं तकनीकी कौशल हासिल करना भी रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता एवं भविष्य के लक्ष्य के अनुरूप कौशल विकास पाठ्यक्रमों का चयन करने के लिए प्रेरित किया।
श्री रमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की कार्यकारी प्रधानाचार्य प्रो० कविता कौशल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उन्हें कैरियर संबंधी सही मार्गदर्शन, व्यावहारिक कौशल और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।
प्रो० कविता कौशल ने विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करने तथा बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता, अनुशासन, कौशल और सही दिशा में किया गया प्रयास युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बन सकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग, गैर-शिक्षण कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कैरियर निर्माण, कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।