दो मंजिला मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर स्वाहा, 6 परिवार बेघर..

Due-to-fire-in-two-storey-h.jpg

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में दो मंजिला मकान में आग लगने से अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। इस दो मंजिला मकान में 6 परिवार रहते थे जिनके सिर से छत छीन गई है। कड़कती ठंड के बीच 6 परिवार बेघर हो गए हैं। हालांकि, अभी तक मकान में आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है परंतु इससे पीड़ित परिवार को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहडू उपमंडल की शेखल पंचायत के क्यारकू गांव में यह आग की घटना पेश आई है। यहाँ नरेंद्र पुत्र नंत राम, नंत राम पुत्र बंखरू मल, राजेश पुत्र नंत राम, दिनेश पुत्र नंत राम, संत राम पुत्र बंखरू राम और पंकज पुत्र संत राम के दो मंजिला मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।

देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में आग लगती देख गांव में भी अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि, सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची थी परंतु तब तक 50 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।

उधर, एसडीएम रोहडू सन्नी शर्मा ने बताया कि आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हुआ है। उन्होंने बताया कि अग्निकांड से प्रभावित हुए परिवार को पांच-पांच हज़ार रूपए की फौरी राहत प्रदान की गई है। बताया कि प्रभावित परिवार की सहायता के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जाएंगे।