Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • जिला में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा, महिला पर्यटक सहित पायलट घायल

    जिला में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा, महिला पर्यटक सहित पायलट घायल

    HNN/ कुल्लू

    हिमाचल प्रदेश में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। राज्य में आए दिन पैराग्लाइडिंग करते हुए कोई न कोई या तो जख्मी होता है या उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। ताजा मामला जिला कुल्लू का है जहां पैराग्लाइडिंग करते वक्त एक महिला और पायलट दोनों ही गिर पड़े। गिरने के कारण महिला और पायलट दोनों जख्मी हुए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

    वही महिला पर्यटक रीटा पत्नी घनश्याम निवासी हरीक्रुशन सेक्टर 3 पूनागाम सूरत गुजरात ने पायलट के खिलाफ कुल्लू सदर थाना में शिकायत भी दर्ज करवाई है। वही पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भी पायलट के विरुद्ध आईपीसी की धारा 336, 337, 328 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है। पर्यटक महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह घूमने के लिए कुल्लू आई हुई थी।

    यहाँ पैराग्लाइडिंग पायलट शुभम के साथ गड़ानी नामक स्थान पर जैसे ही पैराग्लाइडिंग करने लगी तो उड़ान भरने के दौरान पैराग्लाइड नहीं खुल पाया। इस कारण वह और पायलट नीचे गिर गए तथा जख्मी हो गए। महिला ने आरोप लगाया कि पायलट ने इस दौरान पैराग्लाइडिंग ओपन ही नहीं किया जिस कारण यह हादसा पेश आया है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने पायलट के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

  • बारामुला मुठभेड़ में शहीद हुआ जवान पंचतत्व में विलीन, पीछे छोड़ गए पत्नी और तीन माह का बेटा….

    बारामुला मुठभेड़ में शहीद हुआ जवान पंचतत्व में विलीन, पीछे छोड़ गए पत्नी और तीन माह का बेटा….

    HNN/ शिमला

    शिमला जिले के उपमंडल कुपवी की मझौली पंचायत के गौंठ गांव निवासी जवान की पार्थिव देह आज जैसे ही घर पहुंची तो चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। जवान की पत्नी सहित परिजन उनकी पार्थिव देह के घर आने का इंतजार कर रहे थे। देर रात जैसे ही जवान की पार्थिव देह घर पहुंची तो परिजन बेसुध हो गए।

    बता दें कि राइफलमैन कुलभूषण मांटा (26) का पार्थिव शरीर शुक्रवार देर शाम को हवाई मार्ग से चंडीगढ़ पहुंचा। इसके बाद यहां से जवान के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव तक पहुंचाया गया जहां पर आज उनका अंतिम संस्कार भी किया गया। शनिवार को शहीद कुलभूषण के चचेरे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।

    जवान के अंतिम संस्कार के दौरान लोगों का भी भारी हुजूम उमड़ा। इस दौरान सैकड़ों की तादाद में लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। शहीद कुलभूषण की शादी 1 वर्ष पहले ही नीतू (25) से हुई थी जिनका तीन माह का बेटा भी है। ऐसे में कुलभूषण अपने पीछे पत्नी सहित मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। माता दुर्गा देवी, पिता प्रताप सिंह, तीन बहने रेखा, रंजना और किरण के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे है।

    आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान हुए थे शहीद
    बारामुला जिला के सीरी इलाके में तारीपोरा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार को सैनिकों तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। हालांकि, सैनिकों के द्वारा आतंकियों की घेराबंदी कर ली गई थी मगर तभी आतंकियों की ओर से हुई भीषण गोलाबारी में 52 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान कुलभूषण बुरी तरह से घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर उपचार के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

  • जवान बेटे का शव देख बिलख पड़े परिजन, पिता बोले…

    जवान बेटे का शव देख बिलख पड़े परिजन, पिता बोले…

    HNN / कुल्लू

    पार्वती घाटी के कसोल में जवान बेटे की हत्या की खबर जैसे ही परिजनों को मिली उनके पांव तले जमीन खिसक पड़ी। परिजन शुक्रवार को कुल्लू पहुंचे और बेटे के शव को देखकर बिलख-बिलख कर रोने लगे। दरअसल, पुलिस ने वीरवार को कर्नाटक के रहने वाले रवि कुमार को फोन किया कि उनसे जरूरी काम है, इसलिए उन्हें कुल्लू आना ही पड़ेगा।

    परिजनों द्वारा पुलिस से बार-बार पूछने के बाद पता चला कि उनके बेटे की किसी ने हत्या कर दी। इसके बाद शुक्रवार को कर्नाटक से मृतक सोनू के पिता, भाई सहित तीन लोग कुल्लू पहुंचे। पिता ने कहा कि मामले की निष्पक्ष रूप से जांच की जाए। इसमें जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए।

    बता दे कि बेंगलुरु का पर्यटक सोनू किसी काम से कसोल आया हुआ था। यहां किसी बात को लेकर सोनू की कसोल में 2 युवकों से बहस बाजी हो गई। देखते ही देखते इन दो युवकों ने सोनू को मौत के घाट उतार दिया और वहां से रफूचक्कर हो गए। पुलिस को शव मिलने की सूचना जैसे ही मिली, उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच में जुट गई। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने सोनू के हथियारों को पकड़ लिया। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।

  • दर्दनाक- गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की मौत, इसी स्थान पर भाई भी गंवा चुका है जान…

    दर्दनाक- गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की मौत, इसी स्थान पर भाई भी गंवा चुका है जान…

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है जिसमें व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी। इस दौरान गाड़ी सड़क से लुढ़ककर गहरी खाई में गिर गई जिस कारण व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर शव को खाई से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा आज दोपहर बाद जिला शिमला के तहत सुन्नी सड़क मार्ग पर पेश आया है। विजय कुमार निवासी सुन्नी गाड़ी में सवार होकर जा रहा था कि तभी संतुलन बिगड़ने से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

    बता दें, जहाँ यह हादसा हुआ है इसी स्थान पर मृतक विजय के भाई की गाड़ी भी हादसे का शिकार हुई थी और उसकी मौत हो गई थी। इतना ही नहीं कुछ साल पहले एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 18 लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी।

  • निजी बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत, हादसे में…..

    निजी बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत, हादसे में…..

    HNN/ हमीरपुर 

    धर्मशाला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेश आये सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है। जानकारी अनुसार, हादसा आज सुबह जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास निजी बस (HP67-5117) और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत होने के कारण पेश आया है।

    जानकारी अनुसार, घटनास्थल पर एक ट्रक (HP21- 3177) खराब हो गया था जिसके चलते सुबह नादौन की तरफ से हमीरपुर जा रही निजी बस ने ट्रक को ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक की बस से टक्कर हो गई जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गई।

    हादसे में टिप्पर चालक कश्मीरी महादेव निवासी राकेश कुमार घायल हुआ जिसे आसपास के लोगों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, हादसे के बाद एनएच पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई जिसे बाद में पुलिस प्रशासन द्वारा बहाल किया गया।

  • बारामुला मुठभेड़ में शहीद हुए जवान के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया शोक

    बारामुला मुठभेड़ में शहीद हुए जवान के निधन पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जताया शोक

    HNN/ शिमला

    कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जवान के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि कश्मीर के बारामुला में आतंकियों से मुठभेड़ में वीरभूमि हिमाचल के शिमला जिला से संबंध रखने वाले वीर जवान कुलभूषण मांटा के शहीद होने वाली खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं।

    ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें। दुःख की इस घड़ी में हम शहीद के परिवार के साथ खड़े हैं। वीर जवान कुलभूषण मांटा की शहादत को नमन।” बता दें, कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बावजूद अंतिम सांस तक आतंकियों से लोहा लेने वाले कुपवी के जवान ने शहादत पाई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारामुला जिला के सीरी इलाके में तारीपोरा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार को सैनिकों तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आतंकियों की ओर से हुई भीषण गोलाबारी में 52 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान कुलभूषण मांटा बुरी तरह से घायल हो गए जिन्हे अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान यहाँ उनकी मौत हो गई।

  • अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

    अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

    HNN/ कुल्लू

    जिला कुल्लू के सुनी थाच में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शव गृह में रखवा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला के सुनी थाच में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा हुआ देखा।

    लोगों ने जब पास जाकर देखा तो उसे उठाने का प्रयास किया परंतु शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। जिसके बाद उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच की तो देखा कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

    उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि मृतक व्यक्ति नेपाली मूल का प्रतीत हो रहा है जिसकी अभी तक शिनाख्त भी नहीं हो पाई है। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है।

  • मकान में भड़की आग, सारा सामान जलकर राख…

    मकान में भड़की आग, सारा सामान जलकर राख…

    HNN/ काँगड़ा

    नगरोटा बगवां विकास खंड की पंचायत ठारू के वार्ड नंबर-2 में एक घर आग की चपेट में आ गया जिससे अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया है। वहीं, विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुक्सान का आकलन किया। जानकारी अनुसार, ठारू के वार्ड नंबर-2 में गोरखपुर निवासी पंकज कुमार अपनी पत्नी के साथ पिछले कई वर्षों से किराए का कमरा लेकर रह रहा था।

    बताया जा रहा है कि जब कमरे में कोई भी मौजूद नहीं था तो अचानक ही आग लग गई। जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए तो देखा कि मकान में आग भड़की हुई थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी की इस घटना में दो लाख रुपए के जेवरात सहित खाने पीने का सामान, फ्रिज और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

  • सिरमौर के साथ लगते कुपवी का जवान बारामुला मुठभेड़ में शहीद

    सिरमौर के साथ लगते कुपवी का जवान बारामुला मुठभेड़ में शहीद

    HNN/ शिमला

    कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बावजूद अंतिम सांस तक आतंकियों से लोहा लेने वाले कुपवी के जवान ने शहादत पाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारामुला जिला के सीरी इलाके में तारीपोरा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार को सैनिकों तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई।

    हालांकि सैनिकों के द्वारा आतंकियों की घेराबंदी कर ली गई थी मगर तभी आतंकियों की ओर से हुई भीषण गोलाबारी में 52 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान कुलभूषण मांटा बुरी तरह से घायल हो गए। घायल अवस्था में भी वह आतंकियों से दो-चार होते रहे। मगर अचानक उनके गिरते ही सैनिकों के द्वारा उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

    अस्पताल में मुठभेड़ में मिले जख्मों का ताव न सहते हुए वीरवार को उन्होंने शहादत को गले लगा लिया। मिली जानकारी के अनुसार शहीद कुलभूषण हिमाचल के शिमला जिले की तहसील कुपवी के गौंड गांव के रहने वाले थे। वही चिनार कोर के द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि भी दी गई।

    रेजीमेंट के द्वारा परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दुख की घड़ी में भारतीय सेना उनके परिजनों के साथ खड़ी है। इस मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है जबकि पाकिस्तानी आतंकी घायल होने के बाद फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान ही बारा मूला निवासी आतंकी निसार अहमद भट्ट को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया है।

    देश के लिए शहादत पाने वाले प्रदेश के इस जवान की शहादत पर ना केवल देश में बल्कि प्रदेश में भी शोक की लहर है। शहीद अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। सैनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहीद की पार्थिव देह शुक्रवार को उनके गांव लाई जाएगी।

  • मनाली में कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रवक्ता चेतराम नेगी की कार हादसे में मौत

    मनाली में कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रवक्ता चेतराम नेगी की कार हादसे में मौत

    HNN / मनाली

    मनाली में कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। यहाँ के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता चेतराम नेगी की कार हादसे में मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार चेतराम नेगी मनाली से कांग्रेस रैली से भाग लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान 15 मील पहुंचते ही अचानक एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

    जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, एसपी गुरदेव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।