Category: ACCIDENT

दुर्घटना

  • ढांक पर पेड़ में फंसा मिला 46 वर्षीय व्यक्ति का शव

    ढांक पर पेड़ में फंसा मिला 46 वर्षीय व्यक्ति का शव

    HNN/ सोलन

    कालका-शिमला एनएच पर शिवालय मंदिर कथोग के समीप एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। इस दौरान व्यक्ति का शव ढांक पर पेड़ में फंसा हुआ पाया गया। व्यक्ति की पहचान 46 वर्षीय प्रदीप कुमार शर्मा निवासी करोल बिहार गांव व डाकघर चंबाघाट के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया से अंदेशा जताया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत ढांक से गिरकर हुई है। हालांकि मौत की असली वजह क्या है इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

    जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर में सूचना मिली कि कालका-शिमला एनएच शिवालय मंदिर कथोग के समीप एक व्यक्ति का शव ढांक में पेड़ पर फंसा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची और व्यक्ति के शव को कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया और परिजनों के हवाले कर दिया गया। एएसपी सोलन अजय राणा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जाँच की जा रही है।

  • मनाली-लेह मार्ग पर कमांडर नाले में मिला व्यक्ति का शव, जाँच में जुटी पुलिस

    मनाली-लेह मार्ग पर कमांडर नाले में मिला व्यक्ति का शव, जाँच में जुटी पुलिस

    HNN / लाहौल-स्पीति

    जिला मुख्यालय केलांग के समीप मनाली-लेह मार्ग पर कमांडर नाले में एक व्यक्ति का शव मिला है। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नही हो पाई है। जानकारी के अनुसार बीते कल दोपहर के समय किसी ने पुलिस को सूचना दी कि कमांडर नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।

    सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस मौके पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। इसके बाद आस-पास मौजूद लोगो से व्यक्ति के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन किसी को भी व्यक्ति के बारे में कुछ पता नही। इसके बाद पुलिस ने शव शिनाख्त के लिए शव गृह में रखवा दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी मानव वर्मा ने की है।

  • रेलवे पुल मोहटली के पास ट्रेन की चपेट में आया व्यक्ति, मौत

    रेलवे पुल मोहटली के पास ट्रेन की चपेट में आया व्यक्ति, मौत

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा के ठाकुरद्वारा के तहत आने वाले संघेड़ रेलवे पुल मोहटली के पास 105 / 7.8 रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। अभी तक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है लेकिन उसे देखकर उम्र करीब 40-45 वर्ष के बीच लग रही है।

    दरअसल, आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रेन सामने से आ रही थी और व्यक्ति ट्रैक पर चल रहा था। काफी आवाज लगाने के बाद भी व्यक्ति वहां से नहीं हटा और ट्रेन की चपेट में आ गया। इसके बाद रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

    शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है जिसके चलते शव 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। उधर, पुष्टि करते हुए रेलवे चौकी कंदरोड़ी के प्रभारी विक्रमजीत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

  • जली हुई गाड़ी से बरामद हुआ पुलिस जवान का शव, फैली सनसनी

    जली हुई गाड़ी से बरामद हुआ पुलिस जवान का शव, फैली सनसनी

    HNN/ हमीरपुर

    हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक जली हुई कार मिली है साथ ही उसमें से एक डेड बॉडी भी बरामद हुई है जो कि बुरी तरह से जल चुकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन कारणों से हुई होगी। गाड़ी में आग किसी प्राकृतिक कारण से लगी है या फिर किसी ने जानबूझकर उसे आग के हवाले कर दिया। यह जांच का विषय बना हुआ है।

    पुलिस अपने स्तर पर मामले की हर पहलू से जांच पड़ताल में जुटी हुई है। मामला पुलिस थाना सुजानपुर के तहत बैरी गांव का है। यहाँ खड्ड के किनारे जब किसी ने एक जली हुई गाड़ी को देखा तो वह हैरान रह गए। उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर एक व्यक्ति का शव बुरी तरह से जला हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और व्यक्ति के शव को गाड़ी से बाहर निकाल कर कब्जे में लिया गया।

    इसके साथ जब व्यक्ति की शिनाख्त करवाई गई तो यह शव हमीरपुर जिला के गलोड़ के रहने वाले 42 वर्षीय अशोक कुमार का निकला जोकि एक पुलिस जवान था। वही फॉरेंसिक टीम भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची थी। एसपी हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • स्कूल के साथ सटे जंगल में भड़की आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

    स्कूल के साथ सटे जंगल में भड़की आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

    HNN/ ऊना

    ऊना जिला के भरवाईं में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्कूल के साथ सटे जंगल से आग की लपटें उठने लगी। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। अगर फायर ब्रिगेड की टीम समय रहते आग पर काबू नहीं पाती तो संभवतः स्कूल भी इसकी चपेट में आ सकता था।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरवाईं और प्राइमरी स्कूल भरवाईं के साथ सटे जंगल में अचानक आग लग गई। हवा के रुख के साथ यह आग जंगल से स्कूलों की तरफ आने लगी। आग को बढ़ता देख अध्यापकों ने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग चिंतपूर्णी को दी।

    जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि जंगल में आग किन कारणों से लगी है। फायर ब्रिगेड के इंचार्ज पीसी शंकर दास ने बताया कि जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद टीम को मौके पर भेजा गया और आग पर काबू पाया गया।

  • बच्चों से भरी निजी स्कूल बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में एक घायल…

    बच्चों से भरी निजी स्कूल बस हुई दुर्घटनाग्रस्त, हादसे में एक घायल…

    HNN / कुल्लू

    जिला कुल्लू में आज एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार सैंज से करीब 5 किलोमीटर दूर सैंज रोपा नियुली सड़क पर दरमेढा गांव के पास एक निजी स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह निजी स्कूल की बस (एच.पी. 66-2566) करटाह, नियुली गांवों से बच्चों को स्कूल लेकर आ रही थी।

    अचानक दरमेढा के पास बस में खराबी आ गई, इसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकलकर एक पेड़ के सहारे जाकर रुक गई। गनीमत रही कि बस गहरी खाई में नही गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस में करीब 50 बच्चे सवार थे, जिनमें एक बच्चे को हल्की चोट आई है तथा बाकी सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

  • तेल से भरा टैंकर हादसे का शिकार, चपेट में आने से 6 वाहन भी क्षतिग्रस्त

    तेल से भरा टैंकर हादसे का शिकार, चपेट में आने से 6 वाहन भी क्षतिग्रस्त

    HNN/ सोलन

    सोलन-शामती बाईपास पर आज सुबह फिर तेल से भरा टैंकर हादसे का शिकार हो गया। इस दौरान टैंकर पलटने से 6 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। बता दें, बीते रोज़ भी सोलन-शामती बाईपास पर इंडियल ऑयल का टैंकर हादसे का शिकार हो गया था जिसकी चपेट में 2 गाड़ियां आकर क्षतिग्रस्त हुई थी। आज फिर डीपीएस स्कूल के समीप तेल से भरा टैंकर हादसे का शिकार हो गया।

    टैंकर तेल की सप्लाई लेकर चंडीगढ़ की तरफ से आ रहा था कि तभी डीपीएस स्कूल के समीप पहुंचा तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिस कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस दौरान सड़क के किनारे पार्क किए गए 6 वाहन भी चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं बिजली का पोल भी टूट गया जिस कारण आसपास के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।

  • चंडीगढ़-मंडी बाईपास फोर लेन की नवनिर्मित सुरंग का बड़ा हिस्सा धंसा, हादसे के वक्त  50 मजदूर..

    चंडीगढ़-मंडी बाईपास फोर लेन की नवनिर्मित सुरंग का बड़ा हिस्सा धंसा, हादसे के वक्त 50 मजदूर..

    HNN/ मंडी

    हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस दौरान यहां चंडीगढ़-मंडी बाईपास फोर लेन की नवनिर्मित सुरंग का एक बड़ा हिस्सा धंस गया जिससे यहां निर्माण कार्य में जुटे 50 मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।

    जानकारी अनुसार, मंडी जिले में चंडीगढ़-मंडी बाइपास फोर लेन की सुरंग का निर्माण कार्य जारी है। आधी रात को जब पचास मजदूर कार्य में जुटे हुए थे तो वह अपनी शिफ्ट पूरी करने के बाद बाहर निकल आये तभी थोड़ी देर बाद सुरंग का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।

    हालांकि सुरंग के अंदर कोई मजदूर ना होने के कारण किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है परंतु इससे मजदूरों में अफरा-तफरी मची हुई है। एसडीएम रितिका जिंदल का कहना है कि टनल का हिस्सा धंसने से कोई भी हताहत नहीं हुआ है।

  • आग लगने से राख हुआ तीन कमरों का मकान और अन्नभंडार

    आग लगने से राख हुआ तीन कमरों का मकान और अन्नभंडार

    HNN/ शिमला

    रोहड़ू के चिडगांव में भीषण अग्निकांड हुआ है जहां तीन कमरों का मकान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया है। इतना ही नहीं आग की चपेट में आने से अन्नभंडार भी स्वाह हो गया है। ऐसे में पीड़ित परिवार को लाखों रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मकान चंद्र सैन पुत्र वीरबल निवासी बुसारी तहसील चिडगांव जिला शिमला का था जिससे उनका परिवार बेघर हो गया है। चंद्र सैन ने बताया कि मकान में अचानक ही आग की लपटें उठने लगी। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक मकान के तीन कमरे और अन्नभंडार जलकर राख हो चुका था। वहीं दूसरी तरफ सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची थी।

  • पेड़ से गिरकर घायल हुए व्यक्ति ने पीजीआई में उपचार के दौरान तोड़ा दम

    पेड़ से गिरकर घायल हुए व्यक्ति ने पीजीआई में उपचार के दौरान तोड़ा दम

    HNN/ काँगड़ा

    जिला में पेड़ से गिरकर घायल हुए एक व्यक्ति ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मृतक की शिनाख्त 45 वर्षीय करनैल सिंह निवासी रछियालु के रूप में हुई है। दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करने वाले उक्त व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    जानकारी अनुसार, गगल के निकटवर्ती क्षेत्र रछियालु में पिछले सप्ताह करनैल सिंह पशुओं के लिए चारा काटने पेड़ पर चढ़ा था। इस दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पेड़ से नीचे जा गिरा। पेड़ से गिरने के कारण व्यक्ति बुरी तरह से घायल हुआ जिसे परिजन उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।

    यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे गंभीर अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया परंतु जख्मों के ताव न सहते हुए व्यक्ति ने उपचार के दौरान ही दम तोड़ दिया। वही व्यक्ति के गांव वासियों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने की गुहार लगाई है।