Category: Baddi

  • 22 जून को यहां आयोजित होगा रक्तदान शिविर….

    22 जून को यहां आयोजित होगा रक्तदान शिविर….

    HNN/ बद्दी

    पाइनट्री पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड उद्योग परिसर काठा नजदीक लक्कड़ डिपू बद्दी में 22 जून यानि शनिवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

    कंपनी के एसोसिएट डायरेक्टर राजेश शर्मा द्वारा यह जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि रोटरी ब्लड बैंक सोसायटी रिसोर्सिस सेंटर सेक्टर-37 चंडीगढ़ की टीम रक्त एकत्रित करेगी।

    एसोसिएट डायरेक्टर राजेश शर्मा ने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य में भागीदार बनें।

  • सिग्नेयोर मेडिपेक उड़ा रही प्रदूषण मानकों की धज्जियां

    सिग्नेयोर मेडिपेक उड़ा रही प्रदूषण मानकों की धज्जियां

    उद्योग द्वारा मानकपुर नदी के किनारे फेंका जा रहा वेस्ट स्क्रैप

    HNN/ ओम शर्मा/ बीबीएन

    प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में उद्योग सरेआम प्रदूषण मानकों, माननीय उच्च न्यायालय व एनजीटी के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उद्योगों द्वारा खुलेआम बेख़ौफ़ होकर निमयों की धज्जियां ऐसे उड़ाई जा रही हैं जैसे उद्योगों को न तो प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड का कोई डर हो ओर न ही उच्च न्यायालय व एनजीटी के सख्त नियमों की कोई परवाह।

    उद्योगों द्वारा बीबीएन की हवा, पानी और जमीन में खुलेआम जहर घोला जा रहा है। ऐसा ही मामला किशनपुरा में ग्लेनमार्क फार्मा उद्योग के सामने स्थित सिग्नेयोर मेडिपेक यूनिट 3 का सामने आया है। उद्योग द्वारा मानपुरा के मानकपुर में डाबर उद्योग के समीप नदी किनारे वेस्ट स्क्रैप फैंका जा रहा है।

    लोगों का कहना है के सिग्नेयोर मेडिपेक अपनी गाड़ी में भरकर वेस्ट स्क्रैप यहां लाकर नदी के किनारे फेंक रही है। दिन में वेस्ट फेंकने के बाद रात के समय वेस्ट को आग लगा दी जाती है। मानकपुर नदी के किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं और हवा चलने पर यह सारा कचरा इधर-उधर फैलता है।

    वहीं आग लगाने के चलते यह कचरा सुलगता रहता है और इस कचरे से दिन रात धुआं उठता है। स्थानीय लोगों नरेश चौहान, संदीप कुमार, बलबीर सिंह, रवि चौधरी, मनदीप चौहान ने बताया के उद्योगों द्वारा मानकपुर, लोदीमाजरा ओर दवनी एरिया में सरेआम गंदगी फैलाई जा रही है।

    वहीं सिग्नेयोर मेडिपेक उद्योग द्वारा मुख्य गेट पर इनवायरमेंटल डाटा बोर्ड तक नहीं लगाया गया था। जबकि हर उद्योग को बोर्ड लगाकर उस पर विभागों, लेबर, प्रदूषण व अन्य जानकारी अपडेट करना जरूरी है। लेकिन सिग्नेयोर मेडिपेक के लिए शायद कोई नियम कानून मायने नहीं रखते।

    उद्योग के अंदर खड़ा पाया गया कूड़ा फेंकने वाला फोर व्हीलर
    लोगों की शिकायत के बाद जब मीडिया टीम ने कम्पनी का दौरा किया तो कूड़ा फेंकने वाला फोर व्हीलर नम्बर HP-93-5036 जिस पर कम्पनी का नाम लिखा था अंदर ही खड़ा मिला। इसी वाहन के माध्यम से किशनपुरा से कचरा भरकर मानकपुर नदी के किनारे फेंका गया।

    पेंचर हो गई थी गाड़ी

    इस बारे जब सिग्नेयोर मेडिपेक के प्रोडक्शन हेड सुंदर से पूछा गया तो उनका कहना था के गाड़ी पेंचर हो गई थी तो वहां खड़ी की गई थी। जब उन से पूछा गया के गाड़ी से तो कचरा उतारते हुए फ़ोटो मौजूद हैं तो उनकी जुबान लड़खड़ा गई और मिस्टर सुंदर कोई जवाब नहीं दे पाए।

    कम्पनी प्रबंधक बोले नो कमेंट

    सिग्नेयोर मेडिपेक द्वारा नदी के किनारे कूड़ा फेंकने को लेकर जब प्रबंधक मिस्टर नीरज से पूछा गया तो उनका कहना था नो कमेंट। कंपनी द्वारा प्रदूषण निमयों की धज्जियां उड़ाने की जवाबदेही किसकी है यह भी एक बड़ा सवाल है। आखिरकार कब तक पर्यावरण से खिलवाड़ पर ऐसे जवाब दिए जाते रहेंगे।

    ऐसे उद्योगों पर हो सख्त कार्रवाई

    इस बाबत पर्यावरण संस्था हिमाचल क्लीन एंड सेव इनवायरमेंट सोसायटी के अध्यक्ष विजय चंदेल कहना है कि ऐसे उद्योगों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। संस्था ने कहा के सिग्नेयोर मेडिपेक उद्योग की शिकायत प्रदेश सरकार और एनजीटी को भी भेजी जाएगी।

    पर्यावरण से खिलवाड़ करने वाले उद्योगों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। संस्था ने प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड बद्दी के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। संस्था का कहना है कि प्रदूषण विभाग की नाक तले उद्योग खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं और विभाग नींद में है।

    उधर, अनिल जोशी मेंबर सेक्रेटरी पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड शिमला ने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड बद्दी के अधिकारियों को जांच और तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। पर्यावरण से खिलवाड़ और नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।

  • बद्दी की कंपनी के यार्ड में रखे कबाड़ में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

    बद्दी की कंपनी के यार्ड में रखे कबाड़ में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

    HNN/ बद्दी

    जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के थाना गांव में एम राउफ एंटरप्राइजेज कंपनी के यार्ड में रखे कबाड़ में भीषण आग लग गई। हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। आग से कंपनी को लाखों के नुकसान का अनुमान है।

    जानकारी के मुताबिक, थाना गांव में एम राउफ एंटरप्राइजेज कंपनी है। इस कंपनी में प्लास्टिक दाना, प्लास्टिक के ड्रम, शैंपू व कैमिकल के ड्रम भी रखे हुए थे। इसके अलावा यहां पर पुरानी मशीनरी व कबाड़ रखा था। इस दौरान यहां अचानक ही आग लग गई। वहीं, कंपनी के पास अपना कोई फायर टेंडर नहीं था, जिससे आग फैल गई।

    सूचना मिलते ही बद्दी से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। उसके बाद आग को ज्यादा फैलता देख नालागढ़, भाटियां स्थित टीवीएस कंपनी, बिरला और वर्धमान कंपनी से भी फायर टेंडर बुलाए गए और चारों ओर से पानी डाल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

    कड़ी काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
    वहीं एएसपी अशोक वर्मा और बद्दी के थाना प्रभारी राकेश राय भी घटना स्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया।

  • स्माईलेक्स फार्मा की प्रोडक्ट मैन्युफेक्चरिंग परमिशन कैंसल

    स्माईलेक्स फार्मा की प्रोडक्ट मैन्युफेक्चरिंग परमिशन कैंसल

    जांच पूरी होने तक कंपनी की सदस्यता की निलंबित

    HNN/ बद्दी

    बद्दी की स्माईलेक्स फार्मा कंपनी पर कार्रवाई करते हुए राज्य दवा नियंत्रक ने कंपनी की सभी प्रोडक्ट मैन्युफेक्चरिंग परिमशन को कैंसल कर दिया है। राज्य दवा नियंत्रक ने मंगलवार देर शाम ये आदेश जारी किए।

    इसके जरिये राज्य दवा नियंत्रक प्राधिकरण ने जहां दवा निर्माण में नियमों की अवहेलना करने वाले दवा निर्माताओं को कड़ा सदेश दिया है, वहीं स्माईलेक्स पर भी शिकंजा कस दिया है।

    पंजाब पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स ने बीते सप्ताह नशीली दवाओं के कारोबार के सिलसिले में जब बायोजेनेटिक ड्रग प्राइवेट लिमिटेड की जांच की और पाया कि कुछ अरसे में ही कंपनी ने 20 करोड़ से अधिक अल्प्राजोलम टैबलेट का निर्माण किया था।

    जांच के दौरान ही बायोजेनेटिक ड्रग प्राइवेट लिमिटेड की सहयोगी फार्मा विनिर्माण कंपनी स्माइलेक्स फार्माकेम ड्रग इंडस्ट्रीज का पर्दाफाश हुआ। स्माइलेक्स फार्माकेम की जांच के बाद जब कंपनी परिसर की छानबीन की गई तो 47.32 लाख नशीले कैप्सूल और 725.5 किलोग्राम नशीले ट्रामाडोल पाउडर की जब्ती हुई।

    यही नहीं जांच में सामने आया कि स्माइलेक्स ने एक वर्ष के भीतर 6500 किलोग्राम नशीला ट्रामाडोल पाउडर खरीदा है। पंजाब एसटीएफ की जांच व कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद राज्य दवा नियंत्रक ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।

    लेकिन कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया जिस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मंगलवार को स्माईलेक्स फार्मा इंडस्ट्री के सभी ड्रग प्रोडक्ट लाइसेंस व परमिशन रद कर दी गई। राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने कहा कि स्माईलैक्स के सभी ड्रग मैन्युफेक्चरिंग प्रोडक्ट परमिशन को लाइसेंस अथॉरिटी द्वारा कैंसल कर दिया गया है।

    जांच पूरी होने तक कंपनी की सदस्यता की निलंबित

    हिमाचल दवा निर्माता संघ ने बायोजेनेटिक इग्स व स्माईलेक्स फार्मा कंपनी की सदस्यता निलंबित कर दी है।

    राज्य अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि जब तक जांच कार्य और नशा बेचने के गंभीर आरोपों से बायोजेटिक्स ड्रग्स प्राइवेट लिमिटेड और स्माइलेक्स फार्मा का प्रबंधन अपने आप को दोष मुक्त नहीं कर लेता, तब तक संघ उनकी प्राथमिक सदस्यता निलंबित करते है और सरकारी जांच का पूर्णतया समर्थन करते हैं।

    उन्होंने कहा कि हिमाचल दवा निर्माता संघ ने पिछले 5 दिनों से मेसर्स बायोजेनेटिक इग्स प्राइवेट लिमिटेड और स्माइलेक्स फार्मा कंपनियों पर की गई कार्रवाइयों का विस्तृत अध्ययन किया।

    हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोलर की ओर से जारी नोटिस समय और नारकोटिक्स ब्यूरो की ओर से की जा रही कारवाई को समझा। दोनों कंपनियों के प्रोमोटर एमबी गोयल से भी जानकारी ली।

  • वी आर स्कूल के तीन हजार बच्चों की जिंदगी पर हाई टेंशन वायर का खतरा

    वी आर स्कूल के तीन हजार बच्चों की जिंदगी पर हाई टेंशन वायर का खतरा

    नोटिस के बाद विद्युत विभाग ने पार्किंग एरिया को दिए सील करने के सख्त निर्देश

    HNN/ बद्दी

    औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत हाऊसिंग बोर्ड एरिया में स्थित वी आर पब्लिक स्कूल में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। वहीं इस लापरवाही के चलते स्कूल में पढ़ने वाले 3000 से अधिक छात्रों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा हो गया है। इस लापरवाही का खुलासा एक शिकायत के बाद हुआ है। शिकायत के अनुसार वी आर स्कूल के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन वायर के समीप भवन बना दिया गया है।

    भवन के साथ साथ पार्किंग एरिया के ऊपर से गुजरने वाली हाई टेंशन वायर किसी बड़े हादसे को न्यौता दे रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार स्कूल द्वारा इंडियन इलेक्ट्रिसिटी एक्ट के उलंघन किया जा रहा है और स्कूल भवन व पार्किंग एरिया हाई टेंशन वायर से उचित दूरी को पूरा नहीं करता।शिकायत के बाद विद्युत विभाग ने स्कूल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था पर स्कूल ने कोई तर्कसंगत जवाब नहीं दिया।

    जिसके बाद विद्युत विभाग ने जहां हाई टेंशन वायर के नीचे बने एक सिक्योरिटी रूम को हटवाया वहीं विभाग ने पार्किंग एरिया को सील रखने के निर्देश जारी किए हैं। नोटिस में विधुत विभाग ने यह भी सख्त निर्देश दिये हैं के हाई टेंशन लाइन के नीचे व आसपास न तो किसी स्कूल बस और न ही किसी वाहन को खड़ा किया जाए। वहीं इस एरिया में बच्चों को भी न आने दिया जाए।

    शिकायतकर्ता का यह भी कहना है के वी आर स्कूल का भवन व पार्किंग एरिया सीबीएसई ने मानकों के विपरीत है और मान्यता पर भी सवालिया निशान लगाता है। विद्युत विभाग ने दो टूक कहा है के भविष्य में अगर कोई हादसा होता है तो इसके लिए विधुत विभाग किसी भी तरह से ज़िम्मेदार नहीं होगा। ऐसे में वी आर स्कूल में पढ़ने वाले हजारों बच्चों की सुरक्षा राम भरोसे है और बच्चों पर हाई टेंशन वायर का खतरा मंडरा रहा है।

  • किराए के मकान से चिट्टा बरामद, दंपति सहित 4 गिरफ्तार

    किराए के मकान से चिट्टा बरामद, दंपति सहित 4 गिरफ्तार

    HNN/ बद्दी

    पुलिस थाना बद्दी के तहत वर्धमान चौक पर पुलिस की टीम ने चिट्टे के साथ दंपति सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार पुत्र प्रीतम चंद व पत्नी सपना शर्मा निवासी सासन रैंथल नादौन जिला हमीरपुर, मदन मोहन पुत्र प्रीतम चंद निवासी सासन रैंथल नादौन व अर्शद पुत्र चांद खान निवासी जजवानी भराड़ी तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

    पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि वर्धमान चौक के समीप किराए के मकान में नशे का कारोबार हो रहा है।

    सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने वहां दबिश दी और दंपति सहित 4 लोगों को 5.83 ग्राम चिट्टे सहित काबू किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया है और मामले की पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी राकेश रॉय ने मामले की पुष्टि की है।

  • लघु उद्योग भारती ने पंजाब व केंद्र सरकार को भेजा ज्ञापन

    लघु उद्योग भारती ने पंजाब व केंद्र सरकार को भेजा ज्ञापन

    ज्ञापन के माध्यम से उठाई पुलों व सड़कों को जल्द दुरुस्त करने की मांग

    HNN/ बद्दी

    लघु उद्योग भारती के प्रदेश ईकाई, बद्दी, बरोटीवाला व नालागढ़ चैप्टर ने जहां दभोटा पुल की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर पंजाब सरकार को ज्ञापन भेजा। वही संगठन ने केंद्र की मोदी सरकार, सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व नेशनल हाईवे अथॉरिटी को ज्ञापन भेजकर बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ को सड़कों व पुलों की अतिशीघ्र मरम्मत की गुहार लगाई।

    लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल, प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा, बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान, बरोटीवाला चैप्टर के अध्यक्ष अजय चौहान, नालागढ़ चैप्टर के अध्यक्ष समर सिंह चंदेल ने कहा के आज सड़कों और पुलों की खस्ता हालत की मार सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन झेल रहा है।

    अभी तक बद्दी टोल बेरियर पुल शुरू नहीं हो पाया। पिछली बरसात के चलते क्षतिग्रस्त हुआ दभोटा पुल हिमाचल और पंजाब सरकार के आपसी तालमेल न होने की वजह से दुरुस्त नहीं हो पाया। जबकि महादेव पुल भी बेंटिलेटर पर होने के चलते वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। आज पूरे बीबीएन की भाग्यरेखाएं व पुल अपनी जर्जर हालत पर आंसू बहा रहे हैं।

    जिसके चलते लघु उद्योग भारती ने दभोटा पुल की मरम्मत में पंजाब सरकार की तरफ से हो रही देरी को लेकर पंजाब सरकार व मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत मान को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से लघु उद्योग भारती ने दभोटा पुल को जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई।

    लघु उद्योग भारती के प्रदेश मीडिया प्रभारी ओम शर्मा ने बताया के संगठन ने उद्योगों के हस्ताक्षर करवाकर केंद्र की मोदी सरकार, परिवहन व सड़क मंत्री नितिन गडकरी व नेशनल हाईवे अथॉरिटी को ज्ञापन भेजकर बीबीएन के पुलों और सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की मांग उठाई है।

    लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल, प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा, बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान, बरोटीवाला चैप्टर के अध्यक्ष अजय चौहान, नालागढ़ चैप्टर के अध्यक्ष समर सिंह चंदेल ने बताया के संगठन के सभी 8 चैप्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द शिमला में नेशनल हाईवे अथॉरिटी व प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर सड़कों व पुलों की मरम्मत का मामला उठाएगा ओर इन्हें प्राथमिकता के आधार जल्द से जल्द दुरुस्त करने की मांग रखेगा।

  • गाड़ी से देसी शराब की 86 बोतलें बरामद, मामला दर्ज

    गाड़ी से देसी शराब की 86 बोतलें बरामद, मामला दर्ज

    HNN/ बद्दी

    जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए एक गाड़ी से 86 बोतल देसी शराब की बरामद की हैं।

    पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध शराब की सप्लाई कर रहा है।

    सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने शक के आधार पर एक गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया और तलाशी के दौरान 86 बोतल देसी अवैध शराब बरामद की। डीएसपी ब‌द्दी खजाना राम ने मामले की पुष्टि की है।

  • महिला ने ससुरालियों पर लगाया मारपीट का आरोप, मामला दर्ज

    महिला ने ससुरालियों पर लगाया मारपीट का आरोप, मामला दर्ज

    HNN/ बद्दी

    जिला सोलन के महिला थाना बद्दी के तहत हरिपुर संडोली में पति व ससुरालियों द्वारा महिला से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि 2018 में उसकी शादी संडोली निवासी एक युवक के साथ हुई थी।

    शादी के बाद से उसके ससुराल वालों ने उसे मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। 22 अप्रैल को भी उसके पति व ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद महिला ने तंग आकर इस बाबत महिला थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई।

    एएसपी ब‌द्दी अशोक वर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

  • लघु उद्योग भारती ने प्रदेश कार्यालय में मनाया संगठन का 30वां स्थापना दिवस

    लघु उद्योग भारती ने प्रदेश कार्यालय में मनाया संगठन का 30वां स्थापना दिवस

    गौरव खन्ना को लघु उद्योग भारती के प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की कमान

    HNN/ बद्दी

    देश के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन लघु उद्योग भारती ने हिमाचल प्रदेश ईकाई का 30वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया। संगठन के बद्दी स्थित प्रदेश कार्यालय में स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया।

    इस दौरान संगठन के पुराने व वरिष्ठ सदस्यों डॉक्टर विक्रम बिंदल, राजेश बंसल, विक्रम बिंदल, विनोद खन्ना, सतीश सेठी व स्वर्गीय केसी राजपूत के पौत्र कार्तिक को प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाला व बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान व अखिल मोहन अग्रवाल ने सम्मानित किया।

    वरिष्ठ सदस्य राजेश बंसल ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया के स्वर्गीय केसी राजपूत के प्रयासों से प्रदेश में लघु उद्योग भारती का पौधा लगाया गया था। 25 अप्रैल 1994 को 8 सदस्यों के समूह ने हिमाचल प्रदेश में लघु उद्योग भारती की नींव रखी।

    जबकि पुराने सदस्य विनोद खन्ना ने बताया के आज हिमाचल में लघु उद्योग भारती के 8 चैप्टर हैं और 1053 सदस्यों का कारवां संगठन के साथ चल रहा है। विनोद खन्ना ने कहा के लघु उद्योग भारती देश का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन है जो केंद्र व प्रदेशों में उद्योगों की लड़ाई लड़ता है।

    लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव व पुराने कार्यकर्ता विक्रम बिंदल ने अपने संबोधन में कहा के लघु उद्योग भारती केवल लघु व मध्यम उद्योगों का संगठन न होकर एक सामाजिक संगठन है जिसमें उद्यमियों के हितों से पहले राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखा गया है।

    उन्होंने कहा के आज युवाओं को रोजगार देने व देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में लघु उद्योगों का अहम योगदान है। बैठक को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाल ने संगठन को इस मुकाम तक पहुंचाने वाले पूर्व में रहे सभी अध्यक्षों व पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।

    उन्होंने कहा के आज लघु उद्योग भारती उद्योगों की समस्याओं को प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर उनके निराकरण में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा के वर्ष 2025 तक प्रदेश में 1500 से 2000 सदस्य संख्या करने का लक्ष्य प्रदेश ईकाई ने रखा है जिसमें प्रदेश के सभी 8 चैप्टर अपना योगदान देंगे।

    उन्होंने बताया के इस समय लघु उद्योग भारती 1053 मेंबर हैं जिसे बढ़कर 2000 किया जाएगा। उन्होंने संगठन की आगामी नीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की।
    बद्दी चैप्टर के अध्यक्ष राजीव चौहान ने सभी मेंबर उद्योगों से आग्रह किया के वह अपनी समस्याएं मेल व लिखित तौर पर संगठन के समक्ष रखें ताकि उनका हल करवाया जा सके।

    उन्होंने स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश मीडिया इंचार्ज ओम शर्मा ने बताया के इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हरबंस पटियाला व प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल की सहमति से बद्दी के युवा सीए गौरव खन्ना को प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सीए गौरव खन्ना संगठन का लेखाजोखा संभालने में सहयोग करेंगे।