Category: Baddi

  • 28 अप्रैल को यहां लगेगा निःशुल्क न्यूरोथैरेपी शिविर….

    28 अप्रैल को यहां लगेगा निःशुल्क न्यूरोथैरेपी शिविर….

    HNN/ बद्दी

    श्री दुर्गा माता मंदिर सेवा ट्रस्ट द्वारा हिमुडा कॉलोनी फेस 3 ब‌द्दी में स्थित दुर्गा माता मंदिर परिसर में 28 अप्रैल को निःशुल्क न्यूरोथैरेपी शिविर आयोजित किया जाएगा।

    मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व नगर परिषद ब‌द्दी के पार्षद कुलदीप सिंह लवाणा, चेयरमैन मोहनलाल व महामंत्री मनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य जांच के इच्छुक लोग रविवार को श्री दुर्गा माता मंदिर हिमुडा कॉलोनी फेस 3 बद्दी में पहुंचकर निःशुल्क इलाज करवाएं।

    इस कैंप में न्यूरोथैरेपी के डॉक्टर पाचनतंत्र, धरण, माइग्रेन, सर्वाइकल दर्द, बवासीर, त्वचा रोग, लकवा, स्लिप डिस्क, सोराइसिस व कमर दर्द आदि बीमारियों से पीड़ित रोगियों का निरीक्षण उपरांत इलाज करेंगे।

  • नंदिता बाली को मिला राष्ट्रीय साहित्य शिखर विद्श्री पुरस्कार

    नंदिता बाली को मिला राष्ट्रीय साहित्य शिखर विद्श्री पुरस्कार

    इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान संग्रहालय बालाघाट मध्यप्रदेश ने किया सम्मानित

    HNN/बद्दी

    सेवानिवृत्त प्राध्यापिका एवं विख्यात लेखिका नंदिता बाली को इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान, संग्रहालय बालाघाट मध्यप्रदेश द्वारा राष्ट्रीय साहित्य शिखर विद्श्री पुरस्कार से नवाजा गया है। वहीं इतिहास एवं पुरातत्व शोध संस्थान, संग्रहालय ने अपनी पत्रिका गंगोत्री में नंदिता बाली की कविता बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को प्रकाशित किया है।

    नंदिता बाली के नाम 40 राष्ट्रीय अवार्ड हैं और 2002 में मानवाधिकार में स्नातकोत्तर डिप्लोमा करने वाली वह प्रथम व एकमात्र हिमाचली महिला हैं। वहीं नंदिता बाली एकमात्र महिला हैं जिन्हें 21वीं सदी की महान महिला के रूप में वायोग्राफिकल सोसायटी यू.एस.ए. केलिफोर्निया ने चयनित किया और उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

    बद्दी के हाउसिंग बोर्ड में रहने वाली नंदिता बाली हिन्दी प्रवक्ता के पद से 2015 में सेवानिवृत्त हुईं और निरंतर लेखन व ऑनलाइन कवि सम्मेलनों में हिस्सा लेती आ रही हैं। नंदिता बाली ने बताया के चित्र लेखन, गद्य व पद्य विधा लेखन के अलावा उनकी रूचि कविता लेखन में रही है। लेखन ने उन्हें विश्वभर में पहचान दी और आज भी उनका लेखन व कवि सम्मेलनो के प्रति लगाव जारी है।

  • बद्दी के पास बिलांवाली में 2 उद्योगों में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

    बद्दी के पास बिलांवाली में 2 उद्योगों में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

    HNN/बद्दी

    हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के बिलांवाली में दो उद्योगों में आग लग गई। आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह साढ़े 7 बजे यह घटना पेश आई है। बिलांवाली स्थित गत्ता उद्योग नव पैकर में अचानक ही आग लग गई। आग लगने की खबर लगते ही नव पैकर के संचालक ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी। लेकिन जब तक विभाग की टीम वहां पहुंची तब तक साथ लगती दूसरी कंपनी प्रेम फायल में भी लगी हुई थी।

    दोनों कंपनियों के बाहर शैड में स्क्रैप में आग लगी थी। प्रेम पैकर में आग शैड से होते हुए कार्यालय तक पहुंच गई। हालांकि दोनों कंपिनयों में आग को मशीनरी, कच्चे माल व तैयार माल तक नहीं पहुंचने दिया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह से काबू पाया। आग से दोनों कंपनियों के शैड व वेस्ट मैटीरियल तथा एक कंपनी का ऑफिस जल गया।

    लीडिंग फायरमैन भीम सिंह ने बताया कि आग से दोनों कंपनियों में 50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। वहीं डीएसपी खजाना राम भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए मौके पर फोरैंसिंक टीम को भेजने की बात कही।

  • पुलिस ने अफीम के साथ दबोचा यूपी का युवक

    पुलिस ने अफीम के साथ दबोचा यूपी का युवक

    HNN/बद्दी

    जिला सोलन में बद्दी पुलिस की टीम ने यूपी के एक युवक को 516 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सोनू निवासी उत्तर प्रदेश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना बद्दी की टीम गश्त के दौरान सुराज माजरा के पास मौजूद थी। इस दौरान वहां पर एक व्यक्ति अपने हाथ में पॉलिथीन का लिफाफा उठाए हुए मौजूद था। पुलिस ने शक के आधार पर उक्त युवक आवाज लगाई तो वह पुलिस को देखकर ग्राऊंड की तरफ भागने लगा।

    जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे तुंरत ही काबू किया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके हवाले से 516 ग्राम अफीम बरामद हुई। मामले की पुष्टि एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने की है।

  • खेल मैदान में पंचायत प्रधान द्वारा जबरदस्ती लगाई जा रही इंटरलॉक टाइलें

    खेल मैदान में पंचायत प्रधान द्वारा जबरदस्ती लगाई जा रही इंटरलॉक टाइलें

    बाबा दशहरा पुरी युथ कल्ब किशनपुरा ने एसडीएम को सौंपी शिकायत

    HNN/बद्दी ओम

    दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशनपुरा में विकास इस कदर पागल हो चुका है कि अब खेल मैदान में भी इंटरलॉक टाइलें लगाई जा रही हैं। हैरानी तो इस बात की है कि यूथ कल्ब व युवाओं द्वारा विरोध के बावजूद भी पंचायत प्रधान द्वारा जबरदस्ती टाइलें लगाने का काम जारी है। जिसके बाद अब बाबा दशहरा पुरी यूथ कल्ब ने एसडीएम नालागढ़ को शिकायत सौंपकर काम बंद करवाने की गुहार लगाई है।

    यूथ कल्ब का कहना है कि किशनपुरा में एकमात्र खेल मैदान है जिसके चारों तरफ टाइलें लगाकर खेल मैदान को खराब किया जा रहा है। जानकारी देते हुए मेला राम सैनी, ललित सैनी, रवि सैनी, मघर सिंह, दीपू नेगी, हैप्पी सैनी, बलराम सैनी, गौतम नेगी, नरेश कुमार, वासुदेव चौधरी ने बताया कि यूथ कल्ब द्वारा बड़ी जदोजहद के बाद इस खेल मैदान का निर्माण करके इसे खेल विभाग द्वारा पंजीकृत करवाया गया।

    युवाओं द्वारा आपसी सहयोग से लाखों रुपये खर्च करके बनाये गए इस खेल मैदान को पंचायत द्वारा खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया के मैदान कि चारों तरफ टाइलें लगने से जहां खेल मैदान छोटा हो जाएगा। वहीं खिलाड़ियों को चोट लगने का भी खतरा है।

    जबकि खेल प्रशिक्षओं, अर्जुन अवार्डी डीएसपी अजय ठाकुर व खेल कोच संजीव ठाकुर का कहना है कि खेल मैदान कच्चे रखे जाते हैं ताकि कब्बडी, क्रिकेट व कुश्ती खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान परेशानी न हो और चोट लगने से भी बचा जा सके।

    युवक मंडल का आरोप है कि पहले ही पंचायत ने पूर्वी दिशा में चार दीवारी कर मैदान को छोटा कर दिया और अब इंटरलॉक टाइलें लगाकर मैदान को खराब किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत को लिखित गुहार लगाकर काम बंद करने की अपील की गई थी लेकिन पंचायत ने काम बंद नहीं किया।

    जिसके बाद अब यूथ कल्ब ने एसडीएम नालागढ़ से गुहार लगाकर काम बंद करने गुजारिश की है। इस बाबत एसडीएम नालागढ़ दिवांशु सिंगल ने बताया कि उन्होंने काम बंद करने के आदेश जारी कर सम्बंधित विभागों को जांच के आदेश दिए हैं।

  • खेल और व्यायाम ही नशे के खिलाफ लड़ने का एकमात्र हथियार- गुरमेल चौधरी

    खेल और व्यायाम ही नशे के खिलाफ लड़ने का एकमात्र हथियार- गुरमेल चौधरी

    जियोंग कैथल ने पट्टा महलोग को हराकर कब्बडी खिताब कब्जाया

    HNN/बद्दी

    दून हल्के की ग्राम पंचायत भागुड़ी के तहत शहीद नरेंद्र कुमार युवा मंडल बांध द्वारा एक दिवसीय कब्बडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि जिला भाजपा सचिव गुरमेल चौधरी ने शिरकत की, जबकि उनके साथ विशेषतौर पर दून भाजपा मंडलाध्यक्ष मान सिंह मेहता, युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर व गोपाल चौधरी उपस्थित रहे।

    जिला भाजपा सचिव गुरमेल चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा समय में खेल और व्यायाम ही नशे के खिलाफ लड़ने का एकमात्र हथियार है। उन्होंने कहा के आज युवा पीढ़ी चिट्टे और सिन्थेटिक नशों की गर्त में धंसकर बर्बादी को राह पर है। अगर युवा पीढ़ी को खेलों की तरफ नहीं मोड़ा गया तो आने वाली पीढ़ी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी।

    उन्होंने शहीद नरेंद्र कुमार युवा मंडल बांध की पूरी कमेटी की कब्बडी आयोजन के लिए सराहना करते हुए 5100 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। शहीद नरेंद्र कुमार युवा मंडल बांध के अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि एक दिवसीय कब्बडी प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में जियोंग कैथल की टीम ने पट्टा महलोग को हराकर कब्बडी कप अपने नाम करवाया।

  • प्राचीन हनुमान मंदिर झाड़माजरी में श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ

    प्राचीन हनुमान मंदिर झाड़माजरी में श्रीमद् भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ

    महिलाओं ने हर्षोल्लास से निकाली कलश यात्रा, जय श्रीराम के गूंजे जय उदघोष

    HNN/ बद्दी

    औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत झाड़माजरी स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में राम परिवार व बाबा विश्वकर्मा के स्थापना दिवस पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। 16 से 23 अप्रैल तक होने वाले इस आयोजन में विख्यात कथावाचक प्रदीप शास्त्री शाहपुर वाले भक्तों को कथा का रसपान करवाएंगे।

    23 अप्रैल को हनुमान जयंती के उपलक्ष्य पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा हनुमान मंदिर से शुरू होकर शिव मंदिर व शिवालिक नगर से होते हुए वापिस हनुमान मंदिर पहुंची।

    प्राचीन श्री हनुमान मंदिर सेवादल झाड़माजरी के हरबंस ठाकुर ने बताया के राम परिवार व बाबा विश्वकर्मा के स्थापना दिवस पर भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।

    23 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर हवन यज्ञ व कथा समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। हरबंस ठाकुर ने बीबीएन के लोगों से आग्रह किया के हनुमान मंदिर पहुंचकर कथा का रसपान कर पुण्य के भागी बने।

  • बद्दी पुलिस ने कार से बरामद की हरियाणा की शराब, मामला दर्ज

    बद्दी पुलिस ने कार से बरामद की हरियाणा की शराब, मामला दर्ज

    HNN/ बद्दी

    जिला सोलन की बद्दी पुलिस ने वार्ड तीन स्वराज माजरा में एक कार से हरियाणा की शराब पकड़ी है। पुलिस ने आरोपी कार चालक करण कुमार निवासी गांव नवां नगर हरियाणा के रूप में हुई है।

    पुलिस ने शराब को कब्जे में लेने के बाद करण कुमार के खिलाफ आबकारी एवं कराधान अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली कि करण कुमार एक कार में अवैध शराब लेकर आ रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर जब कार को जांच के लिए रुकवाया तो वाहन से शराब की चार पेटियां पकड़ी।

    जब पुलिस ने चालक से शराब से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह दिखाने में असमर्थ रहा। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।

  • राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए इस दिन होगा हिमाचल की टीम का चयन….

    राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए इस दिन होगा हिमाचल की टीम का चयन….

    HNN/ बद्दी

    हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ फेडरेशन कप-2024 (सीनियर) राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हिमाचल की कुश्ती टीम का चयन 14 अप्रैल को सतवीर हनुमान अखाड़ा बागबानिया, (बद्दी) में करेगा।

    अखाड़ा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि खिलाड़ी को आधार कार्ड, हिमाचली प्रमाणपत्र व जन्म प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। सभी प्रतिस्पर्धी 20 वर्ष और उससे अधिक आयु के होने चाहिए।

    जूनियर आयु वर्ग के 2004, 2005 और 2006 में जन्मे पहलवानों को भी भाग लेने की अनुमति है। हालांकि 18 और 19 वर्ष की आयु के पहलवानों को मेडिकल सर्टिफिकेट देना होगा।

  • हिमाचल में पति ने की पत्नी के प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

    हिमाचल में पति ने की पत्नी के प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

    HNN/ बद्दी

    जिला सोलन के पुलिस थाना बद्दी के तहत पति द्वारा अपनी पत्नी के प्रेमी की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नेम चंद (35) पुत्र नराता राम निवासी गांव जयनगर अर्की तहसील के रूप में की गई है।

    पुलिस ने वारदात के 2 घंटे बाद ही रविंद्र सहानी निवासी रघुनाथपुरी, जिला बैसाखी, बिहार को कालका हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक, नेम चंद संडोली में किराए के कमरे में रहता था। नेम चंद पिछले कई वर्षाें से यहां अनीता देवी पत्नी रविंद्र साहनी निवासी गांव रघुनाथपुरा तहसील इमादपुर जिला वैशाली बिहार के साथ लिव इन रिलेशन में रह रहा था।

    मंगलवार रात को अनीता देवी एक अलग कमरे में सोई हुई थी और उसका प्रेमी नेम चंद दूसरे कमरे में सोया हुआ था। रात के समय महिला का पति रविंद्र साहनी कमरे में आया और मौका देखकर सोए हुए नेम चंद पर तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

    सुबह जब रविंद्र साहनी की पत्नी उठी तो उसने अपने प्रेमी नेम चंद को बिस्तर पर खून से लथपथ पाया। जिसके बाद उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी। बता दें महिला पहले से शादीशुदा थी और उसका पति रविंद्र उससे अलग रहता था। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।