Category: Rajghar

  • सिरमौर के लोक कलाकारों ने दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में हिमाचल की झांकी से दिखाया शौर्य और संस्कृति

    सिरमौर के लोक कलाकारों ने दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में हिमाचल की झांकी से दिखाया शौर्य और संस्कृति

    आसरा संस्था के सुनील कुमार और किरण कुमारी ने राष्ट्रीय मंच पर वीर सैनिकों को समर्पित झांकी में भाग लिया

    राजगढ़

    सिरमौर जिले के आसरा संस्था के लोक कलाकारों सुनील कुमार और किरण कुमारी ने दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस के कर्तव्य पथ परेड में हिमाचल प्रदेश की झांकी में भाग लेकर राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की गौरवशाली पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

    झांकी को विशेष रूप से हिमाचल के वीर सैनिकों और उनके बलिदान को समर्पित किया गया। इसमें प्रदेश की समृद्ध सैन्य परंपरा और राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवंत रूप में दिखाया गया।

    सिरमौर के अलावा कुल्लू, चंबा और ऊना जिलों से भी दो-दो कलाकार इस झांकी में शामिल हुए। सुनील कुमार आल इंडिया रेडियो के ‘बी-हाई ग्रेड’ कलाकार हैं और वे वर्षों से आसरा संस्था के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।

    झांकी में हिमाचल प्रदेश के चार परमवीर चक्र विजेताओं और अन्य वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को प्रमुख रूप से चित्रित किया गया।

    झांकी की परिकल्पना एवं प्रस्तुति भाषा एवं संस्कृति विभाग की निदेशक रीमा कश्यप के निर्देशन और उपनिदेशक बिहारी लाल शर्मा की देखरेख में तैयार की गई। जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने कलाकारों का चयन किया, जिसे निदेशालय भाषा एवं संस्कृति विभाग ने अनुमोदित किया।

    पूर्व वर्षों में भी सिरमौर के लोक कलाकार गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुति देकर प्रदेश का नाम रौशन कर चुके हैं। गत वर्ष आसरा संस्था के कलाकारों ने सिंहटू नृत्य को पहली बार राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया था, जो ऐतिहासिक उपलब्धि रही।

    इस बार की सहभागिता न केवल सिरमौर, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लोक कलाकारों के लिए गर्व और सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने वाली रही।

  • माघी पर्व पर राजगढ़ में जीवंत रहीं पहाड़ी परंपराएं, तीन दिन चला सांस्कृतिक उत्सव

    माघी पर्व पर राजगढ़ में जीवंत रहीं पहाड़ी परंपराएं, तीन दिन चला सांस्कृतिक उत्सव

    मकर संक्रांति से जुड़ा माघी पर्व राजगढ़ क्षेत्र में तीन दिनों तक पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोक संस्कृति के साथ मनाया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण इलाकों में पर्व को लेकर खास उत्साह और धार्मिक आस्था देखने को मिली।

    सिरमौर/राजगढ़

    तीन दिन चला माघी पर्व का पारंपरिक आयोजन

    राजगढ़ क्षेत्र में माघी पर्व मकर संक्रांति से दो दिन पहले शुरू हो जाता है। पहले दिन डिमलाईंटी, दूसरे दिन सकलायन और तीसरे दिन माघ की साजी, जिसे बड़ी साजी भी कहा जाता है, का आयोजन किया जाता है। यह पर्व क्षेत्र की प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है।

    मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

    पर्व के दौरान क्षेत्र के देवी-देवताओं के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी रही। शाया स्थित शिरगुल देवता के प्राचीन मंदिर में विशेष भीड़ देखी गई, जहां लोगों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। माघ की साजी पर गांवों में कुल देवी-देवताओं के मंदिरों में पारंपरिक पूजा-अर्चना की जाती है।

    राजगढ़ की माघी की अलग पहचान

    स्थानीय परंपराओं के अनुसार राजगढ़ क्षेत्र में माघी पर्व की अपनी अलग पहचान है। यहां न तो लोहड़ी की तरह अलाव जलाने की परंपरा है और न ही तिल की रेवड़ी, गजक या मूंगफली की अग्नि पूजा की जाती है। दुल्ला भट्टी और सुंदरी मुंदरी की लोक गाथाएं भी यहां प्रचलित नहीं हैं।

    पारंपरिक व्यंजन और लोक आस्था

    डिमलाईंटी की रात आटे को गुड़ में पकाकर घी के साथ परोसा जाता है, जिसे स्थानीय बोली में आटा घींडणा कहा जाता है। यह गिरिपार क्षेत्र का प्रमुख पारंपरिक व्यंजन है और सर्द मौसम में इसका विशेष महत्व है। सकलायन के दिन चावल के आटे की अस्कलियां और कुछ घरों में सिडडू बनाए जाते हैं।

    वर्ष का अंतिम पर्व और क्षेत्रीय परंपरा

    स्थानीय लोगों के अनुसार हिंदू परंपरा में माघी पर्व को वर्ष का अंतिम पर्व माना जाता है, जबकि अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार यह वर्ष का पहला पर्व होता है। माघी पर्व के साथ ही दिन बड़े और रातें छोटी होने लगती हैं। गिरि नदी के दोनों ओर बसे सिरमौर और शिमला जिलों में वर्ष में चार बड़ी साजियां—बैसाखी, हरियाली, दिवाली और माघ की साजी—मनाने की परंपरा है।

  • सिरमौर में आबकारी व जुआ अधिनियम के तहत तीन अभियोग दर्ज, अवैध शराब व सट्टेबाजी पर कार्रवाई

    सिरमौर में आबकारी व जुआ अधिनियम के तहत तीन अभियोग दर्ज, अवैध शराब व सट्टेबाजी पर कार्रवाई

    अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई और जुए को बढ़ावा देने वाले व्यक्ति को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी मामलों में नियमानुसार जांच शुरू कर दी है।

    सिरमौर/नाहन

    राजगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के दो मामले दर्ज
    पुलिस थाना राजगढ़ में आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामलों में अभियोग दर्ज किए गए हैं। पहले मामले में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर योगेश शर्मा निवासी गांव देवठी, डाकघर रेडुघाटी, तहसील राजगढ़ के कब्जे से उसकी दुकान के साथ लगे शटर के अंदर बने स्टोर से 36 बोतल अवैध शराब मार्का संतरा नंबर-1 बरामद की। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

    चिकन शॉप के स्टोर से 48 बोतल अवैध शराब बरामद
    इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने भारत भूषण निवासी गांव चम्बीधार, डाकघर रेडुघाटी, तहसील राजगढ़ के चिकन शॉप से जुड़े स्टोर में रखे लकड़ी के बॉक्स से 48 बोतल अवैध शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ भी धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

    सदर नाहन थाना क्षेत्र में जुआ अधिनियम का मामला
    पुलिस थाना सदर नाहन में जुआ अधिनियम के तहत एक अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुरेंद्र सिंह निवासी मकान नंबर 103/13, मोहल्ला गोविंदगढ़, नाहन को खजुरना क्षेत्र में सड़क किनारे बने रेन शैल्टर के अंदर लोगों को दड़ा-सट्टा लगाने के लिए उकसाते हुए पकड़ा। आरोपी कथित तौर पर एक के बदले 80 रुपये मिलने का लालच दे रहा था। इस पर उसके खिलाफ धारा 13A-3-67 पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
    जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार और जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • लंबित विकास कार्य जल्द पूरे हों, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: रीना कश्यप

    लंबित विकास कार्य जल्द पूरे हों, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: रीना कश्यप

    पेयजल समस्या पर विधायक सख्त, अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

    राजगढ़

    एसडीएम कार्यालय राजगढ़ में शुक्रवार को पच्छाद विधायक रीना कश्यप की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजगढ़ उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों तथा लंबे समय से लंबित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

    विधायक रीना कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो विकास कार्य काफी समय से लंबित पड़े हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगली समीक्षा बैठक तक सभी लंबित कार्य पूरे होने चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    बैठक के दौरान विधायक ने क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल समस्या का विशेष रूप से संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में लोगों को पानी की गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए कि पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए तत्काल प्रभाव से ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

    विधायक ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

    इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने विधायक रीना कश्यप को पारंपरिक शॉर्ट टोपी पहनाकर सम्मानित किया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

  • सनौरा स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

    सनौरा स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

    राजगढ़।

    राजगढ़ ब्लॉक के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनौरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त उपनिदेशक शिक्षा (DEP) डॉ. सुमित्रा ठाकुर रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।मुख्य अतिथि डॉ. सुमित्रा ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह किसी भी शैक्षणिक संस्थान की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल उपलब्धियों का आईना होता है।

    उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान मिलता है, वहीं अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम में गत शैक्षणिक सत्र के दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

    इसके साथ ही खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 40 से 50 छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों ने जिला व राज्य स्तर पर योगा, बैडमिंटन और कबड्डी प्रतियोगिताओं में विद्यालय का नाम रोशन किया।

    इससे पूर्व विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नीतू चौहान ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

    उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और खेल उपलब्धियों की जानकारी दी।समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।

    कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त मुख्य अध्यापिका गायत्री देवी, पंचायत सचिव सनौरा रमादेवी, एसएमसी प्रधान भारत भूषण चौहान, पूर्व प्रधान मोहन सिंह ठाकुर, राजेश भंडारी, नेत्र ठाकुर, शिवलाल नित्टा, जगमोहन ठाकुर, नरेश ठाकुर, कैलाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    इसके अलावा एसएमसी सदस्य, शिक्षक, महिला मंडल, नवयुवक मंडल और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग समारोह में शामिल हुए।

  • काली मठ फाउंडेशन ने पलाशला स्कूल को लिया गोद, नवाजे गए मेधावी

    काली मठ फाउंडेशन ने पलाशला स्कूल को लिया गोद, नवाजे गए मेधावी

    राजगढ़,

    राजकीय प्राथमिक पाठशाला पलाशला (नजदीकी गिरी पुल) में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में काली मठ के पीठाधीश्वर एवं हिंदू तख्त के धर्माधीश स्वामी शरभेश्वरानंद भैरव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    समारोह के दौरान विद्यालय की विभागीय प्रभारी मनोरमा ठाकुर, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष हिमांशु वर्मा, शिक्षिका नीलम कुमार तथा ग्रामवासियों की ओर से विद्यालय को गोद लेने का प्रस्ताव रखा गया।

    प्रस्ताव को काली मठ फाउंडेशन द्वारा स्वीकार किया गया। विद्यालय को गोद लिए जाने की घोषणा से क्षेत्र में शिक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बना।

    मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक, भौतिक अथवा अन्य किसी भी प्रकार की आवश्यकता उत्पन्न होने पर काली मठ फाउंडेशन के माध्यम से सहयोग दिया जाएगा।

    उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि किसी विद्यार्थी को उच्च शिक्षा के लिए सहायता की आवश्यकता होगी, तो फाउंडेशन उसका सहयोग करेगा।
    इस अवसर पर काली मठ फाउंडेशन की ओर से विद्यालय प्रबंधन को सहयोग स्वरूप 11 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

    साथ ही विद्यालय की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आगे भी निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया गया।
    कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर नवाजा गया।

    विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
    समारोह में गुरु मां, काली मठ फाउंडेशन के उप सचिव नंदराम कश्यप, क्षेत्र के नंबरदार चेतराम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय को गोद लेने की पहल को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कदम बताया।

  • असफलताओं से हार नहीं मानी, तीसरे प्रयास में एचएएस टॉपर बनी मेघा कंवर

    असफलताओं से हार नहीं मानी, तीसरे प्रयास में एचएएस टॉपर बनी मेघा कंवर

    नाहन:
    कहते हैं कि सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन हालात में भी अपने लक्ष्य से नजर नहीं हटाते। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के छोटे से गांव खनीवड़ की मेघा सिंह कंवर ने इस कहावत को सच कर दिखाया है।

    किसान-बागवान परिवार से ताल्लुक रखने वाली मेघा ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा में प्रदेश टॉप कर यह साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के आगे कोई असफलता टिक नहीं सकती।
    मेघा का सफर आसान नहीं रहा। वर्ष 2023 में पहला प्रयास और 2024 में दूसरा प्रयास असफल रहा। इन असफलताओं ने उन्हें तोड़ा नहीं, बल्कि और मजबूत बनाया। मार्च 2025 में एलाइड सेवाओं की परीक्षा पास करने के बावजूद अंतिम चयन नहीं हो पाया, लेकिन मेघा का लक्ष्य स्पष्ट था—उन्हें प्रशासनिक अधिकारी ही बनना था।
    जून 2025 में तीसरी बार एचएएस परीक्षा दी और मंगलवार देर शाम घोषित परिणाम में मेघा प्रदेश की टॉपर बनकर उभरीं। यह सफलता केवल एक परीक्षा पास करने की नहीं, बल्कि लगातार संघर्ष और आत्मअनुशासन की जीत है।

    मेघा ने प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्कूल से प्राप्त की। छठी कक्षा में जवाहरलाल नेहरू नवोदय विद्यालय, नाहन में चयन हुआ। इसके बाद उन्होंने डॉ. वाईएस परमार वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) से बीएससी और एमएससी वानिकी की पढ़ाई की। वर्ष 2022 से उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी शुरू की।
    मेघा के पिता नरेंद्र ठाकुर किसान व बागवान हैं। माता अनीता ठाकुर गृहिणी हैं। भाई करण कंवर हिमाचल प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने मेघा को हर कदम पर समर्थन दिया।
    मेघा कहती हैं कि असफलता अंत नहीं होती, बल्कि यह खुद को बेहतर समझने का अवसर देती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर मेहनत को दिया।
    आज मेघा कंवर न केवल अपने परिवार और जिले का गौरव हैं, बल्कि उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो असफलता के बाद हार मान लेते हैं। उनका सफर यह सिखाता है कि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों, तो सफलता निश्चित है।

  • सिरमौर / राजगढ़ और पांवटा साहिब से दो मामलों में मादक पदार्थ बरामद , मामला दर्ज

    सिरमौर / राजगढ़ और पांवटा साहिब से दो मामलों में मादक पदार्थ बरामद , मामला दर्ज

    जिला सिरमौर में पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। इन मामलों में हेरोइन और भुक्की बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

    सिरमौर/राजगढ़/पांवटा साहिब

    डिटेक्शन सेल की नाकाबंदी में हेरोइन बरामद
    पुलिस उप-मंडल राजगढ़ की डिटेक्शन सेल टीम ने गिरिपुल क्षेत्र में गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन को जांच के लिए रोका। फल-सब्जी से लदे इस वाहन की तलाशी के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 1.48 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपियों की पहचान अंकुश और राकेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    पांवटा साहिब

    टायर पंचर की दुकान से भुक्की बेचने का खुलासा
    एसआईयू नाहन की पुलिस टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 1 किलो 426 ग्राम भुक्की बरामद की है। आरोपी की पहचान इमरान खान के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अपनी टायर पंचर की दुकान की आड़ में नशीले पदार्थ बेचने की गतिविधियों में संलिप्त बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

    आरोपियों से पूछताछ और जांच जारी
    पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचा जा सके।

  • पीएम श्री स्कूल राजगढ़ में मनाया गया राष्ट्रीय गणित दिवस, पोस्टर मेकिंग में धीरज और सृष्टि अव्वल​

    पीएम श्री स्कूल राजगढ़ में मनाया गया राष्ट्रीय गणित दिवस, पोस्टर मेकिंग में धीरज और सृष्टि अव्वल​

    महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन को किया याद; गणित को बताया विज्ञान का जन्मदाता और व्यापार का प्राण

    ​राजगढ़:

    पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजगढ़ में सोमवार को ‘यूथ एंड इको क्लब’ के सौजन्य से राष्ट्रीय गणित दिवस धूमधाम से मनाया गया। महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस को समर्पित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

    ​इस अवसर पर क्लब प्रभारी एवं गणित प्रवक्ता प्रवीण शर्मा ने बच्चों को गणित के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मातृभाषा के अलावा गणित ही एकमात्र ऐसा विषय है जिसका हमारे दैनिक जीवन में सबसे अधिक महत्व है।

    प्रवीण शर्मा ने गणित को ‘व्यापार का प्राण’ और ‘विज्ञान का जन्मदाता’ बताते हुए कहा कि यह विषय विद्यार्थियों के मानसिक विकास और उनकी बुद्धि को प्रखर बनाने में सहायक सिद्ध होता है।​

    दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में धीरज ने प्रथम, अदिति ने द्वितीय जबकि विशाल व आंचल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, जूनियर श्रेणी में सृष्टि पहले, हर्षिता दूसरे और मोहित तीसरे स्थान पर रहे।

    स्कूल प्रशासन ने विजेता छात्र-छात्राओं को उनकी बेहतरीन कलाकृति के लिए बधाई दी।

  • राजगढ़: 3703 बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, एसडीएम ने किया अभियान का शुभारंभ

    राजगढ़: 3703 बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, एसडीएम ने किया अभियान का शुभारंभ

    राजगढ़:

    स्वास्थ्य खंड राजगढ़ के तहत रविवार को शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के राष्ट्रव्यापी अभियान का आगाज किया गया। इस अभियान का शुभारंभ एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ में बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाकर किया।

    ​इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं ताकि इस बीमारी को जड़ से मिटाया जा सके।

    ​प्रभारी नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ डॉ. सिम्मी शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत क्षेत्र में कुल 4097 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी के चलते पहले ही दिन 3703 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जा चुकी हैं।

    ​खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिम्मी शर्मा ने जानकारी दी कि जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ पर खुराक लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें आगामी दिनों में घर-घर जाकर पोलियो की बूंदें पिलाएंगी।