Category: Rajghar

  • दुकान में चरस-भुक्की बेच रहा आरोपी गिरफ्तार

    दुकान में चरस-भुक्की बेच रहा आरोपी गिरफ्तार

    एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने की पुष्टि, आरोपी को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

    राजगढ़/नाहन:

    जिला सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के विरुद्ध अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को जारी रखते हुए राजगढ़ क्षेत्र में नशीले पदार्थों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस और भुक्की बरामद करने में सफलता हासिल की है।

    ​मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि शनिवार को पुलिस थाना राजगढ़ की टीम गश्त पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से पुख्ता जानकारी मिली कि राणाघाट निवासी विकास राणा, पुत्र नरेश कुमार, अपनी दुकान में मादक पदार्थ बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापा मारा।

    ​तलाशी के दौरान पुलिस ने विकास राणा के कब्जे से 546 ग्राम भुक्की और 472 ग्राम चरस बरामद की। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश हुए हैं।

    नशा तस्करों को एसपी की चेतावनी

    एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा माफिया के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस तस्करों के नेटवर्क को खंगाल रही है और इस मामले में आगामी तफ्तीश जारी है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का अवैध धंधा होता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।

  • राजगढ़ में नशा तस्करी पर कार्रवाई, दुकान से भुक्की व चरस बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

    राजगढ़ में नशा तस्करी पर कार्रवाई, दुकान से भुक्की व चरस बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

    राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नशा तस्करी से जुड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

    सिरमौर/राजगढ़

    गुप्त सूचना पर दुकान में की गई कार्रवाई
    पुलिस थाना राजगढ़ की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राणाघाट क्षेत्र में एक दुकान से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापा मारा।

    भुक्की और चरस बरामद
    तलाशी के दौरान आरोपी विकास राणा के कब्जे से 0.546 ग्राम भुक्की और 0.472 ग्राम चरस बरामद की गई। बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

    आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड मंजूर
    पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 21 दिसंबर को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

    नशे के खिलाफ अभियान जारी
    पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला सिरमौर में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

  • किसान का बेटा अभिषेक बना अग्निवीर, बिना कोचिंग कड़े संघर्ष से हासिल किया मुकाम

    किसान का बेटा अभिषेक बना अग्निवीर, बिना कोचिंग कड़े संघर्ष से हासिल किया मुकाम

    नाहन (राजगढ़):

    सिरमौर जिले के राजगढ़ ब्लॉक के तहत आने वाले दूरदराज गांव कूफर मटलोड़ी के युवा अभिषेक ने भारतीय सेना में बतौर अग्निवीर चयनित होकर समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एक साधारण और निर्धन परिवार से संबंध रखने वाले अभिषेक की इस सफलता से डिब्बर पंचायत में खुशी और गर्व का माहौल है। अभिषेक की इस उपलब्धि की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने बिना किसी बाहरी कोचिंग के, केवल अपने कड़े संघर्ष और स्वाध्याय के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

    ​अभिषेक के पिता राजू पेशे से किसान हैं और माता आशा गृहिणी हैं। साधारण परिवार होने के कारण माता-पिता कोचिंग का खर्च वहन करने में असमर्थ थे, लेकिन अभिषेक के मन में बचपन से ही वर्दी पहनने और मातृभूमि की सेवा करने का अटूट जज्बा था। अभिषेक ने वर्ष 2023 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला बांगी से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। उन्होंने बताया कि यह सफलता उन्हें दूसरे प्रयास में मिली है। अग्निवीर बनने की कठिन परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने यूट्यूब और सहायक पुस्तकों का सहारा लिया और घर पर ही दिन-रात कड़ी मेहनत की।

    ​अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय अभिषेक ने अपने माता-पिता और बुआ रूपना हितेषी को दिया है, जिनकी प्रेरणा और आशीर्वाद ने उन्हें हर कठिन मोड़ पर संबल प्रदान किया। अभिषेक ने क्षेत्र के अन्य युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि युवा किसी एक लक्ष्य को निर्धारित कर सच्ची लगन और मेहनत के साथ प्रयास करें, तो संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनती और सफलता एक दिन अवश्य कदम चूमती है। अभिषेक के अग्निवीर बनने पर स्थानीय पंचायत और ग्रामीणों ने उनके घर पहुँचकर परिजनों को बधाई दी है।

  • राजगढ़ में नाके पर पिकअप से 161 टीन बिरोजा बरामद, बिना परमिट ले जाते दो युवकों पर केस दर्ज

    राजगढ़ में नाके पर पिकअप से 161 टीन बिरोजा बरामद, बिना परमिट ले जाते दो युवकों पर केस दर्ज

    रात्री नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप को जांच के लिए रोका, जहां भीतर बड़ी मात्रा में बिरोजा (राल) लदा मिला। दस्तावेज न दिखा पाने पर पुलिस ने वाहन जब्त कर दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

    राजगढ़ (सिरमौर)

    नाकाबंदी के दौरान पिकअप ने नाके से पहले रोका वाहन
    पुलिस थाना राजगढ़ की टीम 17 दिसंबर की रात पुलिस चौकी यशवंत नगर के बाहर नाकाबंदी ड्यूटी पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सनौरा की ओर से आई एक पिकअप नाके से कुछ पहले रुक गई, जिस पर पुलिस को शक हुआ और टीम वाहन के पास पहुंची।

    वाहन नंबर HP16A-4491, दो युवक मिले सवार
    जांच में पिकअप का नंबर HP16A-4491 पाया गया। वाहन में दो लोग बैठे थे, जिन्होंने अपनी पहचान अनिल (निवासी गांव बराड़, डाकघर रडुघाटी, तहसील राजगढ़) और जतिन (निवासी गांव शिलांजी, डाकघर रडुघाटी, तहसील राजगढ़) के रूप में बताई।

    घबराहट के बाद खुला मामला, 161 टीन बिरोजा मिला लोड
    पुलिस के अनुसार जब दोनों से वाहन में लदे सामान के बारे में पूछा गया तो वे घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें पिकअप के भीतर बिरोजा के कुल 161 टीन लोड पाए गए।

    पास-पर्मिट नहीं दिखा पाए, पुलिस ने दर्ज किया केस
    जब चालक से बिरोजा के परिवहन से संबंधित पास/परमिट मांगा गया तो वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद दोनों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में धारा 303(2), 3(5) BNS और वन अधिनियम की धारा 41, 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

    जांच जारी, दस्तावेजों की पड़ताल भी होगी
    पुलिस ने बताया कि प्रकरण में आगे जांच जारी है और यह भी देखा जाएगा कि बिरोजा कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

  • गायत्री पब्लिक स्कूल सनौरा में वार्षिक समारोह की धूम

    गायत्री पब्लिक स्कूल सनौरा में वार्षिक समारोह की धूम

    विनय भगनाल ने मेधावियों को नवाज़ा, नशे के खिलाफ खेलों को बताया अचूक हथियार

    राजगढ़ : 

    पझौता घाटी के गायत्री पब्लिक स्कूल सनौरा (नौहरी) का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बेहद धूमधाम और सांस्कृतिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

    इस गरिमामयी समारोह में जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और अभिभावकों को संबोधित करते हुए विनय भगनाल ने बड़े ही भावुक शब्दों में कहा कि बच्चे साक्षात भगवान का रूप होते हैं और उनके भविष्य की नींव केवल शिक्षा से ही सुदृढ़ की जा सकती है।

    उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि आज के दौर में बच्चों को केवल साक्षर बनाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें बचपन से सुसंस्कारित बनाना पाठशाला और समाज के लिए एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि अच्छे संस्कार पाकर ही ये बच्चे कल देश और समाज के सच्चे एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे।

    उन्होंने स्कूल के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया और स्कूल प्रबंधन को अपने निजी खाते से 11,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।

    स्कूल के कार्यक्रम के उपरांत विनय भगनाल सीधे सेर जगास में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के मैदान में पहुंचे, जहाँ उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

    युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने वर्तमान समय में नशे की बढ़ती लत पर गहरा चिंतन व्यक्त किया। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अनिवार्य हैं क्योंकि खेलों से न केवल मानसिक और बौद्धिक विकास होता है बल्कि यह शारीरिक रूप से भी युवाओं को सक्षम बनाता है।

    उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रभक्त बनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के लिए निरंतर खेल आयोजनों का होना अति आवश्यक है। उन्होंने खेल आयोजकों की पीठ थपथपाई और इस भव्य क्रिकेट आयोजन के लिए अपने निजी खाते से 11,000 रुपये देने की घोषणा की।

    इस दौरान मुख्य अतिथि के साथ प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव मनीष भगनाल, जयप्रकाश, सुनील, कपिल, अरुण, नीरज, मनोज, संजय, रोहित और अन्य गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से उपस्थित रहे।

  • हिमाचल का “शौर्य” बनकर उभरा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पबियाना का छात्र शौर्य पंवार, हिमाचल के लिए जीता पहला कांस्य पदक

    हिमाचल का “शौर्य” बनकर उभरा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पबियाना का छात्र शौर्य पंवार, हिमाचल के लिए जीता पहला कांस्य पदक

    राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में शौर्य पंवार ने हिमाचल के लिए पहला कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

    राजगढ़

    राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पबियाना के शौर्य पंवार का ऐतिहासिक प्रदर्शन

    अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर 26 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 में आयोजित किये गए राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता की U-17 ताईक्वांडो प्रतिस्पर्धा में रा व मा पा पबियाना के छात्र शौर्य पंवार ने इतिहास रचते हुए इस प्रतियोगिता में काँस्य पदक अपने नाम किया है। ताईक्वांडो प्रतियोगिता में काँस्य जीतने वाला पबियाना का छात्र शौर्य पंवार हिमाचल का “शौर्य” बनकर उभरा है। आपको बता दें इस प्रतियोगिता में काँस्य पदक जीतने वाले व्यक्ति के रूप में पबियाना का यह छात्र हिमाचल का पहला छात्र बन गया है।

    विद्यालय के शारीरिक शिक्षक कमलेश ठाकुर ने साझा की पूरी जानकारी
    इस टीम को तैयार करने वाले विद्यालय के प्रवक्ता शारीरिक शिक्षक श्री कमलेश ठाकुर ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल की पूरी टीम में कुल 26 बच्चे गए थे, जिनमें हमारे एक ही विद्यालय के 5 बच्चों ने भाग लिया था, जो किसी भी विद्यालय के लिये गौरव की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के सभी बच्चों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसमें शौर्य पंवार ने 73 किलो वर्ग में हिमाचल के लिए पहला काँस्य पदक जीत कर हम सब को गौरवान्वित किया है।

    लगातार जीतकर पहुंचे सेमीफाइनल तक
    शौर्य ने अपने पहले मुकाबले में नवोदय विद्यालय संगठन के, दूसरे मुकाबले में उड़ीसा तथा तीसरे लगातार मुकाबले में महाराष्ट्र के छात्र को हरा कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल के इस मुकाबले में हरियाणा के छात्र ने यदि शौर्य को न रोका होता तो यकीनन नजारा कुछ और होता।

    विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत, टीम को मिली बधाइयाँ
    विद्यालय वापिस पहुंचने पर समस्त विद्यालय परिवार ने कमलेश ठाकुर तथा उनकी पूरी टीम का भव्य स्वागत किया, उन्हें बधाई दी तथा विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने के लिये धन्यवाद भी किया।

    प्रधानाचार्या कांता चौहान का संदेश—यह सफलता वर्षों की मेहनत का परिणाम
    स्कूल प्रधानाचार्या श्रीमती कांता चौहान ने इस उपलब्धि पर कमलेश ठाकुर तथा समस्त टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक या दो दिन की मेहनत नहीं है बल्कि लगातार पिछले वर्षों की कठोर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने यह भी बताया कि कमलेश ठाकुर हर बार ताईक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय से बच्चों को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाते रहे हैं, जो कि हम सभी के लिये गौरव की बात है।

    बच्चों को खेलों में आगे आने का आवाहन
    प्रधानाचार्या ने विद्यालय के अन्य बच्चों का भी आह्वान किया कि सभी बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए क्योंकि जहाँ खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है, वहीं दूसरी ओर रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो सकते हैं।

  • राजकीय महाविद्यालय पझौता में सड़क सुरक्षा रैली, वाहन चालकों को किया जागरूक​

    राजकीय महाविद्यालय पझौता में सड़क सुरक्षा रैली, वाहन चालकों को किया जागरूक​

    प्राचार्या ने दिखाई हरी झंडी; छात्रा गुंजन शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों पर किया संबोधित

    ​राजगढ़

    राजकीय महाविद्यालय पझौता में वीरवार को सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वाधान में एक महत्वपूर्ण सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर श्लेच कैंची तक निकाली गई।​रैली को महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर शिवानी शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

    इस अवसर पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का हृदय पूर्वक पालन करने की अपील की।​

    दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों से कराया अवगत:

    रैली सड़क सुरक्षा जागरूकता नारों से पूरे क्षेत्र को उद्घोषित करती हुई श्लेच कैंची में एकत्र हुई। वहाँ रैली को बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा गुंजन शर्मा ने संबोधित किया। अपने संबोधन में गुंजन ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों, पास से गुजरते वाहन चालकों और अन्य उपस्थित सामान्य जनों को सड़क दुर्घटनाओं की भयानक वस्तु स्थिति से अवगत करवाया।​

    गुंजन शर्मा ने यातायात नियमों के उल्लंघन और दुर्घटनाओं की आवृत्ति के अंतर संबंध को उल्लेखित करते हुए समाज पर दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों और नुकसानों से सभी को अवगत कराया।​उद्बोधन के उपरांत, विद्यार्थियों ने गुजर रहे वाहन चालकों को पत्रक वितरित करके यातायात नियमों की अनुपालना हेतु जागरूक किया।

    रैली वापस महाविद्यालय परिसर पहुंचकर एकत्र हुई।​इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर शिवानी शर्मा ने सड़क सुरक्षा क्लब को कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु बधाई दी। इस दौरान समस्त शैक्षिक और गैर शैक्षिक स्टाफ उपस्थित रहा और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

  • पझौता महाविद्यालय की पीटीए कार्यकारिणी में सत्यपाल सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए, सत्र 2025–26 के लिए नई टीम का गठन

    पझौता महाविद्यालय की पीटीए कार्यकारिणी में सत्यपाल सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए, सत्र 2025–26 के लिए नई टीम का गठन

    राजकीय महाविद्यालय पझौता में अभिभावक–अध्यापक संघ (पीटीए) की आम सभा में सत्र 2025–26 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। भारी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर सत्यपाल को चुना।

    राजगढ़

    अभिभावक–अध्यापक संघ की आम सभा में नई कार्यकारिणी का चुनाव
    पझौता महाविद्यालय परिसर में आयोजित पीटीए की आम सभा में सत्र 2025–26 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने अभिभावकों का स्वागत किया और महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद पिछले सत्र की कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से भंग कर नई टीम चुनने की प्रक्रिया शुरू हुई।

    सत्यपाल अध्यक्ष, यशपाल उपाध्यक्ष, प्रो. विजेंद्र सिंह सचिव बने
    चुनाव प्रक्रिया में सत्यपाल को सर्वसम्मति से पीटीए अध्यक्ष चुना गया। वहीं यशपाल उपाध्यक्ष, प्रोफेसर विजेंद्र सिंह सचिव, पूनम देवी सह–सचिव तथा सुरेश कुमार को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके अलावा सुभाष ठाकुर, राजेश ठाकुर और अमर सिंह ठाकुर को सलाहकार चुना गया, जबकि अन्य अभिभावकों को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।

    प्राचार्या ने दी बधाई, भविष्य के लिए सहयोग का आह्वान
    नई कार्यकारिणी के गठन के बाद प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और संस्थान की भावी चुनौतियों को साझा करते हुए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    स्टाफ ने अभिभावकों से की अनौपचारिक चर्चा
    महाविद्यालय के कार्यालय अधीक्षक सुभाष अत्री ने स्थानीय स्तर पर अभिभावकों व निवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में जलपान के दौरान स्टाफ और अभिभावकों ने अनौपचारिक रूप से संवाद स्थापित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

  • पझौता महाविद्यालय में अंग्रेज़ी विभाग की साहित्यिक प्रतियोगिताएँ, गुंजन शर्मा ने दो स्पर्धाओं में मारी बाजी

    पझौता महाविद्यालय में अंग्रेज़ी विभाग की साहित्यिक प्रतियोगिताएँ, गुंजन शर्मा ने दो स्पर्धाओं में मारी बाजी

    पझौता महाविद्यालय में अंग्रेज़ी विभाग द्वारा आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने भाषा कौशल और अभिव्यक्ति क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा गुंजन शर्मा ने दो प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

    राजगढ़

    अंग्रेज़ी विभाग ने बढ़ाया विद्यार्थियों का आत्मविश्वास
    राजकीय महाविद्यालय पझौता के अंग्रेज़ी विभाग ने विद्यार्थियों के भाषा कौशल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने हेतु वाचन, कविता वाचन और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    विशिष्ट उपस्थिति और निर्णायक मंडल की भूमिका
    कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्या शिवानी शर्मा मुख्य अतिथि और निर्णायक के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ प्रो. प्रकाश शर्मा, प्रो. विजेंद्र सिंह और प्रो. संतोष शर्मा ने भी निर्णायक के रूप में अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम के मेजबान और आयोजन अधिकारी अंग्रेज़ी विभाग के सहायक प्रोफेसर सौरभ ठाकुर रहे।

    गुंजन शर्मा का शानदार प्रदर्शन
    अंग्रेज़ी वाचन और कविता वाचन — दोनों प्रतियोगिताओं में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा गुंजन शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंग्रेज़ी वाचन में मुस्कान ने द्वितीय और सपना ने तृतीय स्थान हासिल किया। कविता वाचन में नेहा (द्वितीय) और स्मृति (तृतीय) स्थान पर रहीं।

    प्राचार्या का मार्गदर्शन और समापन
    प्राचार्या शिवानी शर्मा ने विद्यार्थियों को अंग्रेज़ी भाषा में प्रवीणता, आत्मविश्वास और प्रभावी संवाद कौशल विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। निर्णायक प्रो. संतोष शर्मा ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

  • राजगढ़ में पुलिस की कार्रवाई, दो अलग मामलों में चिट्टा बरामद कर आरोपियों पर कसा शिकंजा

    राजगढ़ में पुलिस की कार्रवाई, दो अलग मामलों में चिट्टा बरामद कर आरोपियों पर कसा शिकंजा

    दो अलग-अलग कार्रवाई में राजगढ़ पुलिस ने छोटी मात्रा में चिट्टा बरामद कर नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगे की जांच तेज कर दी है।

    राजगढ़ (सिरमौर)

    दो मामलों में चिट्टा बरामद, पुलिस की सख्त निगरानी जारी
    राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ लगातार जारी अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर चिट्टा बरामद कर कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई में डिटेक्शन सेल की टीम ने एक मोटरसाइकिल सवार को पकड़ा, जबकि दूसरी कार्रवाई में संदिग्ध व्यक्ति के भागने पर पुलिस ने उसे काबू कर उससे चिट्टा बरामद किया।

    पहला मामला: मोटरसाइकिल के हैंडल में छिपाया गया था चिट्टा
    डिटेक्शन सेल की टीम ने नेरी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की। इस दौरान पवियाना से राजगढ़ की ओर आ रहे एक युवक अखिल निवासी कनेच को रोका गया। उसकी मोटरसाइकिल HP16A-4824 की तलाशी लेने पर रीयर व्यू मिरर के हैंडल में रबर के अंदर से 0.94 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

    दूसरा मामला: संदिग्ध की हरकत पर पुलिस को हुआ शक, 0.72 ग्राम चिट्टा बरामद
    दूसरी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम गोयल मोटर नेरी के पास खड़ी गाड़ियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक अंधेरे में पैदल आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और किसी वस्तु को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने उसे काबू किया, जिसकी पहचान अजय कुमार निवासी राजगढ़ के रूप में हुई। फेंकी गई वस्तु की जांच करने पर सिगरेट की डिब्बी में 0.72 ग्राम चिट्टा मिला। उसके खिलाफ भी NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर नोटिस पर पाबंद किया गया।

    जांच जारी, पुलिस कर रही नेटवर्क की पुष्टि
    दोनों मामलों में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा आरोपियों तक कैसे पहुंचा और वे इसे कहां ले जाने या किसे बेचने की फिराक में थे। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान और अधिक सख्ती से जारी रहेगा।