Loading...

राजगढ़: 3703 बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, एसडीएम ने किया अभियान का शुभारंभ

Shailesh Saini • 21 Dec 2025 • 1 Min Read

राजगढ़:

स्वास्थ्य खंड राजगढ़ के तहत रविवार को शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के राष्ट्रव्यापी अभियान का आगाज किया गया। इस अभियान का शुभारंभ एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ में बच्चों को पोलियो की बूंदें पिलाकर किया।

​इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को हर बार पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं ताकि इस बीमारी को जड़ से मिटाया जा सके।

​प्रभारी नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ डॉ. सिम्मी शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत क्षेत्र में कुल 4097 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी के चलते पहले ही दिन 3703 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जा चुकी हैं।

​खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिम्मी शर्मा ने जानकारी दी कि जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ पर खुराक लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमें आगामी दिनों में घर-घर जाकर पोलियो की बूंदें पिलाएंगी।