Category: SHILLAI

  • विदेश भेजने के नाम पर सिरमौर युवक से धोखाधड़ी, म्यांमार में जबरन साइबर अपराध में फंसाया गया

    विदेश भेजने के नाम पर सिरमौर युवक से धोखाधड़ी, म्यांमार में जबरन साइबर अपराध में फंसाया गया

    सिरमौर के एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर म्यांमार में जबरन साइबर अपराध से जुड़े अवैध कार्यों में धकेल दिया गया। युवक के भारत लौटने के बाद शिलाई थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    नाहन

    विदेश नौकरी का झांसा देकर की गई ठगी

    शिलाई क्षेत्र के कांड़ो गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक एजेंट ने उससे 70 हजार रुपये लेकर थाईलैंड भेजा और बाद में अवैध रूप से म्यांमार सीमा पार करवाई। वहां उसे जबरन साइबर अपराध से जुड़े कार्यों में शामिल किया गया।

    अवैध गतिविधियों के लिए बनाया दबाव

    पीड़ित के अनुसार कंपनी ने फर्जी पहचान बनाकर उसे विदेशी नागरिकों से चैट और एआई तकनीक के जरिए अश्लील लाइव वीडियो कॉल करने को मजबूर किया। भारत लौटने की मांग करने पर अतिरिक्त धन की मांग भी की गई।

    रेस्क्यू के बाद भारत वापसी

    कुछ समय बाद थाईलैंड की सेना द्वारा युवक को रेस्क्यू किया गया और अवैध प्रवेश के आरोप में उसे कुछ दिन जेल में रखा गया। बाद में भारतीय दूतावास की सहायता से उसे सुरक्षित भारत लाया गया।

    पुलिस जांच में जुटी

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिलाई थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विदेश में नौकरी के नाम पर अनधिकृत एजेंटों के झांसे में न आएं।

  • उपनिदेशक एलिमेंट्री ने शिलाई के राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला अधोग का किया औचक निरीक्षण

    उपनिदेशक एलिमेंट्री ने शिलाई के राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला अधोग का किया औचक निरीक्षण

    शिलाई की अधोग पाठशाला में उपनिदेशक एलिमेंट्री ने शैक्षणिक, प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में विद्यालय की गतिविधियां, उपस्थिति और सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं।

    शिलाई

    औचक निरीक्षण में मिली व्यवस्थित शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था

    राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला अधोग (शिक्षा खंड स्टाउन, शिलाई विधानसभा क्षेत्र) का शनिवार को उपनिदेशक एलिमेंट्री राजीव ठाकुर द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। यह पाठशाला पिछड़ी पंचायत कठवाड़ के अंतर्गत आती है।

    स्वास्थ्य जांच, समिति गठन और रिकॉर्ड व्यवस्था की समीक्षा
    निरीक्षण के दौरान, उपनिदेशक ने पाया कि विद्यालय में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने यह भी जांचा कि सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा अक्टूबर 2025 में हेल्थ चेकअप पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, पाठशाला में यौन शोषण समिति का विधिवत गठन किया गया है, जिसकी बैठकें महीनेवार आयोजित की जा रही हैं।

    आपदा प्रबंधन योजना और अनुदानों के उपयोग की जांच
    निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में आपदा प्रबंधन हेतु योजना तैयार की जा रही है और इसका रिकॉर्ड रजिस्टर भी उपलब्ध पाया गया। 2024-25 के दौरान समग्र शिक्षा के तहत प्राप्त अनुदान राशियों का उपयोग उचित ढंग से किया गया है। यूथ एंड इको क्लब के अंतर्गत भी बच्चों के लिए गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित हो रही हैं।

    उपस्थिति और विद्यालय सुविधाएं संतोषजनक
    विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई; प्राथमिक पाठशाला में 26 में से 20 और माध्यमिक पाठशाला में 29 में से 24 विद्यार्थी उपस्थित थे। शौचालयों में सफाई की व्यवस्था भी अच्छी थी और दोनों पाठशालाओं के लिए पर्याप्त भवन उपलब्ध हैं।

    अध्यापकों को साझा संसाधनों के उपयोग के निर्देश
    निरीक्षण के बाद, उपनिदेशक ने दोनों पाठशालाओं के अध्यापकों के साथ एक संयुक्त बैठक ली। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे आपस में मिलजुलकर अपने सभी संसाधनों का प्रयोग करें, खासकर आईसीटी डिवाइसेज (ICT Devices) और लाइब्रेरी बुक्स को बच्चों के साथ साझा करें। वर्तमान में, दोनों पाठशालाओं के विद्यार्थियों के लिए एक ही रसोई घर में संयुक्त रूप से भोजन बनता है, प्रार्थना सभा भी एक साथ होती है, और खेल का मैदान भी संयुक्त रूप से इस्तेमाल किया जाता है।

    आपदा प्रबंधन योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश
    उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने पाठशाला प्रभारी को यह भी निर्देश दिए कि वे विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना को शीघ्र अंतिम रूप दें और स्वास्थ्य विभाग से ‘तंबाकू मुक्त विद्यालय’ प्रमाण पत्र भी प्राप्त करें।

    Alternative Hindi Title 1

  • शिलाई पुलिस ने गश्त के दौरान चरस बरामद कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    शिलाई पुलिस ने गश्त के दौरान चरस बरामद कर एक आरोपी को किया गिरफ्तार

    शिलाई बाजार में पुलिस की सतर्क कार्रवाई के दौरान 137 ग्राम चरस बरामद की गई। गुप्त सूचना पर की गई तलाशी में आरोपी के बैग से प्रतिबंधित पदार्थ मिलने पर उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

    शिलाई

    गुप्त सूचना पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
    पुलिस थाना शिलाई की टीम 4 दिसंबर को बस स्टैंड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि भीन्दर सिंह, निवासी पंदोग, अपने बैग में चरस लेकर घूम रहा है और इसे बेचने की फिराक में है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसे मौके पर काबू किया।

    आरोपी के बैग से 137 ग्राम चरस बरामद
    तलाशी के दौरान बैग से 137 ग्राम चरस मिली, जिसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    रिमांड पर लेकर नेटवर्क की जांच करेगी पुलिस
    पुलिस ने आरोपी का रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चरस कहां से लाई गई थी और इस अवैध गतिविधि में अन्य कौन लोग शामिल हैं। जांच जारी है।

  • सिरमौर:गौशाला में आग लगने से 60 मवेशी जिंदा जले,9 लाख का नुकसान

    सिरमौर:गौशाला में आग लगने से 60 मवेशी जिंदा जले,9 लाख का नुकसान

    शिलाई विधानसभा क्षेत्र के खाड़ी गांव की घटना, प्रशासन ने दी फौरी राहत

    नाहन।

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खाड़ी गांव में देर रात एक ह्रदय विदारक हादसा सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की गौशाला भीषण आग की चपेट में आ गई।

    इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 60 मवेशी जिंदा जल गए, जबकि दो गाय बुरी तरह से झुलस गईं। पशुपालक लायक राम पुत्र सामी को इस हादसे में अनुमानित ₹9 लाख का भारी नुकसान हुआ है।

    ​यह घटना खाड़ी गांव में लायक राम के घर से थोड़ी दूरी पर स्थित दो गौशालाओं में रात करीब 2 बजे सामने आई। आग इतनी तेजी से फैली कि लकड़ी और चादर से बनी दोनों गौशालाएं देखते ही देखते पूरी तरह से आग की लपटों में समा गईं। लायक राम द्वारा स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद, अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया।

    ​निरीक्षण में पाया गया कि गौशाला के भीतर मौजूद 35 बकरियां, 20 बकरे और 5 मेमने मौके पर ही जलकर मर गए। इसके अतिरिक्त, दो जर्सी गाय आग में बुरी तरह झुलसने के कारण अधमरी हालत में पहुंच गईं।

    इस हादसे में बकरे और बकरियों की अनुमानित कीमत लगभग ₹8 लाख और गौशाला की अनुमानित कीमत ₹1 लाख आंकी गई है।

    ​शिलाई के एसडीएम जसवाल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लायक राम को प्रशासन की तरफ से ₹10 हज़ार की फौरी राहत तत्काल प्रदान की गई है। एसडीएम ने बताया कि पीड़ित को आगामी सरकारी राहत प्रदान करने के लिए जल्द ही केस बनाकर सरकार को भेजा जा रहा है।

  • चरस की बड़ी खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

    चरस की बड़ी खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

    सिरमौर पुलिस ने शिलाई में ‘मादक नेटवर्क’ पर किया वार

    ​हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिलाई (सिरमौर)।

    सिरमौर पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष जाँच इकाई (SIU) टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए दो युवकों को 712 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों दबोचा है।

    ​पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, SIU की टीम को मिली सटीक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, टीम ने गांव मिल्ला दोराहा (Milla Bifurcation) के पास घेराबंदी की। यहाँ तलाशी के लिए रोके गए दो युवकों के कब्जे से चरस की यह बड़ी खेप बरामद की गई।

    ​पकड़े गए आरोपियों की पहचान, शिलाई निवासी अनिल कुमार (37) और अच्छोटी निवासी आशु वर्मा उर्फ अंकू (21) के रूप में हुई है।

    ​डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने इस संबंध में बताया कि दोनों आरोपियों को ND&PS एक्ट के तहत तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि दोनों को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस गहन पूछताछ शुरू कर रही है। पुलिस का मुख्य लक्ष्य अब इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचना और मादक पदार्थों की पूरी सप्लाई चेन का भंडाफोड़ करना है।

    ​पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को क्षेत्र में पनपते नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

  • शिलाई में अनोखी शादी: कलोग गांव के दो जोड़ों ने वैदिक मंत्रों के बजाय ‘संविधान’ को साक्षी मानकर लिए सात वचन

    शिलाई में अनोखी शादी: कलोग गांव के दो जोड़ों ने वैदिक मंत्रों के बजाय ‘संविधान’ को साक्षी मानकर लिए सात वचन

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन/शिलाई (सिरमौर)।

    हिमाचल प्रदेश का सिरमौर जिला, विशेष रूप से शिलाई विधानसभा क्षेत्र, एक बार फिर अपने प्रगतिशील और अनूठे सामाजिक संदेश के कारण देश भर में चर्चा का विषय बन गया है। कुछ महीने पहले ‘हाटी’ समुदाय की ‘जोड़ीदार प्रथा’ (बहुपति विवाह) के तहत दो सगे भाइयों के एक ही युवती से विवाह ने सुर्खियां बटोरी थीं, वहीं अब इसी क्षेत्र में बिना पंडित और बिना वैदिक मंत्रों के संविधान को साक्षी मानकर एक अनोखा विवाह संपन्न हुआ है।

    यह अनोखी शादी सिरमौर जिले की नैनीधार पंचायत के कलोग गांव में केदार सिंह के परिवार द्वारा आयोजित की गई। इस विवाह समारोह ने धार्मिक रूढ़ियों को तोड़ते हुए संविधान और मानवता के मूल्यों को प्राथमिकता दी।

    संविधान निर्माता की तस्वीर वाले कार्ड पर निमंत्रण:

    केदार सिंह के सुपुत्र सुनील कुमार का विवाह रोनहाट उप तहसील के लानी बोराड के कटाही की रितु देवी के साथ हुआ, जबकि उनके दूसरे सुपुत्र विनोद कुमार का विवाह शिलाई तहसील के नाया की रीना वर्मा के साथ संपन्न हुआ। इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि आमंत्रण पत्र (शादी का कार्ड) पर भी एक तरफ महात्मा बुद्ध और दूसरी तरफ संविधान निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर की तस्वीर दर्शाई गई थी, जो परिवार द्वारा अपनाए गए बौद्ध धर्म और सामाजिक समानता के संदेश को स्पष्ट करता है।

    विवाह समारोह में नवविवाहित जोड़ों ने सात फेरों की जगह, संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को वर माला पहनाई और अपने नए जीवन की शपथ ली।

    नाहन डाइट के लेक्चरर एवं स्कूल प्रवक्ता संघ के अध्यक्ष डॉ. आईडी राही ने, जो इस समारोह के साक्षी बने, बताया कि शादी समारोह में संविधान की किताब को साक्षी माना गया। हालांकि, बाकी परंपराएं जैसे मामा का स्वागत और मेहंदी रस्म आम शादी की तरह ही निभाई गईं, लेकिन सात फेरे नहीं लिए गए। रविवार शाम दोनों भाई बारात लेकर घर पहुंचे।

    शिलाई विधानसभा क्षेत्र में कुछ समय पहले बहुपति विवाह की परंपरा ने इसे राष्ट्रीय पटल पर लाया था, और अब कलोग गांव की यह शादी, जो सामाजिक समानता और आधुनिक सोच को दर्शाती है, ने इस क्षेत्र की अनूठी पहचान को एक बार फिर मजबूत किया है।

  • शिलाई के हलांह-नाया पंजोड़ में 1 करोड़ की लागत से 7 किलोमीटर लंबी सड़क का कार्य पूरा

    शिलाई के हलांह-नाया पंजोड़ में 1 करोड़ की लागत से 7 किलोमीटर लंबी सड़क का कार्य पूरा

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिलाई (सिरमौर)।

    हिमाचल के उद्योग मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के प्रयासों से शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। इसी क्रम में, हलांह और नाया पंजोड़ पंचायत के कुंवा कफेनू से एस सी बस्ती कोनला तक महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

    इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई है।यह सड़क लगभग 7 किलोमीटर लंबी है और दो पंचायतों के दर्जनों छोटे-छोटे गाँवों को सीधा कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व प्रधान यशपाल चौहान ने बताया कि यह सड़क उद्योग मंत्री के विशेष प्रयासों से बनाई गई है।

    इस नई सड़क के बनने से क्षेत्र के करीब 3000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आवाजाही और कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा होगी।यशपाल चौहान ने आगे कहा कि शिलाई क्षेत्र लगातार विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि, “हमारा मकसद शिलाई को विकास के मामले में नंबर 1 बनाना है और हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस दिशा में काम कर रहे हैं।इस सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।

    उनका मानना है कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से न केवल जीवन स्तर सुधरेगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और समावेशी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।

  • उद्योग मंत्री ने झकाण्डों में 52 लाख से नवनिर्मित पंचायत भवन की धरातल मंज़िल का किया लोकार्पण

    उद्योग मंत्री ने झकाण्डों में 52 लाख से नवनिर्मित पंचायत भवन की धरातल मंज़िल का किया लोकार्पण

    झकाण्डों में क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिलाई

    उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोज़गार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज
    शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झकाण्डों  में 1 करोड़ 14 लाख से निर्माणाधीन पंचायत भवन की 52 लाख से नवनिर्मित धरातल मंज़िल का लोकार्पण किया।

    जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने नवनिर्मित पंचायत भवन की धरातल मंज़िल के लिए बधाई देते हुए कहा कि जल्द ही इसकी दूसरी मंज़िल का निर्माण पूर्ण होगा।

    उद्योग मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाएँ मिले इसके लिए वह हमेशा प्रयासरत हैं।
    उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 30 हेल्थ सब सेंटर है जिनमें से केवल पाँच में ही स्टाफ़ मौजूद था परंतु आज 95% हेल्थ सेंटर में कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की गई है,अभी हाल ही में शिलाई विधानसभा क्षेत्र में आठ डॉक्टर भेजे गए।

    इसी प्रकार शिक्षा विभाग में लगभग दो सौ से अधिक जेबीटी तथा हर स्कूल में एक TGT आर्ट्स का अध्यापक नियुक्त किया गया है,
    इसी प्रकार हर स्कूल में टीजीटी मेडिकल या नॉन मेडिकल का पद भरने का प्रयास किया है।

    उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस सरकार की ही देन है। उन्होंने बताया कि इस कार्यकाल में अभी तक शिलाई विधान सभा क्षेत्र में  सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए बहुत सी योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया है।

    उन्होंने कहा कि विधान सभा क्षेत्र के हर इलाके का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसके मद्देनज़र लगभग 300 करोड़ से अधिक कि विकासात्मक योजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करवाया गया है, जिनका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा बजट प्रावधान के साथ ही विकास कार्य सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

    उद्योग मंत्री ने लिंकरोड़ जामली से खंड़कहा बाया देवनल शकोल, सतवाड़, लिंक रोड़ भगनाड़ी से गुन्दड़ा बन्दराह, लिक रोड़ धार‌वा से भटेवड़ी को आगे कऊटा ठेलेगू के साथ लिक करने बारे, लिंक रोड़ झकाण्डों इन लिंक रोडों के लिए जमीन की गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाने को कहा।

    पेयजल योजना बन्दराह से कऊटा, टेलेणू के लिए विभाग को प्रकरण बनाने के लिए कहा।
    उद्योग मंत्री गुगा मंदिर भटोड़ी के लिए दो लाख, सामुदायिक भवन भगनारी के लिए दो लाख, सराह व साझा प्रांगण शिरगुल मंदिर भगनाडी के लिए दो लाख, महिला मंडल झकाण्डों के लिए दो लाख, नव युवक मंडल झकाण्डों को एक लाख, महिला मंडल भटोड़ी के लिए दो लाख, महाशु मंदिर देवनल के लिए दो लाख देने की घोषणा की।

    इसके पश्चात उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने सामूहिक समस्याओं सहित व्यक्तिगत समस्याएं भी उनके समक्ष रखी। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के प्रतिनिधि मंडलों ने उद्योग मंत्री के समक्ष उनके क्षेत्र से संबंधित माँगें भी रखी।

    उद्योग मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान किया और शेष मांगे व समस्याएं जो स्थानीय स्तर की थीं उन्हें अधिकारियों को सौंप कर उनका समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा रखी गई माँगो को भी शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण किया जाएगा।

    इस दौरान अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, बीडीओ अभिषेक ठाकुर, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई प्रदीप चौहान, एसडीओ ब्लॉक सुरजीत चौधरी, एसडीओ लोक निर्माण अनिल तोमर, ओएसडी अत्तर राणा,

    मस्त राम प्राशर, हरी राम शास्त्री, जितेंद्र राणा, दिनेश सिंघटा, प्रधान झकाण्डों भादर सिंह, पूर्व बीडीसी चेयरमैन खजान सिंह, पूर्व प्रधान अत्तर सिंह चौहान, पूर्व प्रधान मंगल सिंह, नंबरदार जगत सिंह, संत राम शर्मा, तोता राम शर्मा, गुलाब सिंह, प्रताप सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

  • शिलाई: रोनहाट में शॉर्ट सर्किट से हादसा, करंट लगने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत

    शिलाई: रोनहाट में शॉर्ट सर्किट से हादसा, करंट लगने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ रोनहाट/शिलाई:

    जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के रोनहाट उपतहसील में बीती रात एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया, जिसमें करंट लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

    कपड़ों पर प्रेस (आयरन) करते समय तार शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह घटना हुई।
    मिली जानकारी के अनुसार, कफोटी गाँव (उपतहसील रोनहाट) के 49 वर्षीय फकीरचंद पुत्र कालिया गुरुवार देर रात प्रेस लगा रहे थे।

    इसी दौरान प्रेस की तार में शॉर्ट सर्किट हुआ और फकीरचंद को ज़ोरदार करंट का झटका लगा। घटना के बाद, गंभीर हालत में उन्हें परिजन तत्काल शिलाई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

    शिलाई अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शुक्रवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

    उधर, शिलाई के एसडीएम जसपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से 25 हज़ार रुपये की तत्काल राहत राशि जारी कर दी गई है। यह दुखद घटना क्षेत्र में बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

  • शिलाई में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 16 पदों के लिए साक्षात्कार छह नवंबर को

    शिलाई में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के 16 पदों के लिए साक्षात्कार छह नवंबर को

    बाल विकास परियोजना शिलाई के तहत संचालित 16 आंगनबाड़ी केंद्रों में सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

    शिलाई

    27 अक्तूबर तक जमा होंगे आवेदन
    बाल विकास परियोजना अधिकारी शिलाई ने बताया कि इच्छुक महिला अभ्यर्थी सादे कागज पर आवेदन 27 अक्तूबर, 2025 तक कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां भी संलग्न करनी होंगी।

    किन केंद्रों में पद रिक्त हैं
    आंगनबाड़ी केंद्र गंगटोली, कोटी, बोबरी, ऐराणा, भंगाटा, बावटा, चैराटा, मुनुई बैलाडी, सियारी, कियाणा-2, काण्डी कण्डारा, रिनोई, कुकडेच, घालाधार, तालोवास और रोनहाट में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के एक-एक पद भरे जाएंगे।

    आयु और शैक्षणिक योग्यता
    इन पदों के लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं पास अनिवार्य की गई है।

    छह नवंबर को होंगे साक्षात्कार
    सहायिका पदों के लिए साक्षात्कार 6 नवंबर, 2025 को उपमंडल अधिकारी (ना.) शिलाई के कार्यालय में प्रातः 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन अपने मूल प्रमाणपत्रों सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना आवश्यक है।