Loading...

नौकरी प्रशिक्षु नीति के खिलाफ हरिपुरधार में विद्यार्थी परिषद का प्रदर्शन

Shailesh Saini 25 Jul 2025 Edited 25 Jul Quick read

कॉलेज सड़क पक्की करने और शिक्षकों के पद भरने की भी मांग

हिमाचल नाऊ न्यूज़ हरिपुरधार

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की हरिपुरधार महाविद्यालय इकाई ने आज सुक्खू सरकार की नौकरी प्रशिक्षु नीति (जॉब ट्रेनी पॉलिसी) के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन किया।

सिरमौर जिले के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले हरिपुरधार में परिषद के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद, उन्होंने महाविद्यालय के प्रधानाचार्य और स्थानीय नायब तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपे।विद्यार्थी परिषद ने सरकार से दो साल तक प्रशिक्षु कर्मचारी रखे जाने वाली नीति को रद्द करने की मांग की।

इसके अलावा, छात्रों ने महाविद्यालय सड़क को पक्का करने और शिक्षकों के खाली पड़े पदों को जल्द भरने की भी मांग उठाई।इस प्रदर्शन में विनोद चौहान, हर्ष ठाकुर, समीर शर्मा, जगदीश कुमार, दीक्षा, आकांक्षा राणा और परीक्षा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया, तो वे भविष्य में आंदोलन को और तेज करेंगे।