Category: Crime

जुर्म

  • हथियार जमा न करवाने पर जिला में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

    हथियार जमा न करवाने पर जिला में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

    HNN / काँगड़ा

    विधानसभा चुनावों के चलते पुलिस विभाग ने प्रदेश में जितने भी लाइसेंस धारक है, उन्हें हथियार जमा करवाने के निर्देश दिए थे। पुलिस द्वारा लोगों को बार-बार इस बारे में सूचना दी गई। लोगो से आग्रह किया गया, लेकिन उसके बाद भी जिले के कुछ हिस्सों में बंदूक धारको ने अपने हथियार थाने में जमा नहीं करवाए। ऐसे में जिला कांगड़ा में पुलिस ने कड़ी कार्यवाही करते हुए 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

    यह मामले पुलिस थाना धर्मशाला, बैजनाथ और पालमपुर में दर्ज किए गए हैं। उधर, एसपी कांगड़ा डॉ. खुशहाल चंद शर्मा ने बताया कि यह तीन मामले आदेशों की अवहेलना करने पर दर्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि लाइसेंस धारकों को अपने-अपने हथियारों को संबंधित थाने में जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके कुछ लोग जमा नही करवा रहे, जिसके चलते पुलिस द्वारा यह कार्यवाही की गई।

  • कर्नाटक के युवक की हत्या मामले में हुआ बड़ा खुलासा, नशे की खरीद फरोख्त…

    कर्नाटक के युवक की हत्या मामले में हुआ बड़ा खुलासा, नशे की खरीद फरोख्त…

    HNN / कुल्लू

    पार्वती घाटी के कसोल में कर्नाटक के युवक की हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बंगलूरू के रहने वाले 27 वर्षीय सोनू कुमार की हत्या पैसे के लेन-देन को लेकर हुई थी। पांच दिन के पुलिस रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से हुई पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ। बताया जा रहा है कि सोनू पार्वती घाटी में नशे की खरीद फरोख्त के लिए आया था।

    इसके लेन-देन को लेकर मंडी जिला के रहने वाले दोनों युवकों ने उसकी हत्या कर दी। मृतक युवक ने चरस की डिमांड की थी। जिसके बाद इसके लेन-देन को लेकर उनके बीच बहसबाजी हो गई और दोनों युवकों ने उसकी हत्या कर दी। दोनों युवको को कोर्ट ने अब 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

    उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि युवक की हत्या पैसे के लेन-देन को लेकर की गई थी। पांच दिन के रिमांड के बाद अब दोनों को अदालत ने न्यायिक हिरासत पर रखा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस अलर्ट, गाड़ियों से आठ लाख की नकदी पकड़ी

    विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस अलर्ट, गाड़ियों से आठ लाख की नकदी पकड़ी

    HNN/ सोलन

    हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है। इसी के चलते पुलिस ने जगह-जगह पर नाकाबंदी की है। बता दे बद्दी और नालागढ़ में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों के तहत दो गाड़ियों से लाखों की नकदी पकड़ी है।

    पहला मामला सोलन जिला के नालागढ़ का है जहां पुलिस टीम ने एक गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया। इस दौरान जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से 1.60 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने जब गाड़ी चालक से नकदी ले जाने के संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वह नहीं कर सका। लिहाजा टीम ने नकदी को जब्त कर लिया।

    इसके अलावा एक अन्य मामले में बद्दी पुलिस ने दावत चौक के समीप नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी की तलाशी ली तो उसने सवार जम्मू-कश्मीर के एक ठेकेदार से 6.50 लाख रुपये बरामद हुए। ठेकेदार बिना किसी दस्तावेज के यह नकदी ले जा रहा था जिस पर पुलिस ने नकदी को जब्त किया और चुनाव आयोग की गठित फ्लाइंग स्क्वायड टीम को सौंप दिया। 8.10 लाख रुपये पकड़े जाने की पुष्टि डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने की है।

  • आबकारी विभाग ने पकड़ी 53594 लीटर लाहन और 7,901 शराब की पेटियां

    आबकारी विभाग ने पकड़ी 53594 लीटर लाहन और 7,901 शराब की पेटियां

    HNN/ शिमला

    राज्य कर एवं आबकारी विभाग की टीम ने शराब माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान की गई कार्यवाही के तहत टीम ने 53594 लीटर लाहन नष्ट की। इतना ही नहीं विभाग ने 7,901 शराब की पेटियां भी पकड़ी हैं। यह कार्यवाही मंडी, ऊना, नूरपुर, कुल्लू, हमीरपुर, कांगड़ा जिलों में की गई है।

    आबकारी विभाग की टीमों ने जिलों के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 7,901 शराब की पेटियां और 94812 बोतलें कब्जे में ली हैं। इसकी बाजार में कीमत लगभग 3.12 करोड़ आंकी गई है। इतना ही नहीं टीमों ने पिछले 24 घंटे में 53,594 लीटर कच्ची शराब को नष्ट किया है।

    विभाग ने आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक प्रदेश में लगभग 5,26,303.475 लीटर शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 7,16,93,504 रुपए है। उधर, विभाग की इस कार्यवाही से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

  • महिला ने घर पर लगाया फंदा, जांच में जुटी पुलिस

    महिला ने घर पर लगाया फंदा, जांच में जुटी पुलिस

    HNN/ काँगड़ा

    कांगड़ा जिला के फतेहपुर में एक महिला ने घर पर ही फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया है। हालांकि, महिला को फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल भी पहुंचाया गया परंतु तब तक काफी देर हो चुकी थी। अभी तक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और ना ही मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। ऐसे में पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

    जानकारी अनुसार, पुलिस थाना फतेहपुर के तहत पड़ती पंचायत मनोह सिहाल के गांव मनोह में महिला ने बीती शाम अपने घर पर ही फंदा लगा लिया। महिला ने यह खौफनाक कदम उस वक्त उठाया जब घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इस दौरान जब बच्चों ने महिला को फंदे पर झूला हुआ देखा तो इसकी सूचना पड़ोसियों को दी।

    पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि महिला फंदे पर झूली हुई थी। जिसके बाद पड़ोसी महिला को फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे परंतु महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। वही इस बाबत पुलिस को भी सूचित किया गया।

    उधर, कार्यवाहक थाना प्रभारी फतेहपुर अरुण कुमार शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में ले लिया गया है साथ ही मामले की तहकीकात जारी है।

  • घर से घास लेने गई महिला का पेड़ से लटका मिला शव

    घर से घास लेने गई महिला का पेड़ से लटका मिला शव

    HNN/ शिमला

    शिमला जिले के नेरवा में घर से घास लेने गई महिला का शव तकरीबन 4 दिन बाद पेड़ से लटका हुआ मिला है। हालांकि, यह हत्या है या आत्महत्या इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भिजवाया है। पुलिस ने मृतक महिला के ससुराल पक्ष और मायके वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं और इसी के आधार पर आगामी कार्यवाही अमल में लाई गई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा पत्नी सुरेंद्र निवासी ग्राम शवाला तहसील नेरवा 31 अक्तूबर की सुबह घर से यह कहकर निकली थी कि वह घास लाने जा रही है। जब दोपहर तक भी महिला वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी ढूंढने के बाद भी महिला का कही कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाना नेरवा को सूचित किया।

    बावजूद इसके महिला का 4 दिनों तक कुछ अता पता नहीं चल पाया। इसी बीच किसी ने महिला का शव पेड़ से लटका हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया गया। एसडीपीओ चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।

  • पांवटा में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, कार से बरामद किए 1.60 करोड़ के आभूषण

    पांवटा में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, कार से बरामद किए 1.60 करोड़ के आभूषण

    HNN / पांवटा साहिब

    जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एक बार फिर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक गाड़ी से 1.60 करोड के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के हाथ यह सफलता तब लगी, जब उन्होंने बहराल चेक पोस्ट पर गाड़ी की तलाशी ली। पुलिस ने मामला आबकारी विभाग को सौंप दिया है।

    जानकारी के अनुसार पांवटा पुलिस ने विधानसभा चुनाव के चलते बहराल चेक पोस्ट पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान दिल्ली नंबर की एक कार को चेकिंग के लिए रोका गया। यह गाडी दिल्ली के करोल बाग से देहरादून जा रही थी। जब पुलिस ने गाडी की तलाशी ली तो कार से 3.270 किलोग्राम हीरे और सोने के आभूषण मिले। जब पुलिस ने चालक से इसका बिल मांगा तो वह नही दिखा पाया।

    इस के बाद मामला आबकारी विभाग को सौंपा गया। विभाग ने चालक पर 9.35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। बता दे कि आभूषणों की कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये है। मामले की पुष्टि डीएसपी रमाकांत ने की है। इसके साथ ही पुलिस विभाग ने प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी के दौरान गुरुवार को एक लाख रुपये की नकदी और लगभग 4,17,766 रुपये मूल्य की 1446.530 लीटर अंग्रेजी, देशी तथा अवैध बीयर जब्त की।

  • संगड़ाह में पोस्टर लगाने को लेकर आपस में भिड़े कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता, जमकर हुई मारपीट…

    संगड़ाह में पोस्टर लगाने को लेकर आपस में भिड़े कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता, जमकर हुई मारपीट…

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिले के संगड़ाह हलके में पोस्टर लगाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट के गंभीर आरोप जड़े हैं और पुलिस थाना में मामला भी दर्ज करवाया है। वही पुलिस ने भी कांग्रेस और भाजपा दोनों की ओर से दर्ज करवाई गई शिकायत के बाद क्रॉस एफ आई आर दर्ज कर ली है।

    जानकारी अनुसार, बुधवार रात काकोग नामक स्थान पर कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पोस्टर को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। ईश्वर चंद और निका राम के बीच यह मारपीट हुई है। वही मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस उप अधीक्षक मुकेश कुमार ने दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत दर्ज करवाने की पुष्टि की है।

  • नाकाबंदी के दौरान हाथ लगी सफलता, 290 ग्राम चरस के साथ धरा व्यक्ति

    नाकाबंदी के दौरान हाथ लगी सफलता, 290 ग्राम चरस के साथ धरा व्यक्ति

    HNN / चंबा

    जिला चंबा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत एसआईयू के हाथ बड़ी सफलता लगी है। एसआईयू ने नाकाबन्दी के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से नशे की खेप बरामद की है। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय मनोहर पुत्र पृथ्वी गांव जलुण्डा डा. जाधी तहसील व जिला चम्बा के रूप में हुई है।

    जानकारी के अनुसार जिला चंबा पुलिस के विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू ) ने मैहला पुल के पास नाकाबन्दी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 290 ग्राम चरस बरामद हुई।

    उक्त आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सदर चम्बा में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है । आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है व मुकदमा में आगामी अन्वेषण जारी है ।

  • वॉल्वो बस में सवार था 24 वर्षीय युवक, तलाशी ली तो बरामद हुई नशे की खेप

    वॉल्वो बस में सवार था 24 वर्षीय युवक, तलाशी ली तो बरामद हुई नशे की खेप

    HNN/ मंडी

    हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में आए दिन तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ रहे हैं। अब एक बार फिर टीम ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए वोल्वो बस में सवार तस्कर से नशे की खेप बरामद की है। जानकारी अनुसार, मंडी पुलिस के विशेष जांच दल ने एनएच-21 पर सुंदरनगर के धनोटु में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान टीम हर आने जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल कर रही थी।

    इसी बीच कुल्लू से दिल्ली जा रही हरियाणा नंबर की वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। टीम जब बस में चढ़कर जांच करने लगी तो इस दौरान एक युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ। लिहाजा शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो 301 ग्राम चरस बरामद हुई। टीम ने कुल्लू निवासी 24 वर्षीय युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने की है।