Category: Crime

जुर्म

  • आईजीएमसी में चोर गिरोह सक्रिय, जेब से पर्स निकालते रंगे हाथों पकड़ा..

    आईजीएमसी में चोर गिरोह सक्रिय, जेब से पर्स निकालते रंगे हाथों पकड़ा..

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आईजीएमसी शिमला में इन दिनों चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय है। आलम यह है कि यह शातिर दिनदहाड़े ही लोगों की जेब साफ करने में लगे हुए हैं। चोर गिरोह आए दिन यहां मरीजों और तीमारदारों की जेबों पर हाथ साफ करने में लगे हुए हैं। आईजीएमसी शिमला में सुबह के वक्त भी एक चोर व्यक्ति की जेब से पर्स निकालता हुआ रंगे हाथों दबोच लिया गया।

    पीड़ित व्यक्ति के पर्स में सात हजार के करीब राशि मौजूद थी। आरोपी जिला मंडी निवासी बताया जा रहा है जिसका नाम प्रकाश है। वहीँ, सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और चोर को काबू करते हुए उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 379 के तहत केस दर्ज किया। कुल्लू निवासी त्रिलोक चंद ने सदर थाने को दी गई शिकायत में बताया कि वह आईजीएमसी में सुबह पर्ची बनाने के लिए लाइन में खड़ा हुआ था और उसके पीछे एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था।

    इस दौरान अचानक उसे अहसास हुआ कि कोई उसकी पेंट की जेब से पर्स निकालने का प्रयास कर रहा है। जब उसने पीछे मुड़कर देखा तो वह हैरान रह गया। उसने देखा कि एक व्यक्ति ने उसकी जेब से पर्स निकाला था और वह फरार होने की फिराक में था। परंतु इससे पहले ही उसने उसे दबोच लिया जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

  • हिमाचल में 2 साल की मासूम से हैवानियत, नाले में बेहोशी की हालत में मिली…

    हिमाचल में 2 साल की मासूम से हैवानियत, नाले में बेहोशी की हालत में मिली…

    HNN/ कुल्लू

    हिमाचल प्रदेश में एक 2 साल की मासूम बच्ची से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। मासूम बच्ची बेहोशी की हालत में नाले के पास पड़ी मिली। वही हालत बिगड़ने पर परिजन बच्ची को मनाली अस्पताल लेकर गए जहां से उसे कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाना में मामला भी दर्ज करवा दिया है।

    हालांकि, अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के पर्यटन नगरी मनाली का है। यहाँ बुधवार को बच्ची अचानक ही घर से कहीं लापता हो गई। जिसके बाद परिजनों ने मासूम की तलाश की। काफी ढूंढने के बाद बीती शाम को बच्ची बेसुध अवस्था में सियाल नाले में मिली।

    लिहाजा परिजन उसे उपचार के लिए मनाली अस्पताल लेकर गए जहां से उसे कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

  • स्टैटिक सर्विलांस टीम ने गाड़ी से पकड़ी तीन लाख रुपये की नकदी

    स्टैटिक सर्विलांस टीम ने गाड़ी से पकड़ी तीन लाख रुपये की नकदी

    HNN/ ऊना

    स्टैटिक सर्विलांस टीम विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पूरी तरह से अलर्ट मोड़ पर आ चुकी है। इसी कड़ी में टीम ने एक गाडी से लाखों रुपए की नकदी बरामद की है। स्टैटिक सर्विलांस टीम ने यह कार्यवाही सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत अजौली में नाकाबंदी के दौरान अमल में लाई है। जानकारी अनुसार, सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत अजौली में टीम ने एक गाड़ी को जाँच के लिए रुकवाया।

    इस दौरान जब गाडी की तलाशी ली गई तो मौके से तीन लाख रुपये का कैश बरामद हुआ। इस दौरान जब टीम ने गाड़ी में सवार चालक से इसे ले जाने के बाबत दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। लिहाज़ा टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए कैश को सीज़ कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान ने पुष्टि की है।

  • शरारती तत्वों ने दुकान के बाहर खड़ी गाड़ी को किया आग के हवाले, पुलिस ने मौके पर…

    शरारती तत्वों ने दुकान के बाहर खड़ी गाड़ी को किया आग के हवाले, पुलिस ने मौके पर…

    HNN / हमीरपुर

    जिला हमीरपुर के उपमंडल भोरंज के कोट लंगसां में देर रात दुकान के बाहर खड़ी गाड़ी को कुछ शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं शरारती तत्वों ने वहां लगे कूड़े के ढेर को भी आग लगा दी। आस-पास रहने वाले लोगों ने जब आधी रात को सड़क से आग की लपटें उठती देखी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। साथ ही गाड़ी के मालिक को भी फोन कर जानकारी दी गई।

    इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार घटनास्थल के पास रहने वाले लोगो ने बताया कि आधी रात को उन्हें सड़क पर आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दी। इस दौरान उन्होंने देखा कि कार सवार दो लोग वहां खड़े थे और उन्हें देखकर वह वहां से चले गए।

    उधर, थाना प्रभारी सुरम सिंह ने कहा कि लोगो के बयान के आधार पर पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अवाहदेवी में दुकान करता है। वही , दूसरे की तलाश की जा रही है।

  • जंगल में छापेमारी कर 600 लीटर लाहन नष्ट, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप

    जंगल में छापेमारी कर 600 लीटर लाहन नष्ट, शराब माफियाओं में मचा हड़कंप

    HNN/ पांवटा

    पांवटा विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग ने इन दिनों शराब माफियाओं पर शिकंजा कसा हुआ है। इसी कड़ी में अब एक बार फिर विभाग की टीम ने जंगल में छापेमारी कर 600 लीटर लाहन को नष्ट किया है। वही विभाग की इस कार्यवाही से शराब माफियाओं में भी हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी अनुसार, वन परिक्षेत्र पांवटा साहिब की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि खारा के जंगल में बड़े पैमाने पर शराब का कारोबार किया जा रहा है।

    लिहाजा सूचना के आधार पर टीम में शामिल वन रक्षक अनिल, मुद्दासीर, रतन व वन कर्मी हरिचंद को मौके पर भेजा गया। इस दौरान देखा तो यहां कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। लिहाज़ा विभाग की टीम ने कार्यवाही करते हुए दो शराब की भट्ठियों को तोड़ कर चार ड्रमों में रखी लगभग 600 लीटर लाहन को मौके पर ही नष्ट किया। पांवटा साहिब के डीएफओ कुनाल अंग्रीश ने मामले की पुष्टि की है।

  • 40 वर्षीय व्यक्ति ने निगला जहरीला पदार्थ, अस्पताल ले जाते रास्ते में ही तोड़ा दम

    40 वर्षीय व्यक्ति ने निगला जहरीला पदार्थ, अस्पताल ले जाते रास्ते में ही तोड़ा दम

    HNN/ ऊना

    अंब क्षेत्र के ठठल में एक व्यक्ति ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए परंतु यहां पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित तीन बेटियों को छोड़ गया है। हालांकि, अभी तक जहरीला पदार्थ निगलने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, परंतु बताया जा रहा है कि व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान रहता था।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठठल निवासी 40 वर्षीय शमशेर ने घर पर ही किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। व्यक्ति की जब तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे लेकर तुरंत सिविल अस्पताल अंब पहुंचे। यहां पर जब व्यक्ति की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो चिकित्सकों ने उसे गंभीर अवस्था में क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर कर दिया, परंतु उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने पुष्टि की है।

  • अवैध शराब पर विभाग की कार्यवाही जारी, विभिन्न क्षेत्रों से  पकड़ी…

    अवैध शराब पर विभाग की कार्यवाही जारी, विभिन्न क्षेत्रों से पकड़ी…

    HNN / शिमला

    अवैध शराब पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रहा है। विभाग को रोज किसी ना किसी क्षेत्र से गाड़ियों में भरी शराब बरामद हो रही है। मंगलवार की बात करें तो मंगलवार को आबकारी विभाग ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 26856 शराब की बोतलें जब्त की। अधिक जानकारी देते हुए विभाग के आयुक्त यूनुस ने बताया कि जिला बिलासपुर में लाइसेंस परिसर का निरीक्षण किया गया।

    यहां निरीक्षण के दौरान विभागीय कार्यबल ने 850 पेटी (10200 बोतलें) अपने कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही करते हुए परिसर को सील कर दिया। इतना ही नही राजस्व जिला बद्दी मे लाइसेंसी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 840 पेटी (10080 बोतलें) कब्जे में ली गईं।

    ऊना में भी लाइसेंसी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई, यहां अनियमितता पाये जाने पर परिसर में रखी 435 पेटी (5220 बोतलें) कब्जे में लेकर स्टॉक को सील कर दिया है। आयुक्त ने कहा कि जिला मंडी में भी 113 पेटी (1356 बोतलें) कब्जे में ली गई। इसके अलावा प्रदेश के अन्य भागों से भी विभाग ने 955 लीटर अवैध कच्ची शराब पकड़ी और मौके पर नष्ट की।

  • पिछले चार दिनों में पांवटा से पुलिस ने पकड़ी इतने लाख की नकदी

    पिछले चार दिनों में पांवटा से पुलिस ने पकड़ी इतने लाख की नकदी

    HNN / पांवटा

    पांवटा साहिब सहित जिला के विभिन्न बैरियर पर विधानसभा चुनाव के चलते आईटीबीपी व सिरमौर पुलिस की संयुक्त टीमें दिन-रात मुस्तैदी से काम कर रही हैं। वाहनों की जांच के बाद ही जिला में प्रवेश दिया जा रहा है। गौरतलब है कि जिला के साथ उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब की सीमा लगती है। ऐसे में विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस सभी बैरियर पर सख्ती से वाहनों की जांच कर उन्हें प्रदेश में प्रवेश दे रही है।

    वाहनों की तलाशी के दौरान ही पिछले पांच दिनों में उत्तराखंड व हरियाणा की सीमाओं पर स्थित गोविंदघाट और बहराल बैरियर पर लाखों की नकदी के 5 मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों में पुलिस ने अब तक कुल 33.25 लाख रूपये की नकदी बरामद की है। सोमवार को भी बहराल बैरियर से होकर हिमाचल की तरफ आ रही एक कार से टीम ने पांच लाख रूपये की नकदी बरामद की।

    जिला पुलिस द्वारा नकदी के साथ -साथ अवैध शराब पर भी इन दिनों कड़ी कार्यवाही की जा रही है। उधर, डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि जिला पुलिस की टीमें इन दिनों अलर्ट मोड़ पर है। जगह-जगह नाकाबंदी कर सभी प्रकार के वाहनों की जाँच की जा रही है।

  • जिला में पुलिस ने पकड़ा 24 ग्राम चिट्टा, तीन युवक गिरफ्तार

    जिला में पुलिस ने पकड़ा 24 ग्राम चिट्टा, तीन युवक गिरफ्तार

    HNN/ हमीरपुर

    जिला में पुलिस ने गाड़ी से चिट्टा पकड़ने में सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस द्वारा हमीरपुर और भोरंज निवासी अंकुर, अमित व रायल को गिरफ्तार कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। जानकारी अनुसार, एडिशनल एसएचओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने कलूर के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान यहाँ टीम हर आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जाँच पड़ताल कर रही थी।

    तभी एक गाडी को जाँच के लिए रुकवाया गया जिसमें तीन युवक सवार थे। लिहाज़ा शक के आधार पर जब टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो 24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस किसी भी नशा तस्कर को बख्शने के मूड में नहीं है।

  • जिले में चोर गिरोह सक्रिय, अब मंदिर सहित चार दुकानों में की सेंधमारी

    जिले में चोर गिरोह सक्रिय, अब मंदिर सहित चार दुकानों में की सेंधमारी

    HNN / काँगड़ा

    जिला कांगड़ा में चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। आए दिन जिला में किसी न किसी इलाके में चोर गिरोह वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला रहे हैं। अब डमटाल के अंतर्गत आती पंचायत तोकी में देर रात चोरों ने एक मंदिर सहित चार दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया।

    चोरी की यह घटना इस दौरान दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। जिसके चलते पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुट गई है। जानकारी के अनुसार दुकानदार विक्की ने बताया कि उनकी दुकान से शातिर 11,000 रुपये की नकदी उड़ा ले गए हैं।

    इतना ही नही साथ लगती अन्य दुकानों से भी चोर लगभग 25 से 30 हजार के बीच नकदी चुरा ले गए हैं। उधर, एसएचओ डमटाल कल्याण सिंह ने बताया कि देर रात हुई चोरी मामले में एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जल्द ही इन चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।