Category: Crime

जुर्म

  • चमेंजी डबल मर्डर केस में आसपास की पंचायतों के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस, नही लगा कोई सुराग

    चमेंजी डबल मर्डर केस में आसपास की पंचायतों के लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस, नही लगा कोई सुराग

    घटनास्थल के आसपास लोगों की मोबाइल लोकेशन भी की जा रही ट्रेस

    HNN / पच्छाद

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की चमेंजी पंचायत में 1 सप्ताह पूर्व हुए डबल मर्डर केस में सिरमौर पुलिस चमेंजी के आसपास की पंचायतों में भी छानबीन कर रही है। वीरवार को जिला सिरमौर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा के नेतृत्व में पुलिस थाना पच्छाद व पुलिस चौकी नारग की टीम ने चमेंजी पंचायत के अतिरिक्त वासनी तथा नारग पंचायत के लोगों से भी पूछताछ की।

    इसके साथ ही 20 अक्तूबर को हुए मां-बेटे की हत्या की छानबीन के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के मोबाइल लोकेशन भी ट्रेस कर रही है, ताकि कोई जानकारी हासिल हो सके। मगर एक सप्ताह बाद भी सिरमौर पुलिस के हाथ खाली हैं। वही जब तक फॉरेंसिक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक पुलिस पूछताछ और जांच-पड़ताल से ही मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही हैं।

    मां-बेटे की हत्या के इस मर्डर मामले को सुलझाने के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है। इस एसआईटी में 12 कर्मचारियों व अधिकारियों को शामिल किया गया है, जोकि मामले की गहनता से छानबीन कर रहे हैं। मगर 1 सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं, मृतक उर्मिला के मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न लगाना भी शुरू कर दिया है कि आखिर क्यों पुलिस मामले में अभी तक ना कोई सुराग जुटा पाई और ना ही कोई गिरफ्तारी कर पाई है।

    अब यह डबल मर्डर पच्छाद पुलिस के लिए अनसुलझी पहली बनकर रह गया है। जिला सिरमौर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने बताया कि चमेंजी पंचायत के साथ-साथ आसपास पंचायतों में भी लोगों से मां-बेटे की हत्या के बारे में पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि कोई सुराग मिल सके।

  • वोल्वो बस से एसआईयू टीम ने पकड़ी चरस की खेप, नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता

    वोल्वो बस से एसआईयू टीम ने पकड़ी चरस की खेप, नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता

    HNN / मंडी

    जिला मंडी के सुंदरनगर में एसआईयू टीम ने एक वोल्वो बस से नशे की खेप बरामद की है। एसआईयू टीम के हाथ यह सफलता नाकाबंदी के दौरान लगी। जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम ने चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे-21 पर पुंघ में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान उन्होंने एक प्राइवेट वोल्वो बस (HR 38W-3473 ) को जांच के लिए रुकवाया।

    तलाशी लेने पर पुलिस को रैक में रखें एक बैग से 2 किलो 28 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने जब बस में सवार सभी सवारियों से बैग को लेकर पूछताछ की तो यह बैग उनमें से किसी का भी नहीं पाया गया। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस ने फिलहाल अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार करने वाले लोगों को पुलिस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।

  • पॉलीथिन का इस्तेमाल करने पर दो दुकानदारों सहित धूम्रपान पर किए 10 चालान

    पॉलीथिन का इस्तेमाल करने पर दो दुकानदारों सहित धूम्रपान पर किए 10 चालान

    HNN/ ऊना

    ऊना के चिंतपूर्णी थाना के अंतर्गत पुलिस ने प्रतिबंध के बावजूद भी पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर नकेल कसी है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने वाले लोगों पर भी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए उनके चालान काटे हैं। पहले मामले में पुलिस ने जौड़वड में दबिश दी तो यहां दुकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान दो दुकानों के दुकानदार पॉलीथिन का प्रयोग करते हुए पाए गए।

    लिहाजा पॉलिथीन के बैग का इस्तेमाल करने पर पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए दोनों ही दुकानदारों के चालान काटे और उनसे 500-500 रुपए जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा चिंतपूर्णी पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वाले लोगों पर भी कार्यवाही की है। इस दौरान पुलिस ने 10 लोगों के चालान किए और उनसे हजार रुपए जुर्माना वसूला।

    बता दें कि पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पहले से ही प्रतिबंध लगाया गया है बावजूद इसके कुछ दुकानदार धड़ल्ले से पॉलिथीन के बैग का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान भी प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे में नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों पर पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है।

  • नशे की खेप के साथ बिलासपुर और हमीरपुर के दो लोग  गिरफ्तार

    नशे की खेप के साथ बिलासपुर और हमीरपुर के दो लोग गिरफ्तार

    HNN / ऊना

    जिला पुलिस ने गश्त के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से नशे की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान अशोक कुमार निवासी बिलासपुर व राकेश कुमार निवासी बड़सर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार पुलिस टीम एमसी पार्क के पास गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान सामने से एक गाडी आई, जो अचानक वही से पीछे जाने लगी। गाडी को वहां से पीछे जाता देख पुलिस को उन पर शक हुआ और उनका पीछा किया। कुछ ही दूरी पर गाडी को पकड़ लिया गया और शक होने पर कार सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई।

    तलाशी लेने पर पुलिस ने राकेश कुमार के पास से 13.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • हिमाचल में फिर 23 वर्षीय युवक की हत्या, बुधवार रात से था लापता

    हिमाचल में फिर 23 वर्षीय युवक की हत्या, बुधवार रात से था लापता

    HNN / सोलन

    हिमाचल प्रदेश में दिन-प्रतिदिन हत्या के मामले बढ़ते ही जा रहे है। वीरवार को जिला सोलन के बद्दी की थाना पंचायत में एक 23 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय हरभजन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह गांव डोरियां के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बद्दी एएसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

    जानकारी के अनुसार युवक बुधवार शाम 9:00 बजे बाइक पर घर से निकला लेकिन वापिस नही लौटा। सुबह परिजनों ने बद्दी थाने में इसकी सूचना दी। वीरवार दोपहर को युवक के चाचा बलविंदर सिंह ने हरभजन का शव औद्योगिक क्षेत्र दबनी के डोडूवाल चौक के समीप झाड़ियों में देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पूरे शरीर पर धारदार हथियार के जख्म थे। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

    पुलिस को शक है कि प्रेम प्रसंग के चलते किसी ने रंजिश में युवक को मौत के घाट उतारा है। उधर, एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने मौके का दौरा किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेज दिया। आज मृतक का पोस्टमार्टम होगा।

  • जिला में बढ़ी नशे की तस्करी, अब चिट्टे सहित दबोचे दो युवक

    जिला में बढ़ी नशे की तस्करी, अब चिट्टे सहित दबोचे दो युवक

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चिट्टे की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कोई न कोई नशा तस्कर हेरोइन की खेप सहित पुलिस के हत्थे चढ़ रहा है। अब एक बार फिर जिला में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए दो युवकों को चिट्टे की खेप सहित गिरफ्तार किया है।

    पंकज पुत्र लायक राम और अंकित पुत्र सतपाल निवासी कोटखाई के विरुद्ध पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को उक्त दोनों युवकों के पास चिट्टे की खेप मौजूद होने की सूचना मिली। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने देहा में दबिश दी और गाड़ी को जांच के लिए रुकवाया। इस दौरान गाड़ी के अंदर से 42 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

  • राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने पकड़ी इतने किलो ग्राम चाँदी

    राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने पकड़ी इतने किलो ग्राम चाँदी

    HNN / शिमला

    राज्य कर एवं आबकारी विभाग द्वारा गठित टास्क फोर्स ने अंतरराज्यीय पड़ताल नाका कुड्डू पर सुबह 3.00 बजे वाहनों की तलाशी के दौरान एक वाहन से 9.8 किलो ग्राम चांदी के जेवरात को ज़ब्त किया है। वाहन चालक मौके पर इन जेवरात की खरीद से सम्बंधित कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।

    उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी प्रभारी जिला शिमला रवि सूद के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा प्रातः यह कार्यवाही की गई। आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी यूनुस ने बताया कि विभाग आदर्श चुनाव संहिता के अंतर्गत सभी अधिनियमों के तहत प्रदेश में चेकिंग कर रहा है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स द्वारा उक्त वाहन के विरुद्ध जी एस टी अधिनियम एवं आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रावधान के अंतर्गत आगामी कार्यवाही की जा रही है।

    आयुक्त ने कहा कि कोई भी व्यक्ति आचार संहिता से सम्बंधित किसी भी प्रकार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1800-180-8062, ई-मेलः vselection2022@mailhptax या व्हाट्सएप नंबर 9418611339 पर कर सकता है।

  • पुलिस ने आग के हवाले किए डेढ़ करोड़ के नशीले पदार्थ, 4 पुलिस थाना के अंतर्गत…

    पुलिस ने आग के हवाले किए डेढ़ करोड़ के नशीले पदार्थ, 4 पुलिस थाना के अंतर्गत…

    HNN/ कुल्लू

    जिला में पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा हुआ है जिसके तहत आए दिन पुलिस भारी मात्रा में नशीले पदार्थो सहित तस्करों को हिरासत में ले रही है। बता दें कि पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में पकड़ी गई चरस सहित भांग, पोस्त और भुक्की को नष्ट किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में पकड़े गए नशे के सामान को एकत्रित कर जिला कुल्लू के शमशी स्थित जरड़ भुट्टी कालोनी में लाया गया।

    यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ निपटान समिति ने 42 किलो 268 ग्राम चरस, 38 किलो 5 ग्राम भुक्की और 48 किलो 308 ग्राम अफीम को नष्ट किया जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य है। कुल्लू के 4 पुलिस थाना के अंतर्गत यह नशीले पदार्थ पकड़े गए हैं।

    इनमें बंजार पुलिस थाना के अंतर्गत 19, चेंज पुलिस थाना में 12, निरमंड थाना में 4 और ब्रो थाना में एक मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ है। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि 4 पुलिस थानों के अंतर्गत पकड़े गए करोड़ों के मादक पदार्थ आग के हवाले कर उन्हें नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की नशा तस्करों पर कार्यवाही लगातार जारी है तथा आगे भी जारी ही रहेगी।

  • कसौल ब्लाइंड मर्डर केस- 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया केस, 19 साल के दो युवक गिरफ्तार

    कसौल ब्लाइंड मर्डर केस- 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया केस, 19 साल के दो युवक गिरफ्तार

    HNN / कुल्लू

    कुल्लू पुलिस ने कसोल में बेंगलुरु के पर्यटक की हत्या मामले में दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि बुधवार सुबह पुलिस चौकी मणिकर्ण में पुलिस को स्थानीय जनता से सूचना मिली थी कि कसोल के समीप नागोड़ जंगल ग्राहण नाला के किनारे किसी व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जाँच में जुट गई।

    पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
    गुरदेव चंद शर्मा ने आरोपियों को पहचाने और पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जिसका नेतृत्व डीएसपी राजेश कुमार ने किया। तकनीकी सहायता के लिए साइबर सेल कुल्लू से मुख्य आरक्षी प्रवीण और आरक्षी प्रेम को जिम्मा सौंपा गया। स्थानीय लोगों को मृतक के फोटो दिखाने पर बात सामने आई कि यह कसोल में ही एक होम स्टे में रुका था ।

    होम स्टे के मालिक ने भी व्यक्ति की पहचान की। घटनास्थल पर दो मोबाइल फोन खून से लथपथ मिले। एक घड़ी और कुछ दूरी पर खून से सना चाकू की बरामद हुआ। मोबाइल फोनों की जांच पर पाया कि एक मोबाइल फोन मृतक सोनू कुमार और दूसरा किसी और का था। पुलिस ने इसी मोबाइल के आधार पर जांच तेज की तो पाया कि यह मोबाइल फोन कौशल नाम के युवक का है जो कसोल में काम करता है।

    वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी की। पूछताछ के दौरान एक टैक्सी ड्राइवर ने दोनों आरोपियों की फोटो को देखकर उन्हें पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की शिनाख्त 19 वर्षीय यशपाल पुत्र श्री भागमल और 19 वर्षीय कौशल शर्मा  पुत्र बसंत कुमार शर्मा निवासी जोगिंदर नगर जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है।

  • जिले में अवैध शराब के मामलों में बढ़ोतरी, महिला गिरफ्तार

    जिले में अवैध शराब के मामलों में बढ़ोतरी, महिला गिरफ्तार

    HNN / काँगड़ा

    चुनाव को प्रभावित करने वाली हर गतिविधि को रोकने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह से चौकस है। ऐसे में पुलिस अवैध शराब के मामलों सहित कई नशीले पदार्थों पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। बता दे कि अवैध शराब मामले को लेकर पुलिस ने अब एक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया।

    जानकारी के अनुसार नगरोटा सूरियां के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना पर गांव चतरेला के एक रिहायशी मकान में दबिश दी। इस दौरान घर से 10,500 मिलीलीटर देसी शराब और 18,750 मिलीलीटर अवैध लाहन बरामद हुई । पुलिस ने इस मामले में एक महिला को हिरासत में लिया है। आरोपी महिला की पहचान उषा देवी के रूप में हुई है।

    मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वाली मनोज कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।