HNN/ कुल्लू
जिला में पुलिस ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ा हुआ है जिसके तहत आए दिन पुलिस भारी मात्रा में नशीले पदार्थो सहित तस्करों को हिरासत में ले रही है। बता दें कि पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में पकड़ी गई चरस सहित भांग, पोस्त और भुक्की को नष्ट किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में पकड़े गए नशे के सामान को एकत्रित कर जिला कुल्लू के शमशी स्थित जरड़ भुट्टी कालोनी में लाया गया।
यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्वापक औषधि एवं मन प्रभावी पदार्थ निपटान समिति ने 42 किलो 268 ग्राम चरस, 38 किलो 5 ग्राम भुक्की और 48 किलो 308 ग्राम अफीम को नष्ट किया जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य है। कुल्लू के 4 पुलिस थाना के अंतर्गत यह नशीले पदार्थ पकड़े गए हैं।
इनमें बंजार पुलिस थाना के अंतर्गत 19, चेंज पुलिस थाना में 12, निरमंड थाना में 4 और ब्रो थाना में एक मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ है। उधर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि 4 पुलिस थानों के अंतर्गत पकड़े गए करोड़ों के मादक पदार्थ आग के हवाले कर उन्हें नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की नशा तस्करों पर कार्यवाही लगातार जारी है तथा आगे भी जारी ही रहेगी।

