HNN / कुल्लू
कुल्लू पुलिस ने कसोल में बेंगलुरु के पर्यटक की हत्या मामले में दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि बुधवार सुबह पुलिस चौकी मणिकर्ण में पुलिस को स्थानीय जनता से सूचना मिली थी कि कसोल के समीप नागोड़ जंगल ग्राहण नाला के किनारे किसी व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जाँच में जुट गई।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
गुरदेव चंद शर्मा ने आरोपियों को पहचाने और पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जिसका नेतृत्व डीएसपी राजेश कुमार ने किया। तकनीकी सहायता के लिए साइबर सेल कुल्लू से मुख्य आरक्षी प्रवीण और आरक्षी प्रेम को जिम्मा सौंपा गया। स्थानीय लोगों को मृतक के फोटो दिखाने पर बात सामने आई कि यह कसोल में ही एक होम स्टे में रुका था ।
होम स्टे के मालिक ने भी व्यक्ति की पहचान की। घटनास्थल पर दो मोबाइल फोन खून से लथपथ मिले। एक घड़ी और कुछ दूरी पर खून से सना चाकू की बरामद हुआ। मोबाइल फोनों की जांच पर पाया कि एक मोबाइल फोन मृतक सोनू कुमार और दूसरा किसी और का था। पुलिस ने इसी मोबाइल के आधार पर जांच तेज की तो पाया कि यह मोबाइल फोन कौशल नाम के युवक का है जो कसोल में काम करता है।
वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार थे। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी की। पूछताछ के दौरान एक टैक्सी ड्राइवर ने दोनों आरोपियों की फोटो को देखकर उन्हें पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की शिनाख्त 19 वर्षीय यशपाल पुत्र श्री भागमल और 19 वर्षीय कौशल शर्मा पुत्र बसंत कुमार शर्मा निवासी जोगिंदर नगर जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ जारी है।

