Category: Crime

जुर्म

  • विदेश भेजने के नाम पर सिरमौर युवक से धोखाधड़ी, म्यांमार में जबरन साइबर अपराध में फंसाया गया

    विदेश भेजने के नाम पर सिरमौर युवक से धोखाधड़ी, म्यांमार में जबरन साइबर अपराध में फंसाया गया

    सिरमौर के एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर म्यांमार में जबरन साइबर अपराध से जुड़े अवैध कार्यों में धकेल दिया गया। युवक के भारत लौटने के बाद शिलाई थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    नाहन

    विदेश नौकरी का झांसा देकर की गई ठगी

    शिलाई क्षेत्र के कांड़ो गांव निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक एजेंट ने उससे 70 हजार रुपये लेकर थाईलैंड भेजा और बाद में अवैध रूप से म्यांमार सीमा पार करवाई। वहां उसे जबरन साइबर अपराध से जुड़े कार्यों में शामिल किया गया।

    अवैध गतिविधियों के लिए बनाया दबाव

    पीड़ित के अनुसार कंपनी ने फर्जी पहचान बनाकर उसे विदेशी नागरिकों से चैट और एआई तकनीक के जरिए अश्लील लाइव वीडियो कॉल करने को मजबूर किया। भारत लौटने की मांग करने पर अतिरिक्त धन की मांग भी की गई।

    रेस्क्यू के बाद भारत वापसी

    कुछ समय बाद थाईलैंड की सेना द्वारा युवक को रेस्क्यू किया गया और अवैध प्रवेश के आरोप में उसे कुछ दिन जेल में रखा गया। बाद में भारतीय दूतावास की सहायता से उसे सुरक्षित भारत लाया गया।

    पुलिस जांच में जुटी

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिलाई थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विदेश में नौकरी के नाम पर अनधिकृत एजेंटों के झांसे में न आएं।

  • सरकारी महाविद्यालय धर्मशाला प्रकरण में सरकार की त्वरित कार्रवाई, सहायक प्राध्यापक निलंबित

    सरकारी महाविद्यालय धर्मशाला प्रकरण में सरकार की त्वरित कार्रवाई, सहायक प्राध्यापक निलंबित

    राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से जुड़े संवेदनशील मामले में राज्य सरकार ने जांच पूरी होने तक सहायक प्राध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रकरण में रैगिंग निषेध अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया गया है।

    धर्मशाला

    निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
    राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में विभागीय जांच के परिणाम आने तक सहायक प्राध्यापक (भूगोल) अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय उच्च शिक्षा निदेशालय शिमला निर्धारित किया गया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी।

    एफआईआर दर्ज, जांच जारी
    प्रकरण में अशोक कुमार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छात्रा की मृत्यु से जुड़े मामले में इसी महाविद्यालय की तीन छात्राओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

    सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई का दिया आश्वासन
    राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित की जाएगी। जांच निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • मंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी, पीओ सेल ने भ्यूली से उद्घोषित अपराधी किया गिरफ्तार

    मंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी, पीओ सेल ने भ्यूली से उद्घोषित अपराधी किया गिरफ्तार

    लंबे समय से अदालत की कार्रवाई से फरार चल रहे आरोपी को मंडी पुलिस की पीओ सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 से मामला लंबित था।

    सुंदरनगर/भ्यूली

    अदालत से फरार आरोपी को दबिश देकर पकड़ा

    मंडी पुलिस की पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने मंडी के भ्यूली क्षेत्र से एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया से बचता आ रहा था।

    2013 से दर्ज था गंभीर मामला

    गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुगलू पुत्र कौलू राम निवासी भ्यूली, डाकघर पुराना मंडी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2013 में थाना पधर में भारतीय दंड संहिता की धारा 120(बी) तथा वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस ने चालान न्यायालय में पेश किया था।

    लगातार गैरहाजिरी पर घोषित हुआ उद्घोषित अपराधी

    न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी पधर की अदालत में ट्रायल के दौरान आरोपी लगातार पेश नहीं हुआ। बार-बार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए 8 दिसंबर 2025 को आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

    गुप्त सूचना पर पीओ सेल की कार्रवाई

    पीओ सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी भ्यूली क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

    कानूनी कार्रवाई जारी

    मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार उद्घोषित अपराधी को आगामी कार्रवाई के लिए थाना पधर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आरोपी को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।

  • धर्मशाला कॉलेज में कथित रैगिंग व प्रताड़ना के बाद छात्रा की मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

    धर्मशाला कॉलेज में कथित रैगिंग व प्रताड़ना के बाद छात्रा की मौत, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

    कॉलेज में सहपाठियों और प्रोफेसर पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद छात्रा अवसाद में चली गई थी। इलाज के दौरान लुधियाना में मौत होने के बाद अब मामले में औपचारिक जांच शुरू की गई है।

    कांगड़ा/धर्मशाला

    कॉलेज में कथित रैगिंग और जातिगत प्रताड़ना के आरोप

    धर्मशाला कॉलेज की एक छात्रा के साथ कथित रैगिंग, जातिगत टिप्पणियों और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार सहपाठियों द्वारा लगातार की गई कथित प्रताड़ना और डराने-धमकाने की घटनाओं के चलते छात्रा गहरे अवसाद में चली गई थी।

    मानसिक स्थिति बिगड़ने पर इलाज के दौरान मौत

    छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डीएमसी लुधियाना में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि मौत से पहले छात्रा का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उसने कॉलेज से जुड़े कुछ आरोप लगाए थे।

    पहले शिकायत बंद, बाद में दोबारा जांच

    परिजनों ने पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने उस समय कॉलेज प्रशासन और परिवार के बयान लिए थे, लेकिन छात्रा की स्थिति बयान देने योग्य नहीं होने के कारण और पिता के आग्रह पर शिकायत बंद कर दी गई थी। छात्रा की मृत्यु के बाद सामने आए वीडियो और नए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने फिर से जांच शुरू की।

    एफआईआर दर्ज, छात्राओं और प्रोफेसर पर आरोप

    पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर धर्मशाला थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान (रैगिंग निषेध) अधिनियम 2009 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में कॉलेज की तीन छात्राओं और एक प्रोफेसर पर मारपीट, डराने-धमकाने और आपत्तिजनक व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।

    पुलिस जांच में सभी पहलुओं की पड़ताल

    पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच अधिकारी को मृतका के घर भेजकर परिजनों के बयान लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता, कॉलेज प्रशासन, शिक्षकों और छात्रों की भूमिका की गहन जांच की जाएगी।

    कॉलेज प्रशासन ने रखा अपना पक्ष

    कॉलेज प्राचार्य का कहना है कि छात्रा पहले वर्ष की परीक्षा में असफल हो गई थी और विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार अगली कक्षा में प्रवेश संभव नहीं था। उनके अनुसार इस कारण छात्रा मानसिक तनाव में थी और कॉलेज प्रशासन को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी।

    राजनीतिक प्रतिक्रिया और जांच की मांग

    मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दुख जताते हुए निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे प्रकरण में लापरवाही के आरोपों की गहन जांच की आवश्यकता बताई है।

  • सुंदरनगर हराबाग फोरलेन पर होटल मालिक पर चाकू हमला, चार में से दो आरोपी गिरफ्तार

    सुंदरनगर हराबाग फोरलेन पर होटल मालिक पर चाकू हमला, चार में से दो आरोपी गिरफ्तार

    होटल में भोजन को लेकर हुए विवाद के बाद हुए जानलेवा हमले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। विशेष टीम के गठन के बाद दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

    सुंदरनगर/हराबाग

    होटल के भीतर विवाद के बाद हुआ हमला

    हराबाग फोरलेन पर स्थित एक होटल में कार से पहुंचे चार लोगों ने भोजन में देरी को लेकर पहले गाली-गलौच की। आरोप है कि इसके बाद वे कैश काउंटर के भीतर घुसे और होटल मालिक ललित भारद्वाज पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घायल को उच्च उपचार के लिए रेफर

    हमले में घायल होटल मालिक को पहले सुंदरनगर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

    कर्मचारी के बयान पर मामला दर्ज

    घटना के संबंध में होटल कर्मचारी सचिन वर्मा के बयान के आधार पर थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच की निगरानी की।

    एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित

    घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्षी वर्मा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर डीएसपी सुंदरनगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज की।

    मुख्य आरोपी और वाहन चालक हिरासत में

    विशेष टीम ने मुख्य आरोपी गौरव उर्फ जानी, निवासी थेडी तक्कीवाला, थाना अर्बन स्टेट जिला पटियाला तथा वाहन चालक रशविन्द्र सिंह, निवासी काहवला तहसील व जिला पटियाला (पंजाब) को हिरासत में लिया है।

    अन्य आरोपियों की तलाश जारी

    पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल शेष दो आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं और जिलेभर में नाकाबंदी भी की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • परवाणू पुलिस ने गुप्त सूचना पर 378 ग्राम चरस के साथ युवक को किया गिरफ्तार

    परवाणू पुलिस ने गुप्त सूचना पर 378 ग्राम चरस के साथ युवक को किया गिरफ्तार

    परवाणू क्षेत्र में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरस की बड़ी खेप बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

    सोलन/परवाणू

    गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई

    पुलिस थाना परवाणू के तहत मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चरस के साथ एक युवक को काबू किया गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि भूपेन्द्र नामक युवक क्षेत्र में चरस बेचने और सप्लाई करने की फिराक में है, जिस पर तुरंत टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

    आरोपी से 378 ग्राम चरस बरामद

    पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान भूपेन्द्र सिंह (31) निवासी गांव सराची, डाकखाना कल्हानी, तहसील थुनाग, जिला मंडी के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से कुल 378 ग्राम चरस बरामद की गई।

    मामला दर्ज, जांच जारी

    इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक सोलन ने बताया कि आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

  • सिरमौर में स्मैक–हेरोइन व प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

    सिरमौर में स्मैक–हेरोइन व प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

    नाहन

    जिलेमें नशे के खिलाफ सिरमौर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार रंग ला रहा है। पिछले 48 घंटों के भीतर पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए स्मैक (हेरोइन) और भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं।

    इन मामलों में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि पांवटा साहिब उपमंडल में गठित विशेष पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पुरुवाला क्षेत्र में दबिश दी।

    इस दौरान पुलिस ने साहिल पुत्र निन्ना सलमानी निवासी टालापुर, मुजफ्फराबाद, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा निरमल सिंह पुत्र जालम सिंह निवासी डान्डा, पांवटा साहिब को 2.31 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

    इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट के नोटिस पर पाबंद किया गया है।दूसरे मामले में जिला की एसआईयू टीम ने कालाअंब क्षेत्र में काली माता मंदिर के पीछे एक ऑल्टो कार (नंबर HR51AB-8735) की तलाशी ली।

    तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 80 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल (10 स्ट्रिप्स) और 201 खुले कैप्सूल बरामद किए गए। इस मामले में तरुण कुमार पुत्र पाल सिंह निवासी मोगीनंद और नैतिक श्रीवास्तव पुत्र विपिन श्रीवास्तव, मूल निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी मोगीनंद को गिरफ्तार किया गया है।

    तीसरे मामले में एसआईयू टीम ने पांवटा साहिब के भुपपुर गांव स्थित तिब्बती कॉलोनी के पास से अय्युर खान पुत्र असरफ निवासी कुंजा ग्रांट, विकासनगर (देहरादून) को 7.80 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोचा।

    आरोपी के पास से हेरोइन डली और चूर्ण दोनों रूपों में बरामद हुई, जिस पर पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।एसपी एनएस नेगी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

    पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य सप्लायरों और नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी नशा तस्करों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

  • रिश्वतखोर बीट ऑफिसर पर विजिलेंस का शिकंजा, 50 हजार घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

    रिश्वतखोर बीट ऑफिसर पर विजिलेंस का शिकंजा, 50 हजार घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

    बिलासपुर।

    हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विजिलेंस की टीम ने वन विभाग के एक बीट ऑफिसर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

    आरोपी ऑफिसर पर खैर के पेड़ों की मार्किंग के बदले एक ठेकेदार से मोटी रकम मांगने का आरोप है।​मार्किंग के बदले मांगे थे 3 लाख​जानकारी के अनुसार, बिलासपुर सदर क्षेत्र की पैलेहली बीट में इन दिनों खैर के पेड़ों के कटान का काम चल रहा है।

    यहां तैनात बीट ऑफिसर ने खैर के ठेकेदार से पेड़ों की मार्किंग करने की एवज में पहले 3 लाख रुपये की मांग की थी। काफी मोलभाव के बाद मामला एक लाख रुपये में तय हुआ था।​डिजिटल पेमेंट से ली थी पहली किस्त​हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने रिश्वत के लिए डिजिटल माध्यम का सहारा लिया।

    उसने पहली किस्त के तौर पर ठेकेदार से 50 हजार रुपये ‘गूगल पे’ (Google Pay) के जरिए मंगवाए। पैसे लेने के बावजूद आरोपी लगातार ठेकेदार पर दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर ठेकेदार ने इसकी शिकायत विजिलेंस से कर दी।​विजिलेंस ने बिछाया जाल​शिकायत मिलते ही विजिलेंस विभाग ने जाल बिछाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी बीट ऑफिसर को अगली किस्त के 50 हजार रुपये लेते हुए दबोच लिया।

    विजिलेंस की इस त्वरित कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।​आज कोर्ट में होगी पेशी​मंडी क्षेत्र के एसपी विजिलेंस सचिन हीरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी बीओ (BO) को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

  • बातापुल चौक पांवटा साहिब में पुलिस ने गश्त के दौरान 4.79 ग्राम हेरोइन बरामद की

    बातापुल चौक पांवटा साहिब में पुलिस ने गश्त के दौरान 4.79 ग्राम हेरोइन बरामद की

    बातापुल चौक पर पुलिस की कार्रवाई, साबर अली के कब्जे से 4.79 ग्राम हेरोइन बरामद

    पांवटा साहिब में गश्त के दौरान स्पेशल डिटेक्शन टीम को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    स्पेशल डिटेक्शन टीम, सब डिवीजन पांवटा साहिब जिला सिरमौर की पुलिस टीम गश्त के दौरान जब बातापुल चौक के पास मौजूद थी तो पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि साबर अली पुत्र दीन मोहम्मद निवासी भगवानपुर डा0 पुरुवाला कांशीपुर तह0 पांवटा साहिब के पास भारी मात्रा में स्मैक/हेरोइन है। जिस सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्यवाही करते हुए उपरोक्त साबर अली के कब्जे से तलाशी के दौरान कुल 4.79 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
    बरामदगी के बाद उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

  • ऊना सदर थाना क्षेत्र में चिट्टा बरामद, दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया

    ऊना सदर थाना क्षेत्र में चिट्टा बरामद, दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया


    ऊना सदर थाना क्षेत्र में यातायात जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से चिट्टा बरामद कर दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    यातायात जांच के दौरान पकड़ा गया मामला

    जिला ऊना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सदर ऊना की टीम ने भड़ोलियां खुर्द क्षेत्र में शाम के समय यातायात जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका। ओम भुजिया भंडार के समीप की गई तलाशी में मोटरसाइकिल से 1.04 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

    दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस

    पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल नंबर HP-80A-3738 नंगल से ऊना की ओर आ रही थी। तलाशी के दौरान चालक पवन कुमार पुत्र सरवण सिंह और उसके साथ सवार राजन पुत्र पवन कुमार, निवासी लोअर भदसाली, उप-तहसील ईसपुर, तहसील हरोली, जिला ऊना से मादक पदार्थ बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान पर भी कार्रवाई

    इसी दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने के मामलों में पुलिस ने तीन व्यक्तियों के चालान किए और उनसे कुल 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

    नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

    पुलिस अधीक्षक ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे से जुड़े मामलों और सार्वजनिक नियमों के उल्लंघन पर जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।