Category: Crime

जुर्म

  • ऊना सदर थाना क्षेत्र में चिट्टा बरामद, दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया

    ऊना सदर थाना क्षेत्र में चिट्टा बरामद, दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया


    ऊना सदर थाना क्षेत्र में यातायात जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से चिट्टा बरामद कर दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    यातायात जांच के दौरान पकड़ा गया मामला

    जिला ऊना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सदर ऊना की टीम ने भड़ोलियां खुर्द क्षेत्र में शाम के समय यातायात जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका। ओम भुजिया भंडार के समीप की गई तलाशी में मोटरसाइकिल से 1.04 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।

    दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस

    पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल नंबर HP-80A-3738 नंगल से ऊना की ओर आ रही थी। तलाशी के दौरान चालक पवन कुमार पुत्र सरवण सिंह और उसके साथ सवार राजन पुत्र पवन कुमार, निवासी लोअर भदसाली, उप-तहसील ईसपुर, तहसील हरोली, जिला ऊना से मादक पदार्थ बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान पर भी कार्रवाई

    इसी दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने के मामलों में पुलिस ने तीन व्यक्तियों के चालान किए और उनसे कुल 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

    नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

    पुलिस अधीक्षक ऊना ने स्पष्ट किया है कि नशे से जुड़े मामलों और सार्वजनिक नियमों के उल्लंघन पर जिला पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

  • पांवटा साहिब में पुलिस ने एमसी पार्किंग बेसमेंट से हेरोइन के साथ महिला और युवक को पकड़ा

    पांवटा साहिब में पुलिस ने एमसी पार्किंग बेसमेंट से हेरोइन के साथ महिला और युवक को पकड़ा

    एमसी पार्किंग बेसमेंट में नशे का सेवन करते पकड़े गए महिला-युवक, 6.56 ग्राम हेरोइन बरामद

    पांवटा साहिब में पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशे के सेवन और तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला और युवक के कब्जे से 6.56 ग्राम हेरोइन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    स्पेशल डिटेक्शन टीम, सब डिवीजन पांवटा साहिब की पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान विश्वकर्मा चौक के पास पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना में बताया गया कि वाल्मीकि बस्ती पांवटा साहिब निवासी एक महिला रेखा पत्नी साहिल और एक युवक अमन पुत्र विजय कुमार एमसी पार्किंग पांवटा साहिब की बेसमेंट में स्मैक/हेरोइन का सेवन कर रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ मौजूद है।

    बेसमेंट के कमरे से हेरोइन बरामद
    सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एमसी पार्किंग पांवटा साहिब की बेसमेंट में स्थित मैनहॉल के अंदर बने कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला रेखा और युवक अमन के कब्जे से कुल 6.56 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
    बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

  • बनीखेत में एसआईयू की कार्रवाई, स्कूटी की डिक्की से चरस के साथ महिला गिरफ्तार

    बनीखेत में एसआईयू की कार्रवाई, स्कूटी की डिक्की से चरस के साथ महिला गिरफ्तार


    बनीखेत क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्कूटी सवार एक महिला को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


    चम्बा/बनीखेत

    नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्कूटी रोकी

    पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने इंस्पैक्टर गगनदीप सिंह के नेतृत्व में चम्बा-तीसा मार्ग पर कंदला के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान तीसा की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट वाली लाल रंग की स्कूटी को चैकिंग के लिए रोका गया।

    घबराहट से बढ़ा पुलिस का शक

    स्कूटी सवार महिला पुलिस को देखकर अचानक घबरा गई। पूछताछ और तलाशी के दौरान महिला का असहज व्यवहार पुलिस को संदिग्ध लगा, जिसके बाद स्कूटी की डिक्की की जांच का निर्णय लिया गया।

    डिक्की से बरामद हुई चरस

    महिला ने डिक्की का लॉक खराब होने का बहाना बनाया, लेकिन पुलिस ने मौके पर मैकेनिक बुलाकर लॉक खुलवाया। तलाशी के दौरान डिक्की से चरस बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

    आरोपी की पहचान और जांच जारी

    पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना नाम सलीमा बेगम पत्नी अयूब निवासी गांव गुराड़ा, डाकघर नकरोड़, तहसील चुराह, जिला चम्बा बताया। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और कहां सप्लाई की जानी थी।

  • पांवटा साहिब में गुप्त सूचना पर पुलिस ने स्मैक के साथ युवक को किया गिरफ्तार

    पांवटा साहिब में गुप्त सूचना पर पुलिस ने स्मैक के साथ युवक को किया गिरफ्तार

    पुलिस को गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    पांवटा साहिब

    गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई
    स्पेशल डिटेक्शन टीम, उपमंडल पांवटा साहिब पुलिस गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान विश्वकर्मा चौक के पास एक व्यक्ति के नशीले पदार्थ के साथ पैदल आने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिस पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर संदिग्ध को रोका।

    तलाशी में स्मैक/हेरोइन बरामद
    पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपी गुरदत्त उर्फ अंकु पुत्र दौलत राम, निवासी गांव बडयार, डाकघर कान्डो भटनोल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के कब्जे से स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
    पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

  • ऊना जिले में अवैध शराब परोसने और बिना अनुमति अहाता संचालन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

    ऊना जिले में अवैध शराब परोसने और बिना अनुमति अहाता संचालन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

    जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अवैध शराब और अहाता संचालन के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में दो मामलों में अभियोग दर्ज किए गए हैं।

    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
    जिला ऊना पुलिस ने अवैध शराब परोसने और बिना अनुमति अहाता चलाने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। पुलिस को मिली गुप्त सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई अमल में लाई गई।

    बडूही बाजार में ढाबा संचालक पर केस
    पुलिस थाना बंगाणा के अंतर्गत पुलिस चौकी जोल की टीम ने बडूही बाजार स्थित एक ढाबे पर दबिश दी। जांच के दौरान ढाबा संचालक को लोगों को बैठाकर अवैध रूप से शराब पिलाते और बेचते पाया गया। इस पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

    चुरुडू में बिना अनुमति अहाता संचालन
    पुलिस थाना अम्ब क्षेत्र के अंतर्गत चुरुडू स्थित एक चिकन कॉर्नर में भी कार्रवाई की गई। यहां दुकान के भीतर ग्राहकों को शराब पीते पाया गया। दुकान संचालक अहाता संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते उसके खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

    सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर चालान
    इसके अतिरिक्त पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने के मामलों में सात व्यक्तियों के चालान काटते हुए जुर्माना वसूला।

    अभियान आगे भी रहेगा जारी
    जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, गैरकानूनी अहाता संचालन और सार्वजनिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

  • रामपुर घाट में अवैध शराब बेचते व्यक्ति को दबोचा, पुरुवाला पुलिस की कार्रवाई

    रामपुर घाट में अवैध शराब बेचते व्यक्ति को दबोचा, पुरुवाला पुलिस की कार्रवाई

    पांवटा साहिब क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब/रामपुर घाट

    गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई
    पुलिस थाना पुरुवाला की टीम गश्त के दौरान रामपुर घाट क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति झुग्गी में रहकर अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

    आरोपी के कब्जे से अवैध शराब बरामद
    तलाशी के दौरान पुलिस ने तेरश महतो पुत्र धर्म देव महतो, निवासी गांव कदना, डाकघर मोहम्मदपुर, जिला छपरा (बिहार), हाल निवासी झुग्गी रामपुर घाट, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब के कब्जे से अवैध शराब बरामद की।

    एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज
    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एक्साइज एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था और इसके पीछे कोई अन्य नेटवर्क तो नहीं है।

  • पांवटा साहिब के कोटड़ी व्यास में 15 वर्षीय छात्र ने फं*दा लगाकर जा*न दी, जांच जारी

    पांवटा साहिब के कोटड़ी व्यास में 15 वर्षीय छात्र ने फं*दा लगाकर जा*न दी, जांच जारी

    पांवटा साहिब उपमंडल के कोटड़ी व्यास क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दसवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

    सिरमौर/कोटड़ी व्यास

    घर के पास निर्माणाधीन कमरे में मिला छात्र
    पांवटा साहिब उपमंडल के कोटड़ी व्यास में 15 वर्षीय छात्र कृष पुत्र तरसेम ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार जब कृष घर पर नहीं मिला तो उसकी तलाश की गई, इसी दौरान वह घर के पास बन रहे एक कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।

    अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि
    परिजन तत्काल उसे पांवटा साहिब अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

    दसवीं के परिणाम के बाद तनाव में होने की आशंका
    प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कृष हाल ही में एसओएस बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में असफल हुआ था। परीक्षा परिणाम के बाद से वह मानसिक तनाव में चल रहा था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

    इकलौता पुत्र था, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
    मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था और अपने पीछे एक बहन को छोड़ गया है। इस घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

    पुलिस ने दर्ज किया मामला
    पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

  • काम पर गया फल विक्रेता, पीछे से टूटा कमरे का ताला; शिमला सदर में 22 हजार की नकदी चोरी

    काम पर गया फल विक्रेता, पीछे से टूटा कमरे का ताला; शिमला सदर में 22 हजार की नकदी चोरी

    शिमला शहर के सदर थाना क्षेत्र में किराए के कमरे से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    शिमला

    पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के चिलकाना तहसील निवासी अरमान पुत्र एहसान वर्तमान में शिमला के कृष्णानगर क्षेत्र में किराए पर रहते हैं और फल बेचने का काम करते हैं। घटना के समय वह काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे उनके चाचा ने फोन कर सूचना दी कि कमरे का ताला टूटा हुआ है।

    सूचना मिलते ही अरमान मौके पर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि एलसीडी के पास रखी गई 22 हजार रुपये की नकदी गायब है।

    पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(3) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आसपास के क्षेत्रों की पड़ताल की जा रही है और संदिग्धों से जुड़ी जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6.5 लाख रुपये ठगे

    डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर ठगों ने सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6.5 लाख रुपये ठगे

    अम्ब उपमंडल में साइबर ठगी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठगों ने पुलिस कार्रवाई और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को झांसे में ले लिया। मानसिक दबाव में आकर पीड़ित ने अपनी जीवन भर की बचत ठगों के खाते में ट्रांसफर कर दी।

    ऊना/अम्ब

    पुलिस अधिकारी बनकर की कॉल, बड़े फ्रॉड का डर दिखाया
    साइबर अपराधियों ने अम्ब उपमंडल निवासी सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को एक अनजान नंबर से कॉल की। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए दावा किया कि दिल्ली स्थित केनरा बैंक में 6.5 करोड़ रुपये के बड़े फ्रॉड की जांच चल रही है, जिसमें 243 लोगों के नाम सामने आए हैं और पीड़ित का नाम भी उसमें शामिल है।

    डुप्लीकेट सिम और अपराधों में इस्तेमाल का आरोप
    ठगों ने पीड़ित को बताया कि उसके नाम से एक डुप्लीकेट सिम जारी हुई है, जिसका उपयोग डकैती और अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया गया है। इस आरोप से पीड़ित पूरी तरह घबरा गया और खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश करने लगा।

    वीडियो कॉल पर वर्दीधारी ठगों ने बनाया भरोसा
    पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए ठगों ने वीडियो कॉल की। वीडियो में वे पुलिस की वर्दी में नजर आए, कंधों पर स्टार लगे थे और पीछे पुलिस थाना जैसा माहौल दिखाया गया। इससे पीड़ित को यह यकीन हो गया कि कॉल वास्तव में पुलिस की ओर से की जा रही है।

    गिरफ्तारी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी
    ठगों ने गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए कहा कि यदि वह तुरंत 6.5 लाख रुपये जमा नहीं करता तो उसे हिरासत में ले लिया जाएगा। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसके परिवार की जान को खतरा हो सकता है।

    एफडी तुड़वाकर खाते से निकालकर ट्रांसफर की रकम
    मानसिक दबाव और भय के कारण पीड़ित हिमाचल से अमृतसर पहुंचा, जहां उसने अपनी 5 लाख रुपये की एफडी तुड़वाई और शेष राशि बचत खाते से निकालकर कुल 6.5 लाख रुपये ठगों द्वारा बताए गए खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

    साइबर ठगी का शिकार, जांच की तैयारी
    बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब उसने परिजनों को जानकारी दी। मामला साइबर अपराध से जुड़ा होने के चलते जांच की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की डिजिटल अरेस्ट, पुलिस कार्रवाई या बैंक फ्रॉड के नाम पर आने वाली कॉल से सावधान रहें और तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

  • अम्ब में नशीली दवाइयों की तस्करी का खुलासा, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार

    अम्ब में नशीली दवाइयों की तस्करी का खुलासा, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार

    अम्ब क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूछताछ के दौरान सप्लाई चेन से जुड़े एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गिरफ्तारी से मामले की परतें खुली हैं।

    ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

    पूछताछ में सामने आई सप्लाई चेन की अहम कड़ी
    अम्ब में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ के दौरान एक नई कड़ी सामने आई। आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्रतिबंधित नशीली दवाइयां एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से प्राप्त करता था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया।

    पालकवाह निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार
    पुलिस ने खुलासे के आधार पर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव जितेंद्र कुमार (28), निवासी पालकवाह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी अवैध दवा तस्करी नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

    छापेमारी में ट्रामाडोल और नकदी बरामद
    गौरतलब है कि पूर्व में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने अम्ब स्थित एक मेडिकल स्टोर और उसके पीछे बने रिहायशी मकान पर छापेमारी की थी। मकान की तलाशी के दौरान ट्रामाडोल 100 एमजी की 2330 गोलियां (233 ग्राम) और लगभग 24.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

    वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की जांच जारी
    ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा बरामद दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली दवाइयां घोषित किया गया है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चेन और अन्य संदिग्धों की गहन जांच की जा रही है।