Category: Sirmour

  • उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, यातायात सुधार को लेकर अहम फैसले

    उपायुक्त की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, यातायात सुधार को लेकर अहम फैसले

    सड़क दुर्घटनाओं, ड्रंक एंड ड्राइव और शहर की ट्रैफिक समस्याओं को लेकर विभागों को दिए गए स्पष्ट निर्देश


    जिला सिरमौर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ जिले में सड़क दुर्घटनाओं और यातायात से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।


    नाहन

    सड़क सुरक्षा को लेकर विभागों को दिशा-निर्देश
    उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने उपायुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रशासनिक, लोक निर्माण, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और सड़क सुरक्षा क्लब के अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवर स्पीड पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।

    भारी वाहनों की आवाजाही पर समय सीमा तय
    उन्होंने पांवटा साहिब शहर में स्थानीय लोगों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि बांगरण चौक से पुरुवाला, बातापुल से विश्वकर्मा चौक तथा विश्वकर्मा चौक से रामपुरघाट सड़क मार्ग पर माइनिंग से जुड़े बड़े वाहन केवल रात्रि 10 बजे से प्रातः 5 बजे तक ही चल सकेंगे। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को सड़क किनारे पैरापिट और क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

    पार्किंग और वेंडिंग व्यवस्था सुधारने के आदेश
    उपायुक्त ने कहा कि नाहन शहर में क्रियाशील आठ पार्किंग स्थलों पर नगर पालिका द्वारा पार्किंग शुल्क को फ्लैक्स पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने शहर में सब्जी विक्रेताओं और फूड स्ट्रीट वेंडरों के लिए निर्धारित स्थल चिन्हित करने तथा परिवहन विभाग को टैक्सी और ई-रिक्शा ऑपरेटरों के लिए अलग पार्किंग स्थल तय करने के निर्देश दिए।

    स्कूलों के पास विद्यार्थियों की सुरक्षा पर जोर
    उन्होंने पांवटा साहिब से कालाअंब राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित स्कूलों के समीप विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रंबल स्ट्रिप और साइनेज शीघ्र स्थापित करने के निर्देश राष्ट्रीय उच्च मार्ग अधिकारियों को दिए।

    चौगान मैदान के सौंदर्यकरण पर भी चर्चा
    बैठक में नाहन शहर से जुड़ी विभिन्न नागरिक समस्याओं के साथ-साथ चौगान मैदान के सौंदर्यकरण को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

    अधिकारी रहे उपस्थित
    इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर लायक राम वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण आलोक जनवेजा, सड़क सुरक्षा क्लब नाहन के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

  • सिरमौर / गिरिपार के वीर सपूत ग्रेनेडियर कपिल का सड़क दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन

    सिरमौर / गिरिपार के वीर सपूत ग्रेनेडियर कपिल का सड़क दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन

    भारतीय सेना में सेवारत गिरिपार के जवान ग्रेनेडियर कपिल के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्होंने उत्तराखंड के आर्मी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे जवान कपिल

    भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स में सेवारत गिरिपार क्षेत्र के वीर सपूत ग्रेनेडियर कपिल का उपचार के दौरान निधन हो गया। वह वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन तैनात थे और पिछले सात वर्षों से देश सेवा में लगे हुए थे।

    अवकाश के दौरान हुआ था सड़क हादसा

    प्राप्त जानकारी के अनुसार कपिल अवकाश पर घर आए हुए थे। 8 जनवरी को उत्तराखंड के सेलाकुई क्षेत्र में बाइक दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती किया गया, बाद में हालत बिगड़ने पर आर्मी अस्पताल देहरादून रेफर किया गया, जहां बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

    2018 में हुए थे सेना में भर्ती

    ग्रेनेडियर कपिल 18 सितंबर 2018 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। ग्राम पंचायत दिगुआ के प्रधान रण सिंह के अनुसार वह पटना गांव के निवासी थे। उनके पिता पंच राम और माता जयंती देवी गहरे सदमे में हैं। परिवार में उनके विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस दुखद घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।

    शुक्रवार को होगा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

    वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना, डाकघर मिल्ला, तहसील शिलाई में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई सहित अनेक सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने इस असमय निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

  • सिरमौर में जिला योजना व 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा, उद्योग मंत्री ने दिए समन्वय के निर्देश

    सिरमौर में जिला योजना व 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा, उद्योग मंत्री ने दिए समन्वय के निर्देश

    जिला सिरमौर के विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, बिजली और शहरी विकास से जुड़े प्रमुख आंकड़े प्रस्तुत किए गए।

    सिरमौर/नाहन

    जिला योजना और 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

    उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नाहन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, उपायुक्त प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

    जनप्रतिनिधियों के सुझावों को गंभीरता से लेने के निर्देश

    उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैर-सरकारी सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के आपसी समन्वय से ही जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

    स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, संस्थागत प्रसव बढ़े

    बैठक में बताया गया कि जिला सिरमौर में स्वास्थ्य संस्थानों की स्थिति में पूर्व की तुलना में सुधार हुआ है। सरकार दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए रिक्त पदों को भरने के प्रयास कर रही है। जिला में वर्ष 2025-26 के दौरान 4333 संस्थागत प्रसव कराए गए।

    रोजगार, आजीविका और वन संरक्षण की प्रगति

    वर्ष 2025-26 में जिले में 1,03,802 जॉब कार्ड जारी किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 35 स्वयं सहायता समूह बनाए या पुनर्जीवित किए गए। वन विभाग द्वारा 486.68 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 3 लाख 16 हजार पौधारोपण किया गया।

    खाद्य सुरक्षा, आवास और स्वच्छता पर जोर

    लोक वितरण प्रणाली के तहत 25,876 टन अनाज आवंटित किया गया। अंतोदय अन्न योजना में गरीबी रेखा से ऊपर के परिवारों को 13,347 टन और गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को 2074 टन अनाज वितरित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में 2132 घरों का निर्माण हुआ, जबकि वर्ष 2025-26 में अब तक 261 व्यक्तिगत घरेलू शौचालय बनाए गए।

    बिजली और ग्रामीण विद्युतीकरण कार्य

    जिले में 859 नए विद्युत ट्रांसफार्मर लगाए जाने प्रस्तावित हैं, जिनमें से 45 स्थापित किए जा चुके हैं। राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत 172.33 मिलियन यूनिट बिजली वितरित की गई और 231 पंप सेट सक्रिय किए गए।

    शहरी निकायों की योजनाओं की भी समीक्षा

    इसके उपरांत उद्योग मंत्री ने शहरी स्थानीय निकायों की जिला स्तरीय सलाहकार एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

    कचरा प्रबंधन और विरासत संरक्षण पर फैसले

    बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत राजगढ़ में सूखे और गीले कचरे का पृथक्करण कर निपटान किया जा रहा है। नगर परिषद पांवटा साहिब और नगर पंचायत राजगढ़ में ‘स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर’ अभियान चलाया जा रहा है। राजगढ़ में ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट के लिए भूमि शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित की गई है। वहीं नगर परिषद नाहन क्षेत्र में ऐतिहासिक स्थलों को धरोहर घोषित करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

  • जिला सिरमौर में अवैध खनन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 39 वाहन जब्त कर खनन माफिया पर कसा शिकंजा

    जिला सिरमौर में अवैध खनन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 39 वाहन जब्त कर खनन माफिया पर कसा शिकंजा

    जिला सिरमौर पुलिस ने अवैध खनन और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहन जब्त किए गए हैं।

    सिरमौर

    खनन माफिया के खिलाफ विशेष अभियान

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर अवैध खनन और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैक्टर, डंपर और ट्राला सहित कुल 39 वाहनों को जब्त अथवा डिटेन किया गया, जो नियमों की अवहेलना करते हुए खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए।

    विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

    पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में पांवटा साहिब थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 19 वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा नाहन थाना क्षेत्र से 7, माजरा से 3, राजगढ़ से 1, पुरुवाला से 4, कालाअम्ब से 1, श्री रेणुका जी से 2 और पच्छाद थाना क्षेत्र से 2 वाहन जब्त किए गए हैं।

    खनन व मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर कार्रवाई

    जब्त किए गए सभी वाहन खनन अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के आरोप में पुलिस कार्रवाई के दायरे में आए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन से पर्यावरण और सार्वजनिक संसाधनों को होने वाले नुकसान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

    जिला सिरमौर पुलिस ने खनन माफिया को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • जिला सिरमौर में एनडीपीएस और जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई, काला आम्ब में दो आरोपी गिरफ्तार

    जिला सिरमौर में एनडीपीएस और जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई, काला आम्ब में दो आरोपी गिरफ्तार

    जिला सिरमौर में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। काला आम्ब थाना क्षेत्र में अवैध हैरोइन के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

    सिरमौर/काला आम्ब

    अवैध मादक पदार्थ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

    पुलिस थाना काला आम्ब, जिला सिरमौर, हि.प्र. में दो व्यक्तियों को अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की पुत्र श्री भीम सिंह, निवासी मकान नंबर 660, वार्ड नंबर 4, मॉडल टाउन भूना, थाना व तहसील भूना, जिला फतेहाबाद, हरियाणा तथा शुभम उर्फ शुभी पुत्र श्री सतीश कुमार, निवासी दुर्गा कॉलोनी काला आम्ब, डॉ. हमीदपुर, तहसील व थाना नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है।

    7.06 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद

    पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 7.06 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

    दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना काला आम्ब में दिनांक 20-01-2026 को धारा 21, 29-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

    पुलिस रिमांड लेकर जांच जारी

    पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों का माननीय अदालत से पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे के इस अवैध धंधे में इनके साथ अन्य कौन-कौन सहयोगी शामिल हैं।

  • 25 साल की सेवा के बाद विक्रम ठाकुर ने संभाला सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार

    25 साल की सेवा के बाद विक्रम ठाकुर ने संभाला सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार

    नाहन |

    हिमाचल दस्तक ब्यूरोप्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग में 25 वर्षों तक विभिन्न पदों पर सेवाएं देने वाले विक्रम ठाकुर ने सोमवार शाम जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है।

    कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने पंचायत चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।सोमवार को हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार पंचायत चुनाव कराने का फैसला लिया गया है।

    इसी कड़ी में सिरमौर में नवनियुक्त जिला पंचायत अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।विक्रम ठाकुर मूल रूप से जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के द्राबिल गांव के रहने वाले हैं। जबकि यशवंत विहार में भी उन्होंने अपना घर बनाया हुआ है।

    उन्होंने वर्ष 2001 में जिला मंडी में पंचायत ऑडिटर के रूप में पंचायती राज विभाग में सेवाकाल की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शिमला और नाहन में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं।पदोन्नति के बाद उन्होंने पंचायत अधिकारी निदेशालय शिमला में कार्य किया।

    इसके उपरांत पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान मशोबरा में प्रशिक्षक के रूप में रहते हुए प्रदेश के पंचायती राज प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया। बाद में वे नाहन में जिला ऑडिट अधिकारी के पद पर तैनात रहे।

    विभागीय पदोन्नति के बाद विक्रम ठाकुर ने प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में जिला पंचायत अधिकारी के रूप में दायित्व निभाया।

    जिला ऑडिट अधिकारी रहते हुए भी वे लंबे समय तक सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्य देख चुके हैं।जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पंचायत चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सभी संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

  • जिला कल्याण अधिकारी के रूप में गावा सिंह नेगी ने संभाला सिरमौर का कार्यभार

    जिला कल्याण अधिकारी के रूप में गावा सिंह नेगी ने संभाला सिरमौर का कार्यभार

    सिरमौर जिले में जिला कल्याण विभाग की जिम्मेदारी अब अनुभवी अधिकारी गावा सिंह नेगी को सौंपी गई है, जिन्होंने पदभार ग्रहण कर कार्य आरंभ कर दिया है। प्रशासनिक अनुभव और जनकल्याण योजनाओं की गहरी समझ के साथ वे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देंगे।

    सिरमौर

    अनुभवी अधिकारी को मिली अहम जिम्मेदारी
    गावा सिंह नेगी ने सिरमौर जिला में जिला कल्याण अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया है। वे जिला किन्नौर के लिप्पा गांव से संबंध रखते हैं और जनजातीय एवं सामाजिक कल्याण क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं।

    2010 से शासकीय सेवा में सक्रिय भूमिका
    उन्होंने अपने शासकीय सेवाकाल की शुरुआत वर्ष 2010 में जनजातीय कल्याण अधिकारी के पद से की थी। वर्ष 2022 में पदोन्नति के उपरांत वे जिला किन्नौर में जिला कल्याण अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे, इसके बाद जिला सोलन में भी उन्होंने इसी पद पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

    पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचाना प्राथमिकता
    पदभार ग्रहण करने के बाद गावा सिंह नेगी ने कहा कि वे प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

    प्रशासनिक समन्वय से अंतिम व्यक्ति तक लाभ
    उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

  • काला आम्ब में जुए पर पुलिस की सख्ती, सट्टा खिलाते दो आरोपी गिरफ्तार

    काला आम्ब में जुए पर पुलिस की सख्ती, सट्टा खिलाते दो आरोपी गिरफ्तार

    जिला सिरमौर के काला आम्ब थाना क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किए गए हैं।

    सिरमौर/काला आम्ब

    सट्टा पर्ची और नकदी के साथ पहला आरोपी गिरफ्तार
    काला आम्ब पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की पहचान मनोज पुत्र वीरेंद्र, निवासी गांव बिछौला, तहसील सिरासौल, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्ची और 900 रुपये नकद बरामद किए।

    दूसरे मामले में भी सट्टा खिलाने का खुलासा
    एक अन्य कार्रवाई में काला आम्ब पुलिस ने सतीश कुमार पुत्र गजेन्द्र राउत, निवासी गांव पकड़ी, वार्ड नंबर-01, बसंतपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) को सट्टा खिलाने के आरोप में पकड़ा। आरोपी के पास से सट्टा पर्ची और 970 रुपये नकद बरामद किए गए।

    जुआ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज
    दोनों मामलों में काला आम्ब थाना में जुआ अधिनियम के अंतर्गत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस द्वारा मामलों की गहन तफ्तीश की जा रही है।

  • पांवटा साहिब  / उत्तर प्रदेश के युवक से 210 नशीले कैप्सूल बरामद, एनडीपीएस में केस

    पांवटा साहिब / उत्तर प्रदेश के युवक से 210 नशीले कैप्सूल बरामद, एनडीपीएस में केस

    जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक और कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुरुवाला थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को नशीले कैप्सूल के साथ पकड़ा है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब/पुरुवाला

    गश्त के दौरान बड़ी बरामदगी

    पुरुवाला पुलिस टीम ने भुंगरनी सिंचाई नहर के पास गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 210 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान सन्नी सिंह पुत्र उमेश कुमार, निवासी गांव नुरपुर, तहसील चांदपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

    एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

    बरामदगी के बाद पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले कैप्सूल की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

    पुलिस अधीक्षक ने की पुष्टि

    जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने नशीले कैप्सूल के साथ आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    नशे के खिलाफ अभियान जारी

    पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे की तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्त और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

    पांवटा साहिब पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में दो व्यक्तियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हर्ष पुत्र भुवन चन्द पंथ, निवासी वार्ड नंबर 10 देवी नगर पांवटा साहिब और रोहन चौहान पुत्र मित्र सिंह, निवासी गांव बडवास, डाकघर व तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

    पुलिस ने डीएवी स्कूल के साथ लगते मैदान में आम के पेड़ के नीचे से 2.47 ग्राम स्मैक बरामद की। बताया गया कि पुलिस को देखकर एक आरोपी ने स्मैक फेंक दी थी। इस मामले में भी थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

  • सिरमौर में 2026 के लिए स्थानीय अवकाशों में संशोधन, उपायुक्त ने जारी की तहसीलवार छुट्टियों की सूची

    सिरमौर में 2026 के लिए स्थानीय अवकाशों में संशोधन, उपायुक्त ने जारी की तहसीलवार छुट्टियों की सूची

    जिला सिरमौर में वर्ष 2026 के दौरान मनाए जाने वाले प्रमुख मेलों और त्योहारों को लेकर स्थानीय अवकाशों की संशोधित सूची जारी की गई है। विभिन्न तहसीलों और उप तहसीलों में अलग-अलग तिथियों पर अवकाश निर्धारित किया गया है।

    सिरमौर/नाहन

    उपायुक्त ने जारी किया शुद्धिपत्र

    उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने वर्ष 2026 के लिए स्थानीय अवकाशों से संबंधित शुद्धिपत्र जारी किया है। जारी आदेशों के अनुसार उप मंडल राजगढ़ के अंतर्गत तहसील राजगढ़ और उप तहसील नौहरी में श्री शिरगुल देवता बैसाखी मेला के अवसर पर स्थानीय अवकाश अब 13 अप्रैल के स्थान पर 16 अप्रैल, 2026 को रहेगा।

    नाहन और रेणुका क्षेत्र के अवकाश

    जारी सूची के अनुसार तहसील नाहन में त्रिलोकपुर मेला चैत्र के अवसर पर 25 मार्च, 2026 तथा श्री रेणुका जी मेला के अवसर पर 20 नवंबर, 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। वहीं श्री रेणुका जी मेला के अवसर पर तहसील ददाहू में 19 और 20 नवंबर को अवकाश रहेगा।

    अन्य तहसीलों में मेला और त्योहार आधारित अवकाश

    तहसील संगड़ाह, तहसील नौहराधार और उप तहसील हरिपुरधार में श्री रेणुका जी मेला के अवसर पर 21 और 23 नवंबर, 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा। तहसील पांवटा साहिब और उप तहसील माजरा में होला-मोहल्ला पर्व पर 5 मार्च तथा शरद उत्सव के लिए 27 अक्तूबर, 2026 को अवकाश रहेगा।

    माघी, बूढ़ी दिवाली और वामन द्वादशी पर अवकाश

    तहसील कमरऊ में माघी त्योहार पर 12 जनवरी और श्री रेणुका जी मेला पर 20 नवंबर, 2026 को अवकाश रहेगा। तहसील शिलाई और उप तहसील रोनहाट में माघी पर्व पर 12 जनवरी तथा बूढ़ी दिवाली के अवसर पर 9 दिसंबर, 2026 को स्थानीय अवकाश रहेगा। इसी प्रकार तहसील पच्छाद और उप तहसील नारग में वामन द्वादशी मेला 23 सितंबर तथा श्री रेणुका जी मेला के लिए 20 नवंबर, 2026 को स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।