Category: Sirmour

  • पच्छाद को मिली विकास की सौगात, पीएमजीएसवाई से ₹7.63 करोड़ की सड़क से खुश ग्रामीण

    पच्छाद को मिली विकास की सौगात, पीएमजीएसवाई से ₹7.63 करोड़ की सड़क से खुश ग्रामीण

    नवीन सड़क, रेल कनेक्टिविटी और शिक्षा को लेकर भाजपा का स्पष्ट रोडमैप , सांसद सुरेश कश्यप ने पच्छाद में विकास कार्यों की दी विस्तृत जानकारी

    सिरमौर/पच्छाद

    भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बजगा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी आम जनता से साझा की। इस दौरान उन्होंने सड़क, रेल कनेक्टिविटी और शिक्षा को पच्छाद के समग्र विकास की आधारशिला बताते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने का दावा किया।

    सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सैर-जगास में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत ₹7.63 करोड़ की लागत से पक्की सड़क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादों के विपणन में मदद मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

    रेल कनेक्टिविटी पर लगातार प्रयास

    सांसद सुरेश कश्यप ने बताया कि सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्रों पांवटा साहिब और काला अंब को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जगाधरी से पांवटा साहिब तक प्रस्तावित 62 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का प्रारंभिक सर्वेक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है और इसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंप दी गई है।

    इसके अतिरिक्त काला अंब और पांवटा साहिब के माध्यम से घनौली से देहरादून तक प्रस्तावित 216 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का भी सर्वे किया जा चुका है। सांसद ने बताया कि प्रदेश में चार नई रेलवे लाइनों पर योजना, स्वीकृति और निर्माण के विभिन्न चरणों में कार्य चल रहा है, जिससे आने वाले समय में हिमाचल की कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।

    शिक्षा से जुड़ी भावनात्मक सहभागिता

    कार्यक्रम के दौरान सांसद सुरेश कश्यप ने ग्राम पंचायत बजगा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गागल शिकोर में विद्यार्थियों से संवाद किया और स्वेटर वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से हुई है और आज उसी विद्यालय में बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें विशेष गर्व और आत्मीयता का अनुभव हो रहा है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा, सड़क और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और पच्छाद क्षेत्र इसका प्रत्यक्ष उदाहरण बन रहा है।

  • सिरमौर में नशा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, स्मैक और प्रतिबंधित दवाइयों सहित पांच आरोपी काबू

    सिरमौर में नशा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, स्मैक और प्रतिबंधित दवाइयों सहित पांच आरोपी काबू


    सिरमौर जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई कर तस्करी नेटवर्क को झटका दिया है।


    सिरमौर/पांवटा साहिब-कालाअंब

    जिला सिरमौर में नशा तस्करी की रोकथाम के लिए गठित विशेष टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए स्मैक/हेरोइन और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की खेप बरामद की है। इन कार्रवाइयों में कुल पांच आरोपियों को पुलिस ने काबू किया है।

    पुरुवाला में स्मैक के साथ दो आरोपी दबोचे

    उपमंडल पांवटा साहिब के पुरुवाला क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने साहिल निवासी टालापुर (उत्तर प्रदेश) और निरमल सिंह निवासी डांडा, पांवटा साहिब को स्मैक/हेरोइन के साथ पकड़ा। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

    कालाअंब में नशीली दवाइयों की सप्लाई का खुलासा

    एसआईयू टीम ने कालाअंब क्षेत्र में काली माता मंदिर के पीछे खड़ी एक कार की तलाशी के दौरान प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और खुले कैप्सूल बरामद किए। इस मामले में तरुण कुमार और नैतिक श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हिरासत के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि नशीली दवाइयों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

    पांवटा साहिब में चिट्टा तस्करी का मामला

    एसआईयू टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र की तिब्बती कॉलोनी के समीप एक व्यक्ति अय्युर खान निवासी कुंजा ग्रांट, उत्तराखंड को चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की जांच जारी है।

    पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

    पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन मामलों में केवल बरामदगी तक सीमित न रहते हुए पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। आने वाले दिनों में इस अभियान के तहत और भी खुलासे होने की संभावना है।

  • वर्ष 2026 में सिरमौर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा बैठकों की तिथियां तय

    वर्ष 2026 में सिरमौर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा बैठकों की तिथियां तय


    जिला सिरमौर में वर्ष 2026 के दौरान ग्राम सभा बैठकों के आयोजन को लेकर प्रशासन ने वार्षिक कार्यक्रम तय कर दिया है। सभी पंचायतों को निर्धारित तिथियों पर बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।


    नाहन/सिरमौर

    चार चरणों में होंगी ग्राम सभा की बैठकें

    जिला सिरमौर की सभी ग्राम पंचायतों में वर्ष 2026 के दौरान ग्राम सभा की बैठकें चार चरणों में आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम सभा बैठकें जनवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्तूबर माह में निर्धारित की गई हैं।

    इन तिथियों पर आयोजित होंगी ग्राम सभाएं

    आदेश के अनुसार ग्राम सभा की बैठकें 04 जनवरी, 05 अप्रैल, 05 जुलाई तथा 02 अक्तूबर को आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में पंचायत स्तर से जुड़े विकास कार्यों, योजनाओं और जनसमस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

    पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश जारी

    जिला पंचायत अधिकारी ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्राम सभा की बैठकें तय तिथियों पर अनिवार्य रूप से आयोजित करें और इसकी सूचना समय पर संबंधित विभागों को दें।

  • सिरमौर के अभिजीत ठाकुर का राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए चयन, अंडर-20 में जीता स्वर्ण पदक

    सिरमौर के अभिजीत ठाकुर का राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए चयन, अंडर-20 में जीता स्वर्ण पदक


    अंडर-20 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद सिरमौर जिले के खिलाड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला है। यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।


    सिरमौर/नाहन

    राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

    सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल के मलाना गांव निवासी अभिजीत ठाकुर का तलवारबाजी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अभिजीत ने हिमाचल प्रदेश अंडर-20 फेंसिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

    जनवरी में ओडिशा में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

    राज्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अभिजीत ठाकुर का चयन जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में ओडिशा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वह पिछले चार वर्षों से तलवारबाजी का नियमित अभ्यास कर रहे हैं।

    खेल परिवार से जुड़ा है अभिजीत का सफर

    अभिजीत अपने बड़े भाई एवं कोच विश्वजीत सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो स्वयं नेशनल मेडलिस्ट हैं। विश्वजीत सिंह ठाकुर हाल ही में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कांस्य पदक भी जीत चुके हैं।

    पढ़ाई के साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

    अभिजीत ठाकुर वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय के खालसा कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उनके पिता स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट हैं, माता गृहिणी हैं जबकि दादा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी रह चुके हैं।

    युवाओं के लिए बने प्रेरणा

    दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से सिरमौर जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रही है।

  • नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू, हड़ताल का नहीं दिखा व्यापक असर, अधिकांश डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात

    नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू, हड़ताल का नहीं दिखा व्यापक असर, अधिकांश डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात

    नाहन:

    शिमला के आईजीएमसी में डॉक्टर और मरीज के बीच हुई मारपीट की घटना के विरोध में प्रदेशभर में चल रहे गतिरोध के बीच नाहन मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सुचारू बनी रहीं।

    जिला मुख्यालय स्थित इस प्रमुख अस्पताल में डॉक्टरों ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ड्यूटी दी, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिली। हालांकि, कुछ सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स (SRAs) अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहे, लेकिन इसका असर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी और अन्य सेवाओं पर नहीं पड़ा।

    ​मेडिकल कॉलेज की लगभग सभी ओपीडी में डॉक्टर मौजूद रहे और मरीजों की जांच की गई। आपातकालीन सेवाएं भी सामान्य रूप से चलती रहीं और इमरजेंसी में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की गई।

    मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल संगीता ढिल्लों ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रबंधन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों द्वारा हड़ताल को लेकर उन्हें कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, इसके बावजूद अस्पताल में कामकाज प्रभावित नहीं होने दिया गया।

    ​दूसरी ओर, शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने आईजीएमसी प्रकरण में सरकार द्वारा डॉक्टर के टर्मिनेशन के फैसले को सही ठहराया है। स्थानीय निवासी नरेन्द्र तोमर का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में एक डॉक्टर द्वारा मरीज के साथ मारपीट किया जाना सर्विस रूल्स के खिलाफ है और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

    ​गौरतलब है कि जहां जिला के पांवटा साहिब जैसे अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहीं, वहीं नाहन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपनी सेवाएं जारी रखीं। हालांकि, दूर-दराज से आए कुछ मरीज हड़ताल की खबरों के कारण असमंजस में दिखे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उन्हें ओपीडी में इलाज मिल सका।

  • संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर विधायक विनय कुमार ने क्षेत्रवासियों को दी बधाई

    संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर विधायक विनय कुमार ने क्षेत्रवासियों को दी बधाई

    संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के फैसले को क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया गया है। विधायक विनय कुमार ने इसे जनहित की साझा जीत और बेहतर शहरी सुविधाओं की शुरुआत करार दिया है।

    श्री रेणुका जी/संगड़ाह

    नगर पंचायत बनने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल

    श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। इस फैसले को स्थानीय विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और मजबूत स्थानीय शासन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

    लंबे प्रयासों के बाद मिला दर्जा

    विधायक विनय कुमार ने कहा कि क्षेत्रवासियों के विश्वास, सहयोग और लगातार किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिला है। उन्होंने इसे केवल एक प्रशासनिक अधिसूचना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने वाला निर्णय बताया।

    विकास और रोजगार के नए अवसर

    नगर पंचायत बनने से संगड़ाह और आसपास के क्षेत्रों में सुनियोजित शहरी विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सशक्तिकरण से जन सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई गई है।

    जनहित सर्वोपरि रहेगा

    विधायक विनय कुमार ने कहा कि क्षेत्र के हर नागरिक की जरूरत, सुविधा और भविष्य उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने विकास के इस सफर में जनता के साथ हमेशा खड़े रहने का भरोसा भी जताया।

  • फर्जी पुलिस गाड़ियों से घूम रहे आरोपी पकड़े, हथियार लाइसेंस उल्लंघन और पुलिस अधिकारी बनकर घूमने का मामला दर्ज

    फर्जी पुलिस गाड़ियों से घूम रहे आरोपी पकड़े, हथियार लाइसेंस उल्लंघन और पुलिस अधिकारी बनकर घूमने का मामला दर्ज

    श्री रेणुका जी क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए फर्जी पुलिस बोर्ड और हूटर लगी गाड़ियों को पकड़ा है। मामले में हथियार लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन और पुलिस अधिकारी बनकर घूमने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

    सिरमौर/श्री रेणुका जी

    गश्त के दौरान हूटर बजाती गाड़ियों पर हुआ संदेह
    श्री रेणुका जी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ संगड़ाह चौक के पास गश्त व यातायात चेकिंग पर मौजूद थे। इसी दौरान माता श्री रेणुका जी मंदिर की ओर से हूटर बजाते हुए एक बलेरो और उसके पीछे एक इनोवा गाड़ी आई। दोनों वाहनों पर पुलिस बोर्ड और हूटर लगे हुए थे, जबकि इनोवा में एक व्यक्ति पुलिस वर्दी पहनकर बैठा हुआ था। पुलिस ने जब दोनों वाहनों को रुकने का संकेत दिया तो वे तेज रफ्तार से संगड़ाह की ओर भाग गए।

    हरिपुरधार में रोकी गई दोनों संदिग्ध गाड़ियां
    पुलिस ने तुरंत पीछा कर संगड़ाह थाना और हरिपुरधार चौकी को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने दोनों गाड़ियों को हरिपुरधार में डिटेन कर लिया। जांच में बलेरो गाड़ी में चालक सहित चार लोग सवार पाए गए, जिनमें चालक की पहचान आमिर हुसैन निवासी जिला शिमला के रूप में हुई।

    इनौवा से हथियार और लाइसेंस उल्लंघन का खुलासा
    दूसरी गाड़ी इनोवा में अजय नामक व्यक्ति सवार पाया गया, जिसके पास एक रिवॉल्वर और 315 बोर राइफल सहित जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसने हथियारों का लाइसेंस प्रस्तुत किया, लेकिन जांच में लाइसेंस की एरिया वैलिडिटी शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इस आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।

    पुलिस वर्दी पहनकर घूम रहा व्यक्ति भी हिरासत में
    इसी इनोवा की पिछली सीट पर बैठा व्यक्ति पुलिस वर्दी में था, जिसकी वर्दी पर HPP बैज और कंधों पर तीन-तीन स्टार लगे थे। उसने अपना नाम उदय शर्मा बताया और खुद को कभी विजिलेंस तो कभी सीआईडी अधिकारी बताता रहा। पहचान पत्र और तैनाती के संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

    दोनों मामलों को एक साथ जोड़कर दर्ज किया गया केस
    पुलिस ने हथियार लाइसेंस उल्लंघन और पुलिस अधिकारी बनकर घूमने के दोनों मामलों को जोड़ते हुए उदय शर्मा और अजय के खिलाफ पुलिस थाना श्री रेणुका जी में अभियोग दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

  • हिमाचल अंडर-14 हैंडबॉल टीम की कमान धर्मेंद्र चौधरी को , कोटड़ी व्यास क्षेत्र की एक और बड़ी उपलब्धि

    हिमाचल अंडर-14 हैंडबॉल टीम की कमान धर्मेंद्र चौधरी को , कोटड़ी व्यास क्षेत्र की एक और बड़ी उपलब्धि

    कोटड़ी व्यास के धर्मेंद्र चौधरी को बड़ी जिम्मेदारी, बने हैंडबॉल टीम के चीफ द मिशन

    सिरमौर जिले के कोटड़ी व्यास क्षेत्र के लिए यह उपलब्धि खेल जगत में गर्व का विषय बनी है। शिक्षा और खेल के क्षेत्र से जुड़े स्थानीय लोगों में इस नियुक्ति को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

    सिरमौर/कोटड़ी व्यास

    69वीं स्कूल गेम्स में हिमाचल टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई
    शहीद कमल कांत मेमोरियल विद्यालय कोटड़ी व्यास के शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत आयोजित होने वाली 69वीं खेल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश अंडर-14 बॉयज एवं गर्ल्स हैंडबॉल टीम का चीफ द मिशन नियुक्त किया गया है।

    राजस्थान के चितौड़गढ़ में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
    यह राष्ट्रीय स्तर की हैंडबॉल प्रतियोगिता राजस्थान के चितौड़गढ़ में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता से पूर्व खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर बॉयज वर्ग के लिए हमीरपुर के मंझेली तथा गर्ल्स वर्ग के लिए बिलासपुर के मोरसिंघी में आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद टीमें राजस्थान के लिए रवाना होंगी।

    सिरमौर और पांवटा दून में खुशी की लहर
    धर्मेंद्र चौधरी की इस उपलब्धि पर सिरमौर जिला और पांवटा दून क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति, पंचायत प्रधान तथा कोटड़ी व्यास के ग्रामीणों ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। शारीरिक शिक्षक संघ सिरमौर और पांवटा माजरा ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

    शिक्षा और खेल विभाग का जताया आभार
    धर्मेंद्र चौधरी ने शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश, खेल निदेशालय तथा जिला स्तर के खेल अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि कोच, टीम मैनेजर और खिलाड़ी मिलकर राजस्थान में हिमाचल प्रदेश की अंडर-14 हैंडबॉल टीम का शानदार प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे।

  • राजगढ़ में नशा तस्करी पर कार्रवाई, दुकान से भुक्की व चरस बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

    राजगढ़ में नशा तस्करी पर कार्रवाई, दुकान से भुक्की व चरस बरामद कर आरोपी गिरफ्तार

    राजगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नशा तस्करी से जुड़ी कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

    सिरमौर/राजगढ़

    गुप्त सूचना पर दुकान में की गई कार्रवाई
    पुलिस थाना राजगढ़ की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राणाघाट क्षेत्र में एक दुकान से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापा मारा।

    भुक्की और चरस बरामद
    तलाशी के दौरान आरोपी विकास राणा के कब्जे से 0.546 ग्राम भुक्की और 0.472 ग्राम चरस बरामद की गई। बरामदगी के बाद आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

    आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड मंजूर
    पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 21 दिसंबर को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

    नशे के खिलाफ अभियान जारी
    पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला सिरमौर में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

  • दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी संगड़ाह कॉलेज की एनसीसी कैडेट अंकिता शर्मा

    दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी संगड़ाह कॉलेज की एनसीसी कैडेट अंकिता शर्मा


    कड़े प्रशिक्षण और अनुशासित प्रदर्शन के बाद संगड़ाह कॉलेज की एनसीसी कैडेट अंकिता शर्मा का राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन हुआ है। 26 जनवरी को वह दिल्ली में राष्ट्रपति को सलामी देंगी।


    सिरमौर/संगड़ाह

    एनसीसी यूनिट और क्षेत्र में खुशी का माहौल

    सिरमौर जिले के राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की एनसीसी कैडेट अंकिता शर्मा का चयन दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ है। 26 जनवरी को राजधानी में आयोजित परेड में वह राष्ट्रपति को सलामी देकर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से कॉलेज की एनसीसी यूनिट और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।

    गांव गजवा की छात्रा, बीए अंतिम वर्ष में अध्ययनरत

    अंकिता शर्मा मूल रूप से संगड़ाह क्षेत्र के गांव गजवा की निवासी हैं और वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। वह एनसीसी की सक्रिय और अनुशासित कैडेट रही हैं। उनके पिता आत्मा राम शर्मा पेशे से वेल्डर हैं। बेटी के चयन से परिवार और गांव में गर्व और खुशी देखी जा रही है।

    कठोर प्रशिक्षण और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम

    अंकिता का चयन सैकड़ों एनसीसी कैडेटों में से उनके अनुशासन, निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन और कठोर प्रशिक्षण के आधार पर हुआ है। अंतिम चयन से पूर्व उन्होंने 50 दिनों से अधिक समय तक कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

    विभिन्न राष्ट्रीय शिविरों में लिया प्रशिक्षण

    उन्होंने प्रथम प्री-रिपब्लिक डे कैंप बनिखेत में 28 सितंबर से 7 अक्टूबर 2025 तक तथा द्वितीय शिविर चितकारा कॉलेज में 17 से 26 अक्टूबर 2025 तक प्रशिक्षण लिया। इसके बाद रोपड़ में आयोजित अंतर-समूह प्रतियोगिताओं के तीन चरणों में भाग लिया, जो 12 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 तक चले।

    कॉलेज प्रबंधन और एनसीसी प्रभारी ने जताया गर्व

    महाविद्यालय की एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट प्रोफेसर कविता चौहान ने बताया कि सार्जेंट अंकिता शर्मा का गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसका श्रेय प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को दिया। प्राचार्य डॉ. मीनू भास्कर ने अंकिता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।