Category: Sirmour

  • रेणुका जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक सवार अभिषेक ठाकुर 6.36 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार

    रेणुका जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाइक सवार अभिषेक ठाकुर 6.36 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार

    पुलिस ने गुप्त सूचना पर ददाहू से पनार की ओर आ रहे एक युवक को दबोचकर उसके कब्जे से चिट्टा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर रिमांड प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

    रेणुका जी

    मोटरसाइकिल की तलाशी में मिला चिट्टा
    पुलिस थाना रेणुका जी की टीम गश्त के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी पर गुप्त सूचना जुटा रही थी। तभी पता चला कि अभिषेक ठाकुर निवासी चूली KTM बाइक (HP71A-3957) पर चिट्टा लेकर पनार की ओर आ रहा है। पुलिस ने दाबड़ के पास नाका लगाया और बाइक को रोककर तलाशी ली। दाहिनी ओर अगले टायर के भीतर छिपाए लिफाफे से 6.36 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

    आरोपी गिरफ्तार, रिमांड की प्रक्रिया शुरू
    पुलिस ने अभिषेक को मौके पर गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया जा रहा है। टीम अवैध तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

  • कोटला पंजोला पंचायत के गढ़ासर बूथ पर विधायक रीना कश्यप ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

    कोटला पंजोला पंचायत के गढ़ासर बूथ पर विधायक रीना कश्यप ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

    कोटला पंजोला पंचायत के गढ़ासर बूथ में मंगलवार को ग्रामीणों ने भारी बरसात से हुए नुकसान, बिजली–पानी की दिक्कतों और सड़क व पगडंडी टूटने जैसी प्रमुख समस्याएं विधायक रीना कश्यप के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि फसलें और गौशालाएं भी प्रभावित हुईं, लेकिन अभी तक किसी प्रकार का मुआवजा नहीं मिला है।

    सिरमौर / कोटला पंजोला

    विधायक ने पंचायत चुनाव की तैयारी तेज करने के निर्देश दिए

    विधायक रीना कश्यप ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को सरकार के समक्ष रखकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से पंचायत चुनावों के लिए पूरी तैयारी करने को कहा। विधायक ने कहा कि पंचायत चुनावों की अधिसूचना जल्द जारी हो सकती है, ऐसे में कार्यकर्ता अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करें ताकि अधिकतर पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रतिनिधि चुने जा सकें।

    इसके बाद विधायक रीना कश्यप सोलन के कोटला नाला स्थित सृजन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं, जहां उन्होंने हाल ही में पुलिस भर्ती में चयनित हुए युवाओं को सम्मानित किया। बताया गया कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के कुल 7 युवा इस अकादमी से पुलिस में चयनित हुए हैं।

  • हिमाचल में रगबी को स्पोर्ट्स कोटा मिलने से खिलाड़ियों और संघ में खुशी की लहर

    हिमाचल में रगबी को स्पोर्ट्स कोटा मिलने से खिलाड़ियों और संघ में खुशी की लहर

    हिमाचल प्रदेश में रगबी खेल को पहली बार स्पोर्ट्स कोटा मिलने के बाद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और रगबी संघ में उत्साह का माहौल है। 12 नवंबर को जारी सचिवालय आदेश में 59 खेलों को स्पोर्ट्स कोटा प्रदान किया गया, जिनमें रगबी को भी शामिल किया गया है।

    सिरमौर

    खिलाड़ियों ने इसे वर्षों की मेहनत का परिणाम बताया

    रगबी खिलाड़ियों का कहना है कि लंबे समय से इस मान्यता की प्रतीक्षा थी। नेशनल और खेलो इंडिया प्लेटफॉर्म पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों रूबी, स्नेहा, महक, जोया, नंदिता, अंकिता, आर्यन, सुमित, नवप्रीत, अरबाज, अंकित, गौरव और आदित्य ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए बड़ा प्रोत्साहन है। अब स्पोर्ट्स कोटा मिलने से रोजगार और चयन प्रक्रियाओं में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा।

    रगबी रेफरी और टेक्निकल टीम ने भी जताई प्रसन्नता

    हिमाचल रगबी के क्वालिफाइड रेफरी सुधीर कुमार, सुमित चौधरी और नवप्रीत ने कहा कि यह निर्णय रगबी के भविष्य को मजबूत करेगा। संगठन ने बताया कि अब प्रदेश में विशेष ट्रेनिंग कैंप, स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम और बड़े स्तर पर तैयारी करवाई जाएगी, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

    हिमाचल रगबी संघ ने सरकार और समाजसेवी शानू भाई का किया धन्यवाद

    हिमाचल प्रदेश रगबी संघ के अध्यक्ष डॉ. विकास शूद, महासचिव विशाल सरिन, अनुज गुप्ता (एडवोकेट), अक्षय सूद (सेवानिवृत्त IAS), सुमित सूद (रॉयल हेरिटेज), टेक्निकल कमेटी हेड सुधीर कुमार और धर्मेंद्र चौधरी ने इस निर्णय का स्वागत किया। सिरमौर रगबी एसोसिएशन ने विशेष रूप से समाजसेवी मो. शानबाज (शानू भाई) का धन्यवाद किया, जिनके निरंतर प्रयासों से रगबी को स्पोर्ट्स कोटा दिलाने में सफलता मिली।

  • मिसाल बने प्रधान संदीपक तोमर, खुद झाड़ू उठाकर लिखी पंचायत की स्वच्छता कहानी, बने जिले के नंबर-1 लोकप्रिय प्रधान

    मिसाल बने प्रधान संदीपक तोमर, खुद झाड़ू उठाकर लिखी पंचायत की स्वच्छता कहानी, बने जिले के नंबर-1 लोकप्रिय प्रधान

    अम्बवाला-सैनवाला पंचायत के प्रधान संदीपक तोमर ने जनसेवा की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर स्वच्छता अभियान की कमान संभाली और पंचायत को साफ-सुथरा बनाए रखने का नेतृत्व किया, जिससे वे पूरे जिले में प्रेरणास्रोत बन गए हैं।

    नाहन

    प्रधान की अनूठी पहल, खुद झाड़ू उठाई
    अक्सर कहा जाता है कि नेता सिर्फ आदेश देते हैं, लेकिन प्रधान संदीपक तोमर ने इस धारणा को गलत साबित कर दिखाया। उन्होंने पंचायत के सार्वजनिक स्थलों की सफाई खुद की और लोगों को भी इस दिशा में प्रेरित किया। यह पहला मौका है जब किसी प्रधान ने स्वयं सफाई अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई है। उनके इस कदम ने उन्हें जिले के सबसे लोकप्रिय प्रधानों की सूची में शीर्ष पर पहुंचा दिया है।

    हर आयोजन में दिखती है सक्रियता और नेतृत्व क्षमता
    प्रधान तोमर न केवल स्वच्छता बल्कि हर सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजन में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। दीपावली, होली या राष्ट्रीय पर्वों के अवसर पर उनके नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में अनुकरणीय कार्यक्रम आयोजित होते हैं। हर वर्ष यहां विशाल रावण दहन और भव्य रामलीला का मंचन किया जाता है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे अभियानों में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।

    कूड़ा प्रबंधन का दीर्घकालिक विजन
    प्रधान तोमर ने बताया कि सफाई व्यवस्था को स्थायी बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कूड़ा वाहन चलाने की योजना तैयार की जा रही है। पंचायत घर में कूड़ा एकत्रिकरण और पृथकीकरण केंद्र भी स्थापित किया गया है, जिससे कचरा सीधे कालाअंब के प्लास्टिक मैनेजमेंट प्लांट में रीसाइकल किया जाएगा। उनका कहना है कि इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को जाता है, जिसने मिलजुलकर यह स्वच्छता मिशन संभव बनाया।

    सच्चे नेतृत्व की मिसाल
    प्रधान संदीपक तोमर का यह कदम दर्शाता है कि एक सच्चा जनप्रतिनिधि केवल आदेश देने वाला नहीं बल्कि खुद उदाहरण प्रस्तुत करने वाला होता है। उनकी पहल न केवल पंचायत बल्कि पूरे हिमाचल के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

  • सिरमौर / विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार 13 और 14 नवंबर को सिरमौर के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे

    सिरमौर / विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार 13 और 14 नवंबर को सिरमौर के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार 13 और 14 नवंबर को सिरमौर जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे 13 नवंबर को रेणुका विधानसभा क्षेत्र के गताधार में लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

    14 नवंबर को वे लुधियाना में क्षेत्र की जनता से मिलने के बाद दोपहर बाद बागथन में आयोजित जिला स्तरीय बाल दिवस मेले के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

    प्रवक्ता के अनुसार, उपाध्यक्ष के इस प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं ताकि कार्यक्रमों का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

  • अनोखी शुरुआत: कल्योपाब-लेऊ नाना सड़क रि-टायरिंग की जांच करेगी स्थानीय कमेटी

    अनोखी शुरुआत: कल्योपाब-लेऊ नाना सड़क रि-टायरिंग की जांच करेगी स्थानीय कमेटी

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ राजगढ़:

    जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के पझौता क्षेत्र में सरकारी धन के दुरुपयोग और बढ़ते भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीणों ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कल्योपाब-लेऊ नाना सड़क की रि-टायरिंग के काम की गुणवत्ता जाँचने के लिए संबंधित गांव के लोगों ने एक स्थानीय कमेटी का गठन किया है।

    इस कमेटी में विक्रम सिंह को प्रधान, यशपाल शर्मा को उप प्रधान, रजत को महासचिव, और निशू पुंडीर को सचिव बनाया गया है, साथ ही 36 अन्य लोगों को सदस्य बनाया गया है। ग्रामीणों की यह पहल दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब लोग भोले नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह से जागरूक होने लगे हैं।

    कमेटी के प्रधान विक्रम सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कल्योंपाब-लेऊ नाना सड़क की रि-टायरिंग के लिए टेंडर लगा दिए गए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि ठेकेदार प्रायः निर्माण कार्यों में तय मानकों का पालन नहीं करते, जिससे सड़कें बहुत जल्दी टूट जाती हैं।

    इस समस्या को रोकने और ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में कोई लापरवाही न बरती जाए, इसके लिए ही स्थानीय स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया कि रि-टायरिंग के दौरान कमेटी के सदस्य सड़क पर मौजूद रहेंगे और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की लगातार जांच करेंगे।

    उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ठेकेदार द्वारा तय मानकों के आधार पर कार्य नहीं किया जाता है, तो कमेटी कार्य को तुरंत बंद करवा देगी और इसकी सूचना सीधे सरकार को दी जाएगी।

    वहीं, लोक निर्माण विभाग के जेई ब्रिजेश शर्मा ने बताया कि 15 किलोमीटर लंबी कल्योपाब-लेऊ नाना रोड की रि-टायरिंग के लिए तीन करोड़ रुपये के टेंडर विभाग द्वारा कर दिए गए हैं और कार्य भी आवंटित कर दिया गया है।

    उन्होंने बताया कि फिलहाल इस सड़क पर पैचवर्क का कार्य चल रहा है, और रि-टायरिंग का कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि कल्योपाब-लेऊ नाना सड़क का निर्माण कार्य करीब छह वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत किया गया था, जिसका अनुबंध बीते वर्ष समाप्त हो गया है।

  • श्री रेणुका जी झील पर प्रतिदिन आरती की पहल सराहनीय, राज्यपाल ने मेले के समापन समारोह में की प्रशंसा

    श्री रेणुका जी झील पर प्रतिदिन आरती की पहल सराहनीय, राज्यपाल ने मेले के समापन समारोह में की प्रशंसा

    श्री रेणुका जी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मेले के समापन समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रतिदिन आरती की परंपरा श्रद्धा और संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इसे प्रदेश की आध्यात्मिक धरोहर को सहेजने का सराहनीय प्रयास बताया।

    श्री रेणुका जी: राज्यपाल ने पवित्र झील के देवघाट पर आरती के आयोजन की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि भगवान परशुराम की कृपा से यह स्थल सदैव पवित्र बना रहेगा।

    सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक योगदान पर बल:
    राज्यपाल ने श्री रेणुका जी विकास बोर्ड और जिला प्रशासन की सराहना की जिन्होंने इस नई परंपरा को शुरू किया। उन्होंने कहा कि सिरमौर के लोग देश की रक्षा में अपना अहम योगदान देते रहे हैं और उनकी सांस्कृतिक निष्ठा अनुकरणीय है।

    नशामुक्त समाज और पर्यावरण संरक्षण की अपील:
    राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी जैसे धार्मिक स्थलों की पवित्रता और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

    महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सराहना:
    समारोह के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला समूहों को आत्मनिर्भरता के प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

    पुरस्कार और सम्मान वितरण:
    राज्यपाल ने विभागीय प्रदर्शनी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उद्योग विभाग को सम्मानित किया। बागवानी विभाग को दूसरा और कृषि विभाग को तीसरा पुरस्कार दिया गया।

    अंतर्राष्ट्रीय मेले की सफलता:
    मेले को ग्रीन फेयर के रूप में आयोजित करने की पहल का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने इसे पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रदेश की प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम और माता रेणुका जी की भक्ति पर आधारित यह मेला हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

  • राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अन्तर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के समापन अवसर पर होंगे मुख्य अतिथि

    राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अन्तर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के समापन अवसर पर होंगे मुख्य अतिथि

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ श्री रेणुका जी

    जिला सिरमौर के प्रसिद्ध अन्तर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के समापन अवसर पर 05 नवम्बर को राज्यपाल हिमाचल प्रदेश श्री शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि होगें।


    यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि इस दौरान माता रेणुका जी तथा भगवान परशुराम सहित अन्य देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने के उपरांत दोपहर 1ः45 बजे रेणुका जी प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे।


    राज्यपाल हिमाचल प्रदेश दोपहर 2ः35 बजे रेणु मंच से 6 दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला के समापन समारोह पर अपना संबोधन प्रस्तुत करेंगे तथा पुरस्कार वितरण भी करेंगे।

    राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल सायं 6ः00 बजे रेणुका जी स्थित देवघाट पर श्री रेणुका माता की आरती में भी भाग लेंगे तथा रात्रि 8ः05 बजे रेणु मंच पर मंचन होने वाली भगवान परशुराम कथा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

  • जम्मू-कश्मीर बडगाम उपचुनाव: सिरमौर में रह रहे प्रवासी मतदाताओं के लिए ऑनलाइन वोटिंग सुविधा शुरू

    जम्मू-कश्मीर बडगाम उपचुनाव: सिरमौर में रह रहे प्रवासी मतदाताओं के लिए ऑनलाइन वोटिंग सुविधा शुरू

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन (सिरमौर)

    भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के निर्देशानुसार, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के विधानसभा क्षेत्र 27-बडगाम के उप-चुनाव के लिए प्रवासी मतदाताओं हेतु एक नई ऑनलाइन सुविधा शुरू की गई है।

    जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त), सिरमौर कार्यालय ने यह सूचना जारी करते हुए बताया कि यह पहल कश्मीर संभाग के उन नागरिकों को सरल एवं सुरक्षित तरीके से मतदान का अधिकार प्रदान करती है जो काम के सिलसिले में अपने गृह क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं।

    ​इस सुविधा का लाभ वे मतदाता उठा सकते हैं जिनके पास राहत एवं पुनर्वास आयुक्त, जम्मू और कश्मीर द्वारा जारी प्रवासी प्रमाण पत्र है। इन मतदाताओं को दो विकल्प दिए गए हैं: वे दिल्ली, उधमपुर और जम्मू में स्थापित विशेष मतदान केंद्रों पर जाकर फॉर्म-एम के माध्यम से मतदान कर सकते हैं, या डाक मतपत्र (फॉर्म 12-सी) का विकल्प चुन सकते हैं।

    ​आवेदन प्रस्तुत करने के लिए मतदाता अपने निकट के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। फॉर्म-एम एक परिवार के सभी पात्र सदस्यों के लिए भरा जा सकता है, जबकि फॉर्म 12-सी प्रत्येक मतदाता द्वारा व्यक्तिगत रूप से भरा जाएगा।

    आवेदक द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच संबंधित अधिकारी द्वारा ऑनलाइन पोर्टल ईआरओ नेट पर की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सिरमौर में रह रहे सभी पात्र प्रवासी मतदाताओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए www.nvsp.in या www.eci.gov.in वेबसाइट पर संपर्क किया जा सकता है।

  • शौर्य चक्र से सम्मानित डाककर्मी बहादुर सिंह की पत्नी संदला देवी का निधन

    शौर्य चक्र से सम्मानित डाककर्मी बहादुर सिंह की पत्नी संदला देवी का निधन

    पूरे सिरमौर सहित सागंना गांव में शोक की लहर

    ​हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन (सिरमौर)।

    सिरमौर जिला के नाहन में सोमवार की सुबह एक दुखद घटना घटी, जब शौर्य चक्र से सम्मानित डाककर्मी स्वर्गीय बहादुर सिंह की धर्मपत्नी और भाजपा जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत की चाची संदला देवी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। संदला देवी ने प्रातः करीब 8:00 बजे अपने पैतृक गांव सागंना में अंतिम सांस ली, जिससे पूरे महल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।

    ​संदला देवी अपने पीछे चार बेटों— दलीप सिंह, जगदीश कुमार, जगपाल सिंह, और अमृत सिंह—का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके पुत्रों में जगपाल सिंह भारतीय डाक विभाग में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं

    , जबकि अमृत सिंह भारतीय सेना में देश की सेवा कर रहे हैं। संदला देवी का जुड़ाव एक ऐसी गौरव गाथा से है, जिसने पूरे देश को उनके पति बहादुर सिंह की बहादुरी और ईमानदारी पर गर्व करने का अवसर दिया था।

    उनके पति स्वर्गीय बहादुर सिंह भारतीय डाक विभाग में पोस्टमैन के पद पर नालागढ़ में कार्यरत थे। अपनी ड्यूटी के दौरान, उनके पास सरकारी खजाने के 9 लाख रुपये का कैश था, जिसे जमा करवाने वह बैंक जा रहे थे।

    रास्ते में कुछ अज्ञात लुटेरों ने उनसे पैसा लूटने के लिए उन पर गोली चला दी। बहादुर सिंह ने उस नाजुक क्षण में अपनी जान की परवाह किए बिना भी, कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा परिचय दिया कि उन्होंने पैसे से भरा हुआ सूटकेस नहीं छोड़ा।

    उनकी बहादुरी की पराकाष्ठा यह थी कि लुटेरे सूटकेस छीनने के लिए उन्हें करीब 70 मीटर तक घसीटकर ले गए, और लुटेरे तब ही पैसे लेने में कामयाब हुए, जब बहादुर सिंह ने अपने प्राण त्याग दिए।

    उनकी अद्वितीय ईमानदारी और अदम्य बहादुरी को ध्यान में रखते हुए, देश के तत्कालीन महामहिम राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने उन्हें मरणोपरांत सम्मानित किया था। पहले उनकी पत्नी संदला देवी को मेघदूत पुरस्कार प्रदान किया गया।

    इसके बाद, देश के महामहिम राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने स्वर्गीय बहादुर सिंह को शौर्य चक्र से भी सम्मानित किया।

    यह एक ऐतिहासिक तथ्य है कि शौर्य चक्र आज तक पूरे भारत में किसी भी सिविलियन को नहीं मिला है, जो बहादुर सिंह की बहादुरी को बेमिसाल बनाता है। ऐसी वीरांगना के निधन से पूरे सिरमौर और सागंना क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।