Category: Sirmour

  • Renuka Ji Fair / श्री रेणुका जी मेले में हुई बुडाह लोकनृत्य प्रतियोगिता, पारंपरिक दल हानत घाटों ने हासिल किया प्रथम स्थान

    Renuka Ji Fair / श्री रेणुका जी मेले में हुई बुडाह लोकनृत्य प्रतियोगिता, पारंपरिक दल हानत घाटों ने हासिल किया प्रथम स्थान

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के चौथे दिन पारंपरिक संस्कृति और लोककला की झलक बुडाह लोकनृत्य प्रतियोगिता में देखने को मिली। यह प्रतियोगिता रेणुका जी विकास बोर्ड एवं भाषा एवं संस्कृति विभाग के सौजन्य से जिला भाषा अधिकारी सुश्री कांता नेगी के नेतृत्व में आयोजित की गई।

    श्री रेणुका जी

    हानत घाटों दल ने जीता प्रथम स्थान
    इस प्रतियोगिता में पारंपरिक बुडाह लोकनृत्य दल हानत घाटों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बुडाह लोकनृत्य दल सैंज ने द्वितीय और भद्रास दल गनोग ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को रेणुका जी विकास बोर्ड की ओर से क्रमशः ₹15,000, ₹13,000 और ₹11,000 की पुरस्कार राशि और आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की जाएंगी।

    लोकसंस्कृति की झलक से सजा रेणु मंच
    प्रतियोगिता के दौरान ऐतिहासिक रेणु मंच पर सिरमौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने बुडाह लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर तहसीलदार श्री रेणुका जी जयचंद और तहसीलदार नाहन उपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और विजेताओं को सम्मानित किया।

    लोक परंपरा और वाद्ययंत्रों की अनूठी संगति
    प्रतियोगिता में गिरिआर हाटी कला मंच गुंडाह, शिरगुल कला मंच घाटों, गोगा वीर सांस्कृतिक कला मंच पखवान गनोग, गुगा महाराज बुढ़ियात क्लब क्यारका, बुडाह नृत्य दल ऊंचा टिक्कर आदि दलों ने भाग लिया। इस प्राचीन नृत्य शैली में लोकगाथाएं जैसे होकू, छीछा, जगदेउ, जाग, भिन्युरी आदि प्रस्तुत की जाती हैं, जिनमें हुड़क, थाली जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रयोग होता है और कलाकार चोलटु परिधान पहनते हैं।

    निर्णायक मंडल और मंच संचालन
    निर्णायक मंडल में लोक संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. देवराज शर्मा, डॉ. किरण बाला और संगीत प्रवक्ता श्री ओम प्रकाश शामिल रहे। मंच संचालन की भूमिका श्री दलीप वशिष्ठ ने निभाई।

  • प्रदेश की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में आमजन की अहम भूमिका : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

    प्रदेश की संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में आमजन की अहम भूमिका : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में आमजन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। वे रविवार को श्री रेणुका जी में आयोजित 6 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इससे पूर्व उन्होंने रेणुका झील के देवघाट पर आरती में भाग लिया और भगवान परशुराम जी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

    श्री रेणुका जी

    संस्कृति के संरक्षण में लोगों की भागीदारी आवश्यक — अग्निहोत्री
    रेणू मंच पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देवभूमि के रूप में जाना जाता है, जहां लोगों की देवी-देवताओं में गहरी श्रद्धा है। उन्होंने कहा कि हमारी भावी पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सबको योगदान देना चाहिए।

    रेणुका विधानसभा क्षेत्र विकास की दिशा में अग्रसर
    उन्होंने कहा कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र ऐतिहासिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इस क्षेत्र का नेतृत्व प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार ने किया था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का इस क्षेत्र से गहरा लगाव रहा है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नोहराधार बस स्टैंड के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये और खुड द्राविड़ पेयजल योजना के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

    मेले को दिया गया हरित स्वरूप, पॉलिथीन पर प्रतिबंध
    विधानसभा उपाध्यक्ष एवं रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस बार मेले को “हरित मेला” के रूप में आयोजित किया जा रहा है। पॉलिथीन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और प्रतिदिन रेणुका आरती का आयोजन एक नई पहल के रूप में किया जा रहा है।

    जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
    इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी, एडीएम लायक राम वर्मा, एसडीएम राजीव सांख्यान, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तपेंद्र चौहान, मित्र सिंह तोमर, भारत सिंह ठाकुर सहित रेणुका विकास बोर्ड के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

  • अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 / तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हनी नेगी और सुधीर यदुवंशी देंगे धमाकेदार प्रस्तुति

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 / तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हनी नेगी और सुधीर यदुवंशी देंगे धमाकेदार प्रस्तुति

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 के रंगारंग आयोजन के तहत 2 नवंबर को होने वाली तीसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। दर्शक इस शाम में सुरों और लोक संस्कृति के अनोखे संगम का आनंद लेंगे।

    श्री रेणुका जी

    हनी नेगी और सुधीर यदुवंशी होंगे स्टार कलाकार
    इस संध्या में प्रसिद्ध हिमाचली गायक हनी नेगी और सुधीर यदुवंशी स्टार कलाकार के रूप में अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। उनके साथ किशन वर्मा, हेमंत शर्मा, राजेश त्यागी, अर्जुन गोपाल, रंजना और पंकज ठाकुर भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

    हरियाणा दल करेगा घूमर नृत्य की प्रस्तुति
    कार्यक्रम में उत्तरीय क्षेत्र सांस्कृतिक समिति हरियाणा दल के कलाकार पारंपरिक घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर मंच लोक संस्कृति, संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम पेश करेगा जो दर्शकों को देर रात तक बांधे रखेगा।

  • अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का शुभारंभ / हर्षवर्धन चौहान बोले– देवभूमि की संस्कृति और आस्था पूरे देश के लिए उदाहरण

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का शुभारंभ / हर्षवर्धन चौहान बोले– देवभूमि की संस्कृति और आस्था पूरे देश के लिए उदाहरण

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का भव्य शुभारंभ हो गया। उद्योग, श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने रेनू मंच पर दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्याओं की शुरुआत की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

    नाहन

    उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है और यहां के लोग देवी-देवताओं में गहरी आस्था रखते हैं। हिमाचल की संस्कृति धार्मिक परंपराओं से ओतप्रोत है, जहां हर आयोजन देवी-देवताओं की आराधना से प्रारंभ होता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री परशुराम और माता श्री रेणुका जी के मिलन का प्रतीक यह मेला न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रतीक भी है।

    उन्होंने देवघाट पर माता रेणुका की आरती को इस मेले की एक शुभ और प्रेरणादायक शुरुआत बताया। उद्योग मंत्री ने कहा कि यह उत्सव लोगों को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का एक माध्यम है।

    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों से गेहूं 60 रुपये, मक्की 40 रुपये और कच्ची हल्दी 90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है, जबकि चंबा जिले की पांगी घाटी में प्राकृतिक जौ 90 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर खरीदी जा रही है। इसका सीधा लाभ किसानों को उनके बैंक खातों में मिल रहा है।

    उन्होंने कहा कि लगभग 38,400 किसानों से प्रतिदिन 2 लाख 25 हजार लीटर गाय का दूध 51 रुपये प्रति लीटर के समर्थन मूल्य पर खरीदा जा रहा है, वहीं 1,482 भैंस पालकों से 7,800 लीटर दूध प्रतिदिन 61 रुपये प्रति लीटर पर खरीदा जा रहा है।

    उन्होंने डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना में संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इस योजना के अंतर्गत वार्षिक पारिवारिक आय सीमा 4 लाख से बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दी गई है, ताकि अधिक छात्र देश-विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत जिला सिरमौर में 316 अनाथ बच्चों की सामाजिक सुरक्षा के लिए 1.23 करोड़ रुपये, मकान निर्माण हेतु 23 लाभार्थियों को 21.50 लाख रुपये और विवाह अनुदान के तहत 21 लाभार्थियों को 42 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अब तक 8,000 अध्यापकों की नियुक्ति की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने सन्यास आश्रम श्री रेणुका जी के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।

    कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला की स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर एवं उपाध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

    विधानसभा उपाध्यक्ष और अध्यक्ष रेणुका जी विकास बोर्ड विनय कुमार ने मुख्य अतिथि को लोहिया, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी, विधायक नाहन अजय सोलंकी, पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 का भव्य आगाज: पालकी को कंधा देकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दी रवानगी

    अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 का भव्य आगाज: पालकी को कंधा देकर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दी रवानगी

    हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2025 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। मेले की शुरुआत भगवान श्री परशुराम जी की पालकी को धार्मिक स्थल की ओर रवाना करने के साथ हुई, जिसमें प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्वयं कंधा देकर शोभायात्रा को रवानगी दी।

    श्री रेणुका जी

    पालकी रवानगी के साथ शुरू हुआ आस्था का पर्व
    मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में उद्योग, श्रम एवं रोजगार व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और विधायक अजय सोलंकी के साथ भगवान परशुराम की पालकी को रवाना किया। यह दृश्य देव संस्कृति और सरकारी सहभागिता के सुंदर संगम का प्रतीक रहा। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    भक्ति और परंपरा का अनूठा संगम
    पालकी यात्रा के उपरांत मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भगवान श्री परशुराम, माता रेणुका और मेले में पधारे सभी क्षेत्रीय देवी-देवताओं के दर्शन किए। उन्होंने श्री रेणुका जी प्रदर्शनी स्थल में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और देव घाट पर आरती में भाग लेकर पहले दिन के धार्मिक कार्यक्रम का समापन किया।

    श्रद्धा और उत्साह से भरा पहला दिन
    अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला 2025 के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक उत्साह के इस संगम ने मेले के धार्मिक और पारंपरिक महत्व को और अधिक ऊँचाइयों पर पहुँचा दिया।

  • अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले के बीच मुख्यमंत्री ने दिया विकास का तोहफा

    अंतर्राष्ट्रीय रेणुका मेले के बीच मुख्यमंत्री ने दिया विकास का तोहफा

    वर्चुअल माध्यम से 29.50 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

    ​हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन/संगड़ाह:

    अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के धार्मिक उल्लास के बीच, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम द्वारा सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र

    के लिए 29.50 करोड़ रुपये लागत की पांच विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कर क्षेत्र को विकास का एक बड़ा तोहफा दिया है। इस पहल ने मेले के माहौल में विकास की नई उम्मीदें जगा दी हैं।

    ​मुख्यमंत्री ने इस दौरान संगड़ाह तहसील के माइना बाग में 6.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन और नोहराधार में 2.20 करोड़ रुपये की लागत से

    निर्मित सब मार्केट यार्ड चरण-1 का उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास और किसानों को बेहतर बाज़ार सुविधाएँ प्रदान करेंगी।

    ​इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली रेणुकाजी-ददाहू बिरला सड़क का शिलान्यास किया, जो संपर्क सुविधा को बेहतर बनाएगी। उन्होंने जल शक्ति विभाग उप-मंडल नोहराधार के अंतर्गत रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के

    विभिन्न गांवों के लिए 17.89 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई सुविधा और ग्राम पंचायत भराड़ी, नोहराधार के गांव चोकन, ठांडी, हरिजन बस्ती चुमानु और कुदाग के लिए 94 लाख रुपये की ग्रेविटी जलापूर्ति योजना रोंडी पुल का भी शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं क्षेत्र के कृषि और पेयजल संकट को दूर करने में सहायक होंगी।

    ​इस वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति माइना बाग में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का यह कदम न केवल क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि मेले के अवसर पर क्षेत्र की जनता को एक विशेष सौगात भी है।

  • Renukaji Fair / अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या में कुलविंद्र बिल्ला देंगे प्रस्तुति

    Renukaji Fair / अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या में कुलविंद्र बिल्ला देंगे प्रस्तुति

    अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला 2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक कुलविंद्र बिल्ला स्टार कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगे। उनके साथ पूर्ण शिवा और गीता भारद्वाज भी अपने गीतों से माहौल को सुरमयी बनाएंगे।

    श्री रेणुका जी

    पहली सांस्कृतिक संध्या में होगा सितारों का जलवा
    मेला कमेटी की ओर से आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या (31 अक्टूबर 2025) में कुलविंद्र बिल्ला अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसके साथ ही पूर्ण शिवा और गीता भारद्वाज भी स्टार कलाकार के रूप में मंच संभालेंगे।

    स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकार भी देंगे प्रदर्शन
    संध्या में उत्तरीय क्षेत्र सांस्कृतिक समिति का पंजाबी दल, हमीरपुर और सिरमौर के कलाकार भी लोकधुनों और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे। आयोजन समिति ने बताया कि यह सांस्कृतिक संध्या मेला आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।

  • Police Action / सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करों और अवैध खनन पर एक साथ कसा शिकंजा

    Police Action / सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करों और अवैध खनन पर एक साथ कसा शिकंजा

    सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध खनन और मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 25 टिप्पर जब्त किए गए, 42 चालान किए गए और एक व्यक्ति से 360 ग्राम चरस बरामद हुई।

    सिरमौर

    अवैध खनन के खिलाफ रातभर चला अभियान
    पुलिस अधीक्षक सिरमौर के निर्देशानुसार उप-पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रमा कान्त ठाकुर की अगुवाई में क्विक रिएक्शन टीम (QRT) का गठन किया गया। टीम ने 29 और 30 अक्तूबर की रात पांवटा साहिब क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले इस ऑपरेशन में 24 टिप्परों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जिनमें से 23 टिप्पर पुलिस ने जब्त किए।

    खनन अधिनियम में 17 चालान, एक वाहन जब्त
    पुलिस थाना काला अंब ने एक चालान और पुरुवाला थाना ने 16 चालान खनन अधिनियम के अंतर्गत किए। इस दौरान एक वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया। कुल मिलाकर पिछले 48 घंटों में सिरमौर पुलिस ने ओवरलोडिंग और अवैध खनन के तहत 42 चालान किए और 25 टिप्परों को जब्त किया।

    नशा तस्करी में एक आरोपी गिरफ्तार
    इसी क्रम में 29 अक्तूबर को राजगढ़ थाना पुलिस ने गश्त के दौरान नशा तस्करी के एक मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। शाम करीब 6 बजे शलामू गांव के पास पुलिस को देखकर एक व्यक्ति ने सड़क से छलांग लगाई, जिसके पास से जांच में 360 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान राम गोपाल पुत्र टिकम राम निवासी गांव ब्राईला, तहसील राजगढ़ के रूप में हुई है।

    एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि अदालत से आरोपी का पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि नेटवर्क और स्रोतों की गहन जांच की जा सके।

    अभियान आगे भी जारी रहेगा
    सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • सिरमौर में कैरियर अकादमी द्वारा “CATSE” टैलेंट परीक्षा का आयोजन, 15 लाख तक की छात्रवृत्ति का अवसर

    सिरमौर में कैरियर अकादमी द्वारा “CATSE” टैलेंट परीक्षा का आयोजन, 15 लाख तक की छात्रवृत्ति का अवसर

    हिमाचल की प्रतिष्ठित कैरियर अकादमी नाहन छात्रों के भविष्य को दिशा देने के लिए “CATSE” टैलेंट सर्च एग्जाम का आयोजन कर रही है। परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति दी जाएगी।

    सिरमौर

    कैरियर अकादमी का शिक्षा में बड़ा कदम
    कैरियर अकादमी नाहन द्वारा आयोजित “CATSE” (Career Academy Talent Search Exam) परीक्षा का आयोजन 1 और 3 नवंबर 2025 को सिरमौर जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में किया जाएगा। वहीं 2 नवंबर को यह परीक्षा खुले केंद्रों पर आयोजित होगी।

    क्लास 8वीं, 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए परीक्षा
    यह परीक्षा विशेष रूप से 8वीं, 10वीं और 12वीं (विज्ञान वर्ग) के विद्यार्थियों के लिए रखी गई है। विद्यार्थी 1 नवंबर 2025 शाम 5 बजे तक www.careeracademy.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा पूरी तरह निशुल्क होगी और विद्यार्थी उसी दिन ओपन सेंटर पर जाकर भी परीक्षा दे सकते हैं।

    छात्रवृत्ति और पुरस्कार व्यवस्था
    CATSE परीक्षा के लेवल-1 में प्रत्येक स्कूल के शीर्ष 3 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं लेवल-2 में प्रत्येक कक्षा के टॉप 10 विद्यार्थियों को उनकी रैंक के अनुसार कोचिंग फीस पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। कुल मिलाकर 15 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

    शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
    चेयरमैन एस.एस. राठी ने बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इससे विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, NEET, NDA और CUET जैसी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

    ओपन सेंटर पर भी परीक्षा देने की सुविधा
    2 नवंबर को ओपन सेंटर करियर अकादमी चौहान का बाग नाहन, ब्लू बेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नारायणगढ़ और विद्या पीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल पांवटा साहिब में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी।

  • विनय कुमार रेणुका के विकास में सबसे बड़ी बाधा: प्रताप रावत

    विनय कुमार रेणुका के विकास में सबसे बड़ी बाधा: प्रताप रावत

    रावत बोल मेले का किया है राजनीतिकरण, विकास बोर्ड अध्यक्ष पद छोड़ें विधायक’

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ श्री रेणुका जी (सिरमौर):

    रेणुका विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक और रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला बोला है। भाजपा ज़िला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ संयुक्त बयान जारी करते हुए विधायक को क्षेत्र के विकास में ‘सबसे बड़ी बाधा’ बताया है।

    रावत ने आरोप लगाया कि विनय कुमार अपने तीन साल के कार्यकाल में रेणुका का विकास करवाने में पूरी तरह विफल रहे हैं और उन्होंने जनता को दिखाए बड़े-बड़े सपनों को केवल सपना बनकर ही छोड़ दिया है।

    विकास बोर्ड पर राजनीति हावी, धार्मिक कार्य गौण

    प्रताप रावत ने सीधे तौर पर रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष (स्थानीय विधायक) विनय कुमार पर मेले का राजनीतिकरण करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रेणुका जी विकास बोर्ड पर पूरी तरह से राजनीति हावी है, जिसके कारण धार्मिक कार्यों को कम और पैसे कमाने के पहलू को अधिक महत्त्व दिया जा रहा है।

    रावत ने आरोप लगाया कि पालकियों के साथ आने वाले कारदारों को आज तक न तो उचित सम्मान मिला है और न ही उनका वेतन लगाया गया है, जो कि धार्मिक परंपराओं की घोर अनदेखी है। उन्होंने कहा कि जहाँ मेले के आयोजन में धार्मिक कार्यों को अधिक महत्त्व मिलना चाहिए, वहीं इसे केवल पैसे कमाने का जरिया बना दिया गया है।

    पवित्र झील की अनदेखी और निष्क्रियता का आरोप

    भाजपा नेताओं ने बंद पड़े सरकारी संस्थानों के मुद्दे को फिर से उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर विकास के बजाय ‘विनाश’ करने का आरोप लगाया। इन नेताओं ने हरिपुरधार क्षेत्रीय अस्पताल की बहाली की घोषणा को विधायक विनय कुमार का ‘झूठा वादा’ बताया, जिसकी अधिसूचना कैबिनेट बैठकें होने के बावजूद आज तक जारी नहीं हुई है।

    इसके अतिरिक्त, भाजपा प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने पवित्र श्री रेणुका जी झील के संरक्षण और सौंदर्यीकरण को लेकर स्थानीय विधायक पर कोई योजना न बना पाने का सीधा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक खुद ही विकास बोर्ड के मुख्य पद पर कब्जा करके बैठे हैं।

    इस्तीफे की मांग:

    विधायक खुद पद छोड़ेंभाजपा ज़िला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी और पवित्र तीर्थ के सौंदर्यीकरण तथा जीर्णोद्धार को लेकर दिखाई गई निष्क्रियता पर कड़ा रुख अपनाया है।

    उन्होंने सीधे-सीधे मांग की है कि विधायक विनय कुमार को खुद ही विकास बोर्ड के मुख्य पद पर बैठे होने के कारण, अपनी निष्क्रियता को देखते हुए रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

    संयुक्त बयान में स्थानीय कलाकारों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया गया, जिसमें कहा गया कि रेणु मंच पर बाहरी कलाकारों को ‘स्टार कलाकार’ बनाया जाता है, जबकि स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर को आगे ले जाने वालों को उचित स्थान नहीं मिल रहा है।