थाना पुलिस और क्लब के सदस्यों ने दो पहिया वाहन चालकों को किया जागरूक
HNN News काला अंब
औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में रोड सेफ्टी क्लब और थाना पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में सड़क सुरक्षा जागरूक अभियान चलाया गया। सड़क पर सुरक्षा को लेकर लगाए गए इस जागरूकता अभियान शिविर की शुरुआत थाना अध्यक्ष मोहर सिंह के द्वारा की गई।
वही रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष सोमनाथ ने जानकारी देते हुए बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में साथ लगते राज्य से बहुत से ऐसे लोग हैं जो अपने दोपहिया वाहन पर बिना हेलमेट के आते हैं।
उन्होंने बताया कि दो पहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट लगाना चालान से बचने को लेकर जरूरी नहीं है बल्कि यह सड़क पर जीवन सुरक्षा का सबसे बड़ा कवच भी है।
वही क्लब के सदस्यों में शामिल जगमाल मजीद वेल्डर सुरजीत सिंह शकील मोहम्मद सहित काला आम थाना की पूरी टीम ने एंट्री बैरियर व बस अड्डे पर आने जाने वाले तमाम वाहन चालकों व दोपहिया वाहन चालकों को सड़क पर सुरक्षा के बारे में बताया।
बता दें कि क्लब के द्वारा हाल ही में हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि विधायक अजय सोलंकी एसपी रमन कुमार मीणा के द्वारा क्लब के सदस्यों के सहयोग से दो पहिया वाहन चालकों को दर्जनों हेलमेट बांटे गए थे।
अच्छी बात तो यह है कि रोड सेफ्टी क्लब काला आम के द्वारा चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों के परिणाम स्वरूप अब केवल इक्का-दुक्का लोग ही ऐसे हैं जो दो पहिया वाहन पर जगह हेलमेट नजर आते हैं। क्लब के अध्यक्ष सोमनाथ में इसके लिए क्लब के सदस्यों और पुलिसकर्मियों को बधाई का पात्र बताया।
सोमनाथ ने तमाम वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि दो पहिया वाहन पर पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाए यही नहीं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। वहीं उन्होंने उन ट्रैक्टर चालकों को चेतावनी देते हुए भी कहा कि वह अपने अपने ट्रैक्टरों पर से ध्वनि प्रदूषण करने वाले बड़े-बड़े साउंड सिस्टम को जल्द से जल्द हटा दें अन्यथा सड़क सुरक्षा नियमों के तहत उन पर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
सुबह 7:00 बजे कर ली थी फैक्ट्री और घरों की घेराबंदी
HNN/ काला अंब
औद्योगिक क्षेत्र काला अंब के मोगिनंद पंचायत स्थित सरस्वती स्पिनिंग मिल में इनकम टैक्स विभाग ने रेड मारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इनकम टैक्स कि यह टीम दिल्ली से आई बताई गई है।
टीम में करीब 2 दर्जन से भी अधिक जांच अधिकारी शामिल है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह करीब 7:00 बजे के आसपास 2 दर्जन से अधिक आयकर विभाग की टीम के सदस्य अलग-अलग इस फैक्ट्री के आसपास जुट गए थे।
फैक्ट्री में एंट्री करने से पहले टीम ने अपने वाहन पुल से पहले ही अलग-अलग करके खड़े कर दिए थे। जिसके बाद यह पूरी टीम नाहन पुलिस से ली गई सिक्योरिटी को लेकर फैक्ट्री में एंटर कर गई थी।
इनकम टैक्स अधिकारियों ने फैक्ट्री में जाते ही सभी के मोबाइल आदि अपने कब्जे में ले लिए थे। यही नहीं फैक्ट्री को चारों तरफ से पूरी तरह सुरक्षित किला बनाते हुए किसी को ना आने की ना जाने की इजाजत दी गई।
जानकारी तो यह भी है कि इनकम टैक्स की यह टीम फैक्ट्री के सभी पार्टनर के घरों की भी घेराबंदी कर चुकी थी। अब यह टीम घरों के अंदर गई या नहीं इसकी पुख्ता जानकारी तो नहीं मिल पाई है।
इनकम टैक्स की है यह टीम आखिर किस इनपुट के आधार पर आई है इसकी जानकारी तो नहीं मिल पाई है मगर माना यह भी जा रहा है कि हाल ही में जीएसटी विभाग जिला सिरमौर और उससे पहले सीजीएसटी की टीम फर्जी फर्मो और जीएसटी के मामले में गड़बड़ी के चलते काफी सारा रिकॉर्ड यहां से ले जा चुकी थी।
संभवत इस बड़े लेन-देन में इनकम टैक्स किशोरी का भी अंदेशा माना जा सकता है जिसके आधार पर यह टीम मंगलवार को इस फैक्ट्री में आई है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि हाल ही में स्टेट जीएसटी विभाग के द्वारा इस स्पिनिंग मिल में रेड की गई थी। विभाग यहां से जांच हेतु कुछ दस्तावेज भी ले गया था।
हालांकि अभी तक राज्य कर एवं आबकारी विभाग जिला सिरमौर के द्वारा रेड के बाद की जाने वाली नोटिस प्रक्रिया की गई है या नहीं इसकी जानकारी नहीं मिली है। मगर इतना जरूर है कि अभी विभाग की ओर से नोटिस पीरियड में समय है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि इस फैक्ट्री का नाम सरस्वती स्पिनिंग मिल है मगर यहां लैड फैक्ट्री लगाई गई है।
बरहाल इनकम टैक्स अधिकारियों से संपर्क करने की भी कोशिश की गई मगर किसी ने भी कुछ भी बताने से फिलहाल इनकार किया है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि यह सरस्वती स्पिनिंग मिल जिला सिरमौर की सबसे बड़ी टैक्सपेयर कंपनी है।
बावजूद इसके इस फैक्ट्री के क्रियाकलाप ना केवल राज्य कर एवं आबकारी विभाग बल्कि केंद्रीय जीएसटी विभाग सहित इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के रडार पर भी रही है। सुबह 8:00 बजे के बाद से लेकर शाम के 4:00 बजे तक इनकम टैक्स की टीम फैक्ट्री में ही मौजूद रही।
बता दें कि इस फैक्ट्री के साथ ही श्री त्रिलोकपुर रोड पर इनके एक पार्टनर की सिलेंडर फैक्ट्री भी है। आयकर विभाग के द्वारा वहां पर भी पुलिस सिक्योरिटी लगाई गई है।
हर्षवर्धन बोले- प्रदेश में नये उद्योग स्थापित हों, जिसके लिए उद्योगपतियों को बेहतर सुविधा देना हमारी प्राथमिकता
HNN/ कालाअंब
उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को विस्तार देने के उद्देश्य से पुराने उद्योगों में मशीनरी में विस्तार के लिए जीएसटी आदि करों में रिबेट दी जाएगी, इसके लिए जल्द ही कैबिनेट में मामला लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हालांकि नई यूनिट को सरकार पहले ही 15 प्रतिशत रिबेट दे रही हैं।
उद्योग मंत्री ने यह जानकारी गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में चैंबर ऑफ कॉमर्स, कालाअंब की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदान की। उन्होंने कहा कि हम हिमाचल में इन्वेस्टमेंट ब्यूरो की स्थापना कर रहे हैं जो उद्योगों को स्थापित करने के सभी मामलों को देखेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु ने निर्देश हैं कि एफसीए (फारेस्ट क्लीयरेंस) के सभी मामले अविलंब क्लीयरेंस के लिए तुरंत भेजे जाएं। उन्होंने कहा कि कालाआंब क्षेत्र में और अधिक उद्योग आयें, इसके लिए मूलभूत जरूरतों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने एचपीटीसीएल को एफसीए के सभी मामले जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में औद्योगिकरण को बढ़ावा देने तथा निवेश को लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा पर्वतीय प्रदेश होने के नाते यहां जमीन कम है लेकिन हमारी सरकार ने उद्योग विभाग के माध्यम से एक लैंड बैंक की स्थापना की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व सरकार के कार्यकाल के दौरान बहुत बड़ी इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया गया लेकिन धरातल पर कुछ भी दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा प्रदेश में औद्योगिकरण के लिए उपयुक्त माहौल तैयार किया जा रहा है और यहां की जलवायु तथा बिजली व पानी जैसी सुविधाएं दूसरे राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है जो निवेशकों को आकर्षित करती हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया को काफी सरल बनाया जा रहा है और आने वाले समय में प्रदेश में औद्योगिकरण को एक नई दिशा प्राप्त होगी। उद्योग मंत्री ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उद्योगों के लिए जो विभिन्न प्रकार के अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं वह अभिलंब दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री के साथ चर्चा करके ऐसा प्रावधान किया जाएगा कि यदि कोई विभाग 2 से अधिक बार ऑब्जेक्शन लगाता है तो स्वतः एनओसी माना जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा उद्योग के लिए एनओसी प्रदान करने के लिए एक समय सीमा निर्धारित की जाएगी और इस समय सीमा के भीतर विभाग को एनओसी प्रदान करना होगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार 120 करोड़ रुपए की सबसिडी बिजली में दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योगों में लगभग 3000 केवी की बिजली खपत है। उन्होंने कहा कि खैरी और खाराखेरी में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नई निवेश पर सरकार का फोकस है, यह तभी पूरा होगा जब हम उद्योगपतियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करेंगे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय होकर कार्य करना होगा। उन्होंने विद्युत विभाग को उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए।
इसके लिए उन्होंने लघुकालीन व दीर्घकालीन विद्युत स्टेशन स्थापित करने की योजनाएं बनाने के लिए कहा। उन्होंने बिजली वोल्टेज में सुधार करने के लिए तुरंत कदम उठाने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए सड़कों व रास्तों के मुददों का भी समाधान किया जाएगा।
चैंबर ऑफ कामर्स कालाआंब के अध्यक्ष दीपन गर्ग ने मीटिंग के एजेंडे पर चर्चा करते हुए उद्योगपतियों की विभिन्न समस्याओं को विस्तार रखा। उन्होंने विद्युत सब स्टेशनों की स्थापना पर उद्योग मंत्री का ध्यान भी आकर्षित किया। इसके अलावा उन्होंने बिजली पर रिबेट बंद होने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि कालाअंब में केवल एक ही 132 केवी स्टेशन है, जिससे यहां की जरूरतें पूरी नहीं हो रही हैं। विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह ने बताया कि 53 विद्युत टावर लगाए जा रहे हैं, 23 टावर का काम एफसीए (फारेस्ट क्लीयरेंस) के कारण रूका हुआ है और 220 केवी लाईन अगले तीन माह में पूरी कर ली जाएगी।
काला अंब त्रिलोकपुर रोड गली में स्थित ज्योति कोऑपरेटिव सोसायटी बैंक में दिनदहाड़े डाका डाला है।प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना करीब पौने 4:00 बजे के आसपास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि तीन नकाबपोश बदमाश पिस्टल से लैस होकर बैंक में धमक गए।
बैंक में घटना के दौरान केवल दो ही कर्मचारी मौजूद थे। लुटेरों ने बैंक कर्मी के कनपटी पर पिस्टल लगाकर लॉकर में रखे 1,78,000 के लगभग हार्ड कैश को लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों डकैत मौके से फरार हो गए। घटना के बाद काला अंब में हड़कंप मच गया है।
घटना की जानकारी काला अंब थाना को दी गई।काला अंब थाना इंचार्ज मोहर सिंह का कहना है कि उन्होंने पुलिस पार्टी को घटनास्थल पर भेज दिया है। अभी उनके पास पूरी जानकारी नहीं आई है। बैंक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लूट के पैसों में आज की गई कलेक्शन भी शामिल थी।
हैरानी की बात तो यह है कि इस छोटी से कोऑपरेटिव सोसायटी बैंक में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं है। संभवत लूटेरे ने इसे इजी टारगेट मानते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया है।
बता दें कि यह शाखा एक घर के ऊपर खोली गई है। एक में केवल 2 ही कर्मचारी नियुक्त हैं। इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड़ पर आ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चारों तरफ नाकेबंदी भी शुरू कर दी है।
फैक्ट्री मालिक ने सबसे लगाई गुहार मगर बेखबर प्रशासन
HNN/ कालाअंब
जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित मैसर्ज एसोसिएट्स नॉन वूवैन फैक्टरी को खुदाई से खतरा पैदा हो गया है। आरोप है कि फैक्टरी के निचली तरफ अवैध तरीके से खुदाई का काम चल रहा है। इससे फैक्टरी की सुरक्षा दीवार की नींव भी नजर आने लगी है।
उद्योग पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए बुधवार को उद्योग के महाप्रबंधक उपायुक्त सिरमौर व एसडीएम से मिले। इस दौरान उन्होंने शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। फैक्टरी महाप्रबंधक संजीव नैय्यर ने बताया कि कालाअंब में सुकैती सड़क पर चल रही फैक्टरी के नीचे अवैध खुदाई से नींव दिखने लगी है।
फैक्टरी में 80 कामगार दिन-रात कार्य कर रहे हैं। यदि खुदाई कार्य से जान-माल का नुक्सान होगा तो इसकी भरपाई कौन करेगा। उन्होंने बताया कि मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, यहां खनन कर रहे कुछ लोगों ने अदालत के आदेश के बावजूद कारखाना परिसर की चारदीवारी के नीचे 15 से 20 फीट भूमि का उपयोग कर खुदाई कर ली।
इससे कारखाने को लगभग 10 लाख रुपए का भारी नुक्सान हुआ। उन्होंने जिला प्रशासन से फैक्टरी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की गुहार लगाई। एसडीएम नाहन रजनेश कुमार ने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है। मामला अवैज्ञानिक खनन का नहीं है। जमीन संबंधी दो पार्टियों के बीच विवाद है। विवाद सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सड़क सुरक्षा क्लब काला अंब ने दर्जनों हेलमेट बांटकर दिया सड़क सुरक्षा का बड़ा संदेश
HNN/ काला अंब
औद्योगिक क्षेत्र काला अंब सड़क सुरक्षा क्लब के द्वारा आज हेलमेट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने शिरकत करी तो वहीं विशेष अतिथि के तौर पर जिला सिरमौर पुलिस कप्तान रमन कुमार मीणा उपस्थित रहे।
रोड सेफ्टी क्लब काला अंब के अध्यक्ष सोमनाथ के द्वारा मुख्य अतिथि विधायक अजय सोलंकी को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। जबकि क्लब के सक्रिय सदस्य सुभाष चौधरी के द्वारा एसपी रमण कुमार मीणा को क्लब के उपाध्यक्ष जगमाल के द्वारा कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता व सचिव रूपेंद्र ठाकुर को सम्मानित किया गया।
हेलमेट वितरण व सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता शिविर में दर्जनों लोगों ने हिस्सा लिया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि सुरक्षा के साथ समझौता दुर्घटनाओं को न्योता देना होता ह।
उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत से ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी हैं जो रात दिन भागदौड़ कर ट्रैफिक व्यवस्था को बनाने में अपना खून पसीना बहाते हैं वहीं कुछ पुलिसकर्मी ऐसे भी हैं जो युवाओं को नशे की गर्त में जाने से बचाने को लेकर नशे के खिलाफ मुहिम चला कर रखते हैं।
विधायक ने पुलिस प्रशासन से और रोड सेफ्टी क्लब से आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मियों को चिन्हित करें ताकि उनको सम्मानित किया जा सके। वहीं जिला सिरमौर पुलिस कप्तान रमन कुमार मीणा ने नवगठित रोड सेफ्टी क्लब के प्रथम किए गए प्रयास को उत्कृष्ट बताते हुए उनकी जमकर प्रशंसा भी करी।
उन्होंने कहा असुरक्षित रूप से चाहे दो पहिया वाहन हो या फोर व्हीलर अगर चलाया जाता है तो उसका सबसे ज्यादा नुक्सान उस युवा के साथ-साथ उसके परिजनों को भी भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह भी समझना जरूरी है कि यदि सड़क पर असुरक्षित रूप से वाहन चलाएंगे तो सबसे ज्यादा तकलीफ नुक्सान के बाद परिवार वालों को उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा लिहाजा ऐसी परिस्थिति ही ना आने दे कि ना तो आपके परिजनों को और ना आपके शुभचिंतकों को रोना पड़े। वही प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि सड़क सुरक्षा में ना केवल हेलमेट पहनना जरूरी है बल्कि नशे की हालत में गाड़ी चलाना और भी ज्यादा खतरनाक होता है।
उन्होंने कहा एक सामाजिक प्राणी होने के नाते समाज के हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि पुलिस और रोड सेफ्टी क्लब के साथ-साथ खुद भी नैतिक दायित्व को निभाते हुए लोगों को हेलमेट पहनने और बिना नशे के गाड़ी चलाने के लिए प्रोत्साहित करें। रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष सोमदत्त ने कहा कि क्लब के द्वारा संयुक्त रूप से अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए 4 दर्जन से भी अधिक हेलमेट वितरण किए गए।
उन्होंने कहा कि काला अंब औद्योगिक क्षेत्र की हरियाणा के साथ सीमा लगती है और यहां फैक्ट्रियों में काम करने वाले अधिकतर लोग बिना हेलमेट के आते हैं। सोमदत्त ने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाओं का शिकार युवा वर्ग को उठाना पड़ा है जिसमें सबसे बड़ी वजह हेलमेट ना लगाने की रही है।
उन्होंने कहा क्लब के तमाम पदाधिकारियों और सदस्यों के द्वारा संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया गया था कि अब इस औद्योगिक क्षेत्र में आने वाला हर दो पहिया वाहन चालक हेलमेट के साथ सुरक्षित होना चाहिए। इस दौरान क्लब के द्वारा तैयार किए गए स्लोगन ‘बगैर हेलमेट सवारी नहीं और नशे की हालत में वाहन चलाना कतई नहीं ” संदेश पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि काला अंब रोड सेफ्टी क्लब ना केवल हेलमेट और सीट बेल्ट बल्कि उन ट्रैक्टर चालकों को भी चेतावनी जारी करता है कि यदि उन्होंने प्रेशर होरन और ट्रेक्टर पर लगाए गए बड़े-बड़े डीजे नहीं हटाए तो इसकी शिकायत पोलूशन विभाग के साथ साझा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रथम बार सिर्फ चेतावनी दी जाएगी और उसके बाद कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने क्लब के सदस्यों की ओर से लिए गए प्रण को दोहराते हुए कहा कि हमारा अब यह दायित्व रहेगा कि काला अंब थाना पुलिस के सहयोग के साथ सड़क सुरक्षा में कंधे से कंधा मिलाकर कम से कम सड़क पर लोगों को सुरक्षित किया जाएगा।
इस मौके पर एडिशनल एसपी सोमदत्त, क्लब के चीफ एडवाइजर वीरेंद्र परमार, एसएचओ मोहर सिंह, हैंड कांस्टेबल जसवीर, कॉन्स्टेबल जगमोहन सिंह, क्लब के सदस्य नवीन कुमार, जगदीश चंद्र, अमरनाथ, मनदीप, राजेश, मजीद अली, ऋषि पाल, सुखबीर, सुभाष चौधरी, अंशुल, राजेश आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला कालाअंब-खजुरना संपर्क सड़क पर खेड़ा गांव में पेश आया है, यहां ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान 31 वर्षीय खेम सिंह पुत्र भगवान सिंह, गाँव बन्दरभोज, पीलीभीत (यूपी) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, खेम सिंह ट्रैक्टर में सवार होकर भी जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह खेड़ा गांव पहुंचा तो चालक ने एक मोड़ पर टैक्टर से अपना नियंत्रण खो दिया।
हालांकि ट्रैक्टर के ढांक में गिरते ही खेम सिंह ने जान बचाने के लिए छलांग लगाई, लेकिन ट्रैक्टर के पीछे लगी ट्राली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना वहां मौजूद लोगों द्वारा कालाअंब पुलिस को दी गई और युवक को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, परंतु उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि काला अंब पुलिस थाना प्रभारी मोहर सिंह चौहान ने की है।
सिरमौर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की टीम ने कालाअंब के मोगीनंद सीमेंट गोदाम के पार्किंग ग्राउंड में एक व्यक्ति को भुक्की सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेश कुमार निवासी सिरमौरी ताल सतौन क्षेत्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सुचना मिली कि सुरेश के पास भुक्की बरामद हो सकती है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मोगीनंद सीमेंट गोदाम के पार्किंग ग्राउंड में ट्रक (HP17F-6094) को देखा। इस दौरान ट्रक से ड्राइवर सीट के पीछे एक पिट्ठू में भुक्की छिपाकर रखी हुई थी। जिससे 4.08 किलोग्राम भुक्की बरामद की है।
जिला सिरमौर के कालाअंब में स्नेह मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल हिमकेयर व आयुष्मान भारत कार्ड धारकों को आर्थो व स्त्री रोग से संबंधित सुविधाएं प्रदान करने जा रहा है। कार्ड धारक अब अस्पताल में मुफ्त ईलाज करवा सकेंगे।
स्नेह अस्पताल के डॉक्टर मोहित गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हड्डियों (ऑर्थो) से संबंधित हर प्रकार का इलाज जैसे कि फ्रैक्चर, गढ़िया और जोडो का प्रत्यारोपण, ओर्थो-स्कोपी की सुविधा भी उपलब्ध है।
अस्पताल में स्त्री रोग से संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएगी। जिसमें अस्पताल नार्मल डिलीवरी और दूरबीन के द्वारा रसौली से निकालने की सुविधा भी उपलब्ध है।
अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे, लैब टैस्ट और 24 घंटे आपातकालीन की सुविधा भी उपलब्ध है। हिमकेयर व आयुष्मान भारत कार्ड धारकों के लिए ये सारी सुविधाए अब से स्नेह अस्पताल मुफ्त में उपलब्ध करवाने जा रहा है। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को मुफ्त इलाज किया जाएगा।
300 करोड़ के लगभग टैक्स चोरी का अंदेशा, विभाग ने कब्जे में लिया रिकॉर्ड
HNN/काला अंब
राज्य कर एवं आबकारी विभाग जिला सिरमौर के द्वारा काला अंब स्थित 2 उद्योगों पर एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग के जिला उप आयुक्त हिमांशु पंवार की अगुवाई में शिमला सोलन की एक टीम का गठन कर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी टीम एक ही समय में 2 उद्योगों में करीब 2:00 बजे के आसपास दोपहर को धमक गई थी। टीम के द्वारा मोगिनंद तथा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित इन दोनों उद्योगों के तमाम दस्तावेजों को करीब 5 घंटों से अधिक कार्यवाही करते हुए अपने कब्जे में लिया गया।
बताया जा रहा है कि अधिकारियों को कुछ ऐसे इनपुट मिले थे जिसमें फर्जी बिलों के आधार पर जीएसटी में बड़े घोटाले की आशंका व्यक्त की गई थी। यहां यह भी बताना जरूरी है कि इससे पहले भी इसी उद्योग पर सेंट्रल एक्साइज के द्वारा सेंट्रल एक्साइज के द्वारा छापेमारी कर कई दस्तावेज अपने कब्जे में लिए गए थे।
जिसके बाद आज शनिवार को फिर से स्टेट एक्साइज के द्वारा मिली शिकायत के बाद इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया। कार्यवाही को अंजाम देने से पहले उप आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग जिला सिरमौर हिमांशु के द्वारा सोलन शिमला से तेज तर्रार अधिकारियों को बुलाकर पूरी रणनीति तैयार की गई थी।
यही नहीं इस कार्यवाही की जानकारी किसी को कानों कान भी ना हो इसको लेकर हर कार्यवाही को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। जानकारी यह है कि करीब 2 दर्जन से अधिक विभाग के अधिकारियों को इस टीम में शामिल किया गया था।
उधर, राज्य कर एवं आबकारी विभाग के मुख्य आयुक्त यूनुस खान ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि इन दोनों कंपनियों पर करीब 300 करोड़ के लगभग फेक इनपुट टैक्स क्रेडिट क्लेम किया गया है। उन्होंने बताया कि कंपनी के करीब 300 के लगभग ऐसे रजिस्ट्रेशन है जो 5 राज्यों से दिखाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस के संबंध में तमाम दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी और रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने अंदेशा जताते हुए कहा कि कंपनी के द्वारा बड़े स्तर पर टैक्स चोरी किया गया है।
उधर कंपनी के मालिक अखिलेश जैन का कहना है कि विभाग की कार्यवाही में उन्होंने पूरा सहयोग किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी तरह की कोई भी टैक्स चोरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन पर सेंट्रल एक्साइज के द्वारा कार्यवाही की गई थी जिसमें कोई भी आरोप सिद्ध नहीं हुए थे। उन्होंने कहा कि वह व्यापारी हैं और पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके हर डॉक्यूमेंट पूरी तरह से साफ-सुथरे हैं कहीं भी किसी भी तरह का कोई गलत काम नहीं किया गया है।