Category: KALA AAM

  • काला अंब टोल बैरियर कर्मचारी के साथ मारपीट और छीनी नकदी

    काला अंब टोल बैरियर कर्मचारी के साथ मारपीट और छीनी नकदी

    घायल कर्मचारी की हालत खराब, भेजा अस्पताल

    HNN/ काला अंब

    औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में टोल बैरियर के एक कर्मचारी के साथ दिनदिहाड़े मारपीट और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। इस दौरान कर्मचारी को चोटें भी आई हैं। टोल कर्मचारी ने पुलिस थाना काला अंब में मामला दर्ज कराया है।

    पुलिस ने मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है। साथ ही घायल कर्मचारी की मेडिकल जांच भी कराई गई। बताया जा रहा है कि काला अंब-यमुनानगर हाइवे पर खारी (काला अंब) इलाके में स्थित टोल टैक्स पॉइंट पर जयसिंह ड्यूटी पर तैनात था।

    तभी वहां हरियाणा के एक गांव झंडा से दो युवक अपने पांच छह साथियों के साथ रॉड व डंडे लेकर पहुंचे और उसके साथ गाली गलौज व मारपीट करने लगे। इस बीच आरोपी टोल कर्मचारी से 7700 रुपए नकदी व पर्ची काटने वाली मशीन भी छीनकर ले गए।

    काला अंब पुलिस थाना प्रभारी एमएस चौहान ने बताया कि टोल कर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्त में ले लिया जाएगा।

  • काला अंब में सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा, लोग हो रहे परेशान

    काला अंब में सड़कों पर बेसहारा पशुओं का जमावड़ा, लोग हो रहे परेशान

    HNN/ काला अंब

    जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में सड़क पर घूमता आवारा गोवंश हर किसी के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। हालात यह है कि सड़कों, चौक-चौराहों व गलियों में आवारा पशुओं का डेरा कभी न खत्म होने वाली समस्या बन गई है। सड़कों पर घूमते आवारा मवेशी वाहन चालकों व राहगीरों के लिए खतरा साबित हो रहे हैं।

    सुबह से लेकर रात तक आवारा पशु सड़कों पर डटे रहते हैं, जिससे हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता है। पशुओं के अचानक सामने आ जाने के कारण वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठते हैं और फिर दुर्घटना होते देर नहीं लगती। जिला प्रशासन द्वारा पशुओं को आवारा छोड़ने पर जुर्माने तक का प्रावधान किया गया है।

    इसके अलावा कोई अपने पशुओं को आवारा न छोड़ सके इसके लिए उनकी टैगिंग भी की गई है। सरकार और प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद भी लोग मवेशियों को खुले में छोड़ रहे हैं। वही यह आवारा पशु लोगों के खेतों में घुसकर उनकी फसलों को भी तबाह कर रहे हैं।

    उधर, पंचायत प्रधान काला अंब रेखा चौधरी ने बताया कि पशुओं को आवारा छोडने वालो को मोटा जुर्माना लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि जो भी मवेशियों को गौशाला में भेजता है उसका खर्च भी पंचायत द्वारा वहन किया जायेगा।

  • काला अंब का रोड सेफ्टी क्लब भंग, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

    काला अंब का रोड सेफ्टी क्लब भंग, नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

    सोमनाथ बने अध्यक्ष तो जगमाल को वाइस प्रेसिडेंट की कमान

    HNN/ काला अंब

    जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र काला अंब में सड़क सुरक्षा को लेकर रोड सेफ्टी क्लब अक्षर महत्वपूर्ण भूमिका में रहा है। वहीं सरकार बदलने के साथ काला अंब क्षेत्र का रोड सेफ्टी क्लब भी अब नए कलेवर में आ गया है।

    काला अंब रोड सेफ्टी क्लब की पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। जिसमें क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ भाटिया को अध्यक्ष तो जगमाल सिंह को उपाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

    सोमनाथ भाटिया के द्वारा अपनी कार्यकारिणी में नवीन कुमार, जगदीश चंद्र, अमरनाथ, राजेश, मजीद अली, ऋषि पाल सुखबीर, बलदेव, सुभाष चौधरी, अंशुल तथा रवि कुमार को सक्रिय कार्यकर्ता बनाया गया है।

    सोमनाथ ने बताया कि उन्हें रोड सेफ्टी क्लब का लायन की जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे वे बखूबी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

    उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में यातायात के नियमों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि काला अंब पुलिस और रोड सेफ्टी क्लब में बेहतर सामंजस्य बनाते हुए क्षेत्र की यातायात और ट्रैफिक व्यवस्था को ढर्रे पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

    यही नहीं इस औद्योगिक क्षेत्र में ट्रिपल राइडिंग और हेलमेट ना पहनने के रिवाज को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर हर हालत में लागू किया जाएगा।

  • फार्मा कंपनी में 60 पदों पर होगी भर्ती, 4 व 6 अप्रैल को यहां होंगे साक्षात्कार….

    फार्मा कंपनी में 60 पदों पर होगी भर्ती, 4 व 6 अप्रैल को यहां होंगे साक्षात्कार….

    HNN/ कालाअंब

    औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के अंतर्गत त्रिलोकपुर रोड पर स्थित निजी कंपनी साईं कॉरपोरेशन अपनी कंपनी में 60 रिक्त पदों पर भर्ती करने जा रहा है। जिसके लिए आईटीआई नाहन में 4 अप्रैल और उप रोजगार कार्यालय सराहां में 6 अप्रैल को साक्षात्कार लिए जाएंगे।

    यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ने अक्षय शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि एक निजी कंपनी में आईटीआई (फिटर) इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट बीएससी, एमएससी केमिस्ट्री, बीफार्मा, एमबीए, डिप्लोमा इन मैकेनिकल शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं की आवश्यकता है।

    जिसमें न्यूनतम वेतन 16000 रुपए प्रतिमाह, और अधिकतम वेतन 22000 रुपए दिया जाएगा। अभ्यर्थी की आयु 18 से अधिक होनी चाहिए। जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो (2) पासपोर्ट साइज फोटो व मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की कॉपी तथा अनुभव प्रमाण पत्र यदि हो तो साथ लेकर आए।

    सभी इच्छुक उम्मीदवार 4 अप्रैल को सुबह 10 बजे, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नाहन, तथा 6 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय सराहां (पच्छाद) में पहुंच कर इस मौके का लाभ उठाएं।

  • त्रिलोकपुर में चरमराई यातायात व्यवस्था, श्रद्धालु हो रहे परेशान

    त्रिलोकपुर में चरमराई यातायात व्यवस्था, श्रद्धालु हो रहे परेशान

    HNN/ कालाअंब

    जाम का झाम शहर के लोगों के लिए गले की फांस बनता जा रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात भी किया गया है।

    बावजूद इसके व्यवस्था को सुचारू करने को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रविवार को त्रिलोकपुर रोड पर वाहनों की लाइन लगी रही, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। शहर में घुस रहे भारी वाहनों के कारण हर सड़क पर जाम के हालात बन रहे हैं।

    जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर स्थित शक्तिपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि खत्म होने के बाद भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, यहां माता रानी के दर्शन करने के लिए अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

    परंतु ट्रैफिक व्यवस्था ना होने के कारण श्रद्धालुओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तकरीबन 2 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

    श्रद्धालुओं ने बताया कि 12:20 पर कालाअंब बैरियर से त्रिलोकपुर का सफर शुरू किया था लेकिन शक्तिपीठ तक पहुंचने में 1:45 हो गए। महज 6 किलोमीटर के सफर में लगभग डेढ़ घंटे का समय लग गया।

  • 3 अप्रैल को कालाअंब के इन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित……

    3 अप्रैल को कालाअंब के इन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित……

    HNN/ कालाअंब

    132/33/11 के.वी. सबस्टेशन कालाअंब (जोहरों) एवं 33/11 के.वी. सब स्टेशन कालाअंब के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के चलते 3 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकरी सहायक अभियंता योगेश कुमार ने दी।

    उन्होंने बताया कि सुबह 9:00 बजे से लेकर साय 5:00 बजे तक कालाअंब विद्युत उप मंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों कालाअंब, नागल, सुकेती, कोंथरों, मोगिनंद, मैनथापल, खैरी, मीरपुर, कोटला, पालियों, गुमटी, जोड़ों, जटावाला, भंडारी वाला आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

    सहायक अभियंता ने इस अवधि के दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।

  • बाल भिक्षावृत्ति व बाल मजदूरी के खिलाफ माँ बालासुंदरी मेला त्रिलोकपुर में विशेष अभियान

    बाल भिक्षावृत्ति व बाल मजदूरी के खिलाफ माँ बालासुंदरी मेला त्रिलोकपुर में विशेष अभियान

    HNN/ कालाअंब

    जिला सिरमौर के कालाअंब स्थित त्रिलोकपुर में चलने वाले माँ बालासुंदरी मेले में जिला बाल संरक्षण इकाई सिरमौर द्वारा मेले के दौरान बाल भिक्षावृत्ति व बाल मजदूरी को रोकने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल भिक्षावृत्ति व बाल मजदूरी पर रोक लगाना है, जिससे कि बच्चों के भविष्य को अंधकार में जाने से रोका जाए व बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

    इस अभियान में जिला बाल संरक्षण इकाई के साथ-साथ चाइल्ड लाइन सिरमौर के कर्मचारियों द्वारा बच्चों को परामर्श दिया गया व साथ ही दुकानदारों से अपील की गई की वे बाल मजदूरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन का सहयोग करें। इस मौके पर संरक्षण अधिकारी सोहन पुण्डीर ने लोगों से अपील की कि वे बच्चों को भीख ना देकर भोजन या ख़ाने-पीने की सामग्री दें। इससे बाल भिक्षावृत्ति पर रोक लगाना संभव है।

    जिला बाल संरक्षण अधिकारी रमा रेटका ने आम जनमानस से अपील की है कि मेले के दौरान बाल मजदूरी व बाल भिक्षावृत्ति की सूचना मेले में मेला ड्यूटी मेजिस्ट्रेट के कार्यालय के सामने लगे जिला बाल संरक्षण इकाई के स्टाल पर इसकी सूचना दें। इस अभियान में चाइल्ड लाइन सिरमौर के सदस्य रामलाल व अंजना का विशेष सहयोग रहा।

  • 25 मार्च को हिमालयन ग्रुप ऑफ़ प्रोफेशनल इंस्टीटूशन्स में वार्षिक उत्सव का किया जाएगा आयोजन

    25 मार्च को हिमालयन ग्रुप ऑफ़ प्रोफेशनल इंस्टीटूशन्स में वार्षिक उत्सव का किया जाएगा आयोजन

    स्टार नाईट में पंजाबी सिंगर गुरनाम भुल्लर लोकगीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को बनाएंगे खुशनुमा

    HNN/ कालाअंब

    जिला सिरमौर के कालाअंब के हिमालयन ग्रुप ऑफ़ प्रोफेशनल इंस्टीटूशन्स में ‘यूफ़ॉरया 23″ वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हिमाचल के इंडस्ट्री व आयुष विभाग के मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्य अथिति के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा विशेष अतिथि नाहन विधायक अजय सोलंकी व गग्रेट के विधायक चैतन्य शर्मा होंगे।

    इस कार्यक्रम बारे जानकारी देते हुए डॉक्टर हरीश महेंद्रु, कर्नल गुलेर सिपाहिया, डॉक्टर सिमरजीत सिंह, डॉक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि यह वार्षिक उत्सव संस्थान के छात्रों द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान छात्र दिन में खेल , सिंगिंग, डांसिंग, व अन्य क्षेत्र में अपनी-अपनी स्किल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, छात्र अपने द्वारा तैयार किए विभिन्न प्रकार के व्यंजनो के फ़ूड स्टॉल भी लगाएंगे। इस कार्यक्रम में सभी की एंट्री फीस 250 रुपए रखी गई है।

    इंस्टीटूशन्स के चेयरमैन रजनीश बंसल ने बताया कि उनका ध्येय है कि छात्र पढ़ाई के साथ-साथ अपने अपने स्किल में रूचि लेते हुए इस प्रकार उसके प्रति गंभीर रहें कि भविष्य में वह स्किल, उनके लिए रोजगार, व्यापार में भी लाभकारी हो। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान इंस्टीटूशन्स के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा तथा शाम को छात्रों के मनोरंजन के लिए स्टार नाईट में पंजाबी सिंगर गुरनाम भुल्लर लोकगीतों व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को खुशनुमा बनाएंगे।

  • त्रिलोकपुर में बालासुंदरी चैत्र नवरात्र मेला 22 मार्च से 6 अप्रैल तक होगा आयोजित

    त्रिलोकपुर में बालासुंदरी चैत्र नवरात्र मेला 22 मार्च से 6 अप्रैल तक होगा आयोजित

    माता के दर्शन के लिए अभी से लगनी शुरू हो गई है श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारे

    HNN/ काला अंब

    सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन से करीब 23 किलोमीटर दूर, शिवालिक पहाड़ियों के बीच महामाया बालासुंदरी का भव्य एवं दिव्य मंदिर त्रिलोकपुर नामक स्थल पर स्थित है। करीब 450 साल पुराने इस ऐतिहासिक शक्तिधाम से हिमाचल सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के लाखों लोगों की आस्थायें जुड़ी हुई हैं। त्रिलोकपुर स्थित माता बालासुंदरी मंदिर में हर वर्ष दो बार चैत्र और अश्वनी मास के नवरात्रि के अवसर पर नवरात्र मेलों का आयोजन किया जाता है।

    चैत्र नवरात्र के अवसर पर होने वाले मेले को यहां बड़ा मेला और अश्वनी मास के नवरात्र पर होने वाले मेले को छोटा मेला कहा जाता है। इस वर्ष चैत्र नवरात्र का मेला 22 मार्च से 6 अप्रैल 2023 तक आयोजित किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां मुक्कमल कर ली हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    मेले के आयोजन को लेकर उपायुक्त सिरमौर, आर.के. गौतम, त्रिलोकपुर मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों, सम्बन्धित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर प्रबंधों की समीक्षा कर रहे हैं। महामाया बालासुंदरी के मंदिर के इतिहास की बात करें तो जनश्रुति के अनुसार त्रिलोकपुर महामाया बालासुंदरी मंदिर की स्थापना सन् 1573 यानि सोलवीं सदी में तत्कालीन सिरमौर रियासत के राजा प्रदीप प्रकाश ने की थी।

    कहा जाता है कि सन् 1573 ईसवी के आसपास सरमौर जिले में नमक की कमी हो गई थी। ज्यादातर नमक देवबंद नामक स्थान से लाना पड़ता था। देवबंद वर्तमान में उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर का ऐतिहासिक कस्बा है। कहा जाता है कि लाला राम दास सदियों पहले त्रिलोकपुर में नमक का व्यापार करते थे, उनकी नमक की बोरी में माता देवबंद से यहां आई थी। भगत राम दास की दुकान त्रिलोकपुर में पीपल के वृक्ष के नीचे हुआ करती थी।

    कहते हैं कि भगत राम दास देवबंद से लाया नमक विक्रय करते गए किन्तु काफी समय के बाद भी नमक समाप्त होने में नहीं आया। भगत जी को नमक के विक्रय से काफी धन प्राप्त हुआ, किन्तु नमक समाप्त नहीं हो रहा था। इससे भगत राम दास जी अचंभित हो गए। भगत उस पीपल के वृक्ष के नीचे सुबह-शाम दिया जलाते थे और पूजा-अर्चना करते थे। इसी बीच माता बालासुंदरी ने प्रसन्न होकर एक रात्रि भगत जी को सपने में दर्शन दिए और कहा कि भक्त मैं तुम्हारी भक्ति भाव से अति प्रसन्न हूं, मैं यहां पीपल वृक्ष के नीचे पिंडी रूप में विराजमान हूं, तुम मेरा यहां पर भवन बनवाओ।

    मां बालासुसंदरी के दिव्य दर्शन के उपरांत भगत जी को भवन निर्माण की चिंता सताने लगी। स्वपन में भगत जी ने माता का आवहान किया और विनती की कि इतने बड़े भवन निर्माण के लिए मेरे पास सुविधाओं व धन का अभाव है। उन्होंने माता से आग्रह किया कि आप सिरमौर के महाराज को भवन निर्माण का आदेश दें। माता ने तत्कालीन सिरमौर नरेश राजा दीप प्रकाश को सोते समय स्वपन में दर्शन देकर भवन निर्माण का आदेश दिया।

    सिरमौर नरेश प्रदीप प्रकाश ने तुरंत जयपुर से कारीगरों को बुलाकर भवन निर्माण का कार्य पूरा किय। हालांकि मां बाला सुंदरी के नमक की बोरी में देवबंद से त्रिलोकपुर आने की किवदंती अधिक प्रचारित है, लेकिन मंदिर परिसर में सूचना बोर्ड में उद्वृत इतिहास, एक दूसरी किवदंती की जानकारी को भी उल्लेखित करता है। दूसरी किवदंती के अनुसार भगत लाला राम दास के घर के सामने पीपल का पेड़ था। वो वहां पर हर रोज जल चढ़ाया करते थे।

    एक दिन भयंकर तूफान आया और पीपल का पेड़ उखड़ गया। उस पेड़ के नीचे के स्थान से एक पिंडी प्रकट हुई। रामदास पिंडी को उठाकर घर लाए और पूजा अर्चना करने लगे। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर मां ने उन्हें स्वपन में दिव्य दर्शन दिए और मंदिर बनवाने के लिए कहा। भगत लाला राम दास जी ने स्वपन की चर्चा सिरमौर नरेश से की जिन्होंने श्रद्धापूर्वक त्रिलोकपुर मंदिर बनवाया।

    मंदिर का दो बार सन् 1823 में राजा फतेह प्रकाश तथा सन् 1851 में राजा रघुवीर प्रकाश के शासन में जीर्णाेद्धार किया गया था। इस प्रकार सदियों से माता बालासुंदरी धाम त्रिलोकपुर में चैत्र और अश्विनी मास के नवरात्रों में मेले का आयोजन किया जाता है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु हिमाचल के अलावा साथ लगते हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से टोलियो में मां भगवती के दर्शन करने आते हैं। वर्तमान में यह स्थल धार्मिक पर्यटन के रूप में अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर उभर चुका है।

    मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगरों का आयोजन किया जाता है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए यात्रि निवास और सराय आदि उपलब्ध हैं। इसके अलावा सुरक्षा, स्वास्थ्य व अन्य जरूरी व्यवस्थायें भी उपलब्ध करवाई जाती हैं। भक्तों का मां बालासुंदरी पर अटूट विश्वास और श्रद्धा है। त्रिलोकपुर स्थित शक्ति धाम में माता त्रिपुरी बालासुंदरी साक्षात रूप में विराजमान है। यहां पर की गई मनोकामनाएं अवश्य पूरी होती हैं भगतों सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

  • मारकंडा नदी में पांव फिसलने से गिरी 48 वर्षीय महिला, गई जान

    मारकंडा नदी में पांव फिसलने से गिरी 48 वर्षीय महिला, गई जान

    HNN/ कालाअंब

    हिमाचल के सिरमौर स्थित औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के समीप मारकंडा नदी में एक महिला पांव फिसल कर गिर गई, जिस कारण उसकी मौत हो गई है। मृतका की पहचान 48 वर्षीय सुषमा पत्नी इंद्र सिंह निवासी मोगिनंद के रूप में हुई है। मृतका महिला के शव का पोस्टमार्टम कल यानी बुधवार को किया जाएगा।

    वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है। जानकारी के अनुसार, महिला मारकंडा के बीचो-बीच नदी को पार कर रही थी। इस दौरान अचानक ही महिला का पांव फिसल गया, जिस कारण वह अनियंत्रित होकर नदी में करीब आधा फुट पानी में जा गिरी।

    जब स्थानीय लोगों ने महिला को नदी में पड़ा हुआ देखा तो उन्होंने बचाव व राहत का कार्य करते हुए उसे तुरंत नदी से बाहर निकाला। जिसके बाद उन्होंने तुरंत इस बाबत एंबुलेंस को सूचित किया।

    सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और ईएमटी की तनु ने सीपीआर के माध्यम से महिला की सांसो को चलाने की काफी कोशिश की परंतु सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद एंबुलेंस में महिला को तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।