Category: KULLU

  • कुल्लू के लारजी में पिन पार्वती नदी में दो आईटीआई छात्र डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    कुल्लू के लारजी में पिन पार्वती नदी में दो आईटीआई छात्र डूबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    बिजली की ट्रेनिंग के लिए आए थे छात्र, नहाने के दौरान हुआ हादसा

    नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के लारजी में पिन पार्वती नदी में दो आईटीआई छात्र डूब गए। वीरवार दोपहर बाद ये छात्र नदी में नहाने के लिए उतरे थे, जिसके बाद से वे लापता हैं।

    रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग तलाश में जुटे

    घटना की सूचना मिलते ही सेंज पुलिस मौके पर पहुंची, और स्थानीय लोग भी युवकों की तलाश में जुट गए हैं। नदी के एक गहरे हिस्से में पानी अधिक होने के कारण गोताखोरों को बुलाया गया है।

    बिजली की ट्रेनिंग के लिए लारजी पहुंचे थे छात्र

    बताया जा रहा है कि दोनों छात्र आईटीआई थलौट में अध्ययनरत थे और बिजली की ट्रेनिंग के लिए लारजी आए हुए थे। इसी दौरान वे नदी में नहाने उतरे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके।

    प्रशासन ने दी जानकारी

    लारजी पंचायत के प्रधान गुड्डू राम ने बताया कि छात्रों की तलाश जारी है। वहीं, डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने भी पुष्टि की कि पुलिस और राहत दल रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।

  • खराब मौसम में दिशा भटके चार पैराग्लाइडर, एक बिजली के तारों में फंसा, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया

    खराब मौसम में दिशा भटके चार पैराग्लाइडर, एक बिजली के तारों में फंसा, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया

    तेज हवा और खराब मौसम के कारण पैराग्लाइडर पायलटों को उड़ान के दौरान मुश्किलों का सामना करना पड़ा

    अचानक बिगड़े मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें

    रविवार दोपहर बाद चार पैराग्लाइडर पायलटों ने फ्लाइंग साइट से उड़ान भरी, लेकिन खराब मौसम और तेज हवा के कारण वे अपनी दिशा भटक गए। घाटी में अचानक मौसम बिगड़ने से यह घटना सामने आई, जिसमें चारों पायलट करीब आधे घंटे तक हवा में फंसे रहे।

    तीन ने सुरक्षित लैंडिंग की, एक तारों में फंसा

    थाना प्रभारी पतलीकूहल रजत शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली थी। तीन पायलटों ने सफलतापूर्वक सुरक्षित लैंडिंग कर ली, लेकिन एक पैराग्लाइडर पायलट तराशी क्षेत्र के जंगल में बिजली के तारों में फंस गया।

    रेस्क्यू टीम ने बचाया पायलट

    पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फंसे हुए पैराग्लाइडर को सुरक्षित नीचे उतारा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ और पायलट को सुरक्षित बचा लिया गया।

    पायलटों को सतर्क रहने की सलाह

    प्रशासन ने पैराग्लाइडिंग करने वाले पायलटों को सलाह दी है कि वे उड़ान भरने से पहले मौसम की पूरी जानकारी प्राप्त करें और खराब मौसम में उड़ान से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

  • सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वाले के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

    सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वाले के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई

    शिकायत के आधार पर मामला दर्ज

    पुलिस थाना मनीकर्ण में आज, 16 मार्च 2025 को, अमृतसर (पंजाब) निवासी श्री हरजिंद्र सिंह की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, “पी.के. पवन कुमार” नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक भड़काऊ पोस्ट साझा की थी, जिसमें लिखा गया था—”जरूरत है हिमाचली लोगों को पंजाबी बाइकर्स के खिलाफ एकजुट होकर जवाब देने की।”

    कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश

    इस पोस्ट को दुर्भावनापूर्ण इरादे से शेयर किया गया, जिससे हिमाचल और पंजाब के लोगों के बीच सांप्रदायिक तनाव पैदा होने की संभावना बनी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (1) (a) और 353 (1) (c) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    आगे की जांच जारी

    कुल्लू पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और संबंधित आरोपी की गतिविधियों की गहन पड़ताल की जा रही है।

    जनता से अपील

    कुल्लू पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे कानून और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यदि किसी को भी कोई अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।

  • मनाली में भिंडरावाला के झंडे को लेकर विवाद , पुलिस ने मामला दर्ज किया

    मनाली में भिंडरावाला के झंडे को लेकर विवाद , पुलिस ने मामला दर्ज किया

    झंडे को लेकर हुआ विवाद

    मनाली के रामबाग चौक में भिंडरावाला की तस्वीर वाला झंडा लगाने को लेकर विवाद हुआ । इस मामले में मनाली पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 152, 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।

    शिकायतकर्ता का बयान

    शिकायतकर्ता श्री सुभाष ठाकुर, निवासी छियाल, मनाली, ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च 2025 को दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और उन्होंने वाहन पर भिंडरावाला की तस्वीर वाला झंडा लगाया हुआ था । जब शिकायतकर्ता ने उनसे झंडा हटाने को कहा, तो उन्होंने इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी

    पुलिस की कार्रवाई

    पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

    पुलिस की अपील

    कुल्लू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शांति बनाए रखें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें

  • भून्तर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 7 ग्राम चिट्टा बरामद कर आरोपी को दबोचा

    भून्तर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 7 ग्राम चिट्टा बरामद कर आरोपी को दबोचा

    फोर लेन पुल के नीचे पुलिस कार्रवाई, आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    नाकाबंदी के दौरान पुलिस की कार्रवाई

    पुलिस थाना भून्तर की टीम ने 15 मार्च 2025 को बजौरा फोर लेन पुल के नीचे नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अमनदीप सिंह (43 वर्ष) पुत्र शमशेर सिंह, निवासी गांव कुती वाला, डाकघर कुती वाला कलां, तहसील मौड़, जिला भटिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है।

    आरोपी के पास से मिला नशे का सामान

    पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना भून्तर में धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    जांच जारी, नशा तस्करी के लिंक खंगाल रही पुलिस

    गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद नशे की खरीद-फरोख्त से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है, ताकि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई जा सके।

  • पतलीकुहल पुलिस ने 52 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर को दबोचा

    पतलीकुहल पुलिस ने 52 ग्राम चिट्टे के साथ तस्कर को दबोचा

    गश्त के दौरान पकड़ाया आरोपी, नशे की खरीद-फरोख्त की जांच जारी

    पतलीकुहल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 3 मार्च 2025 को पुलिस की गश्त के दौरान हुई, जब पुलिस टीम ने 15 मील के पास एक रेन शेल्टर में संदिग्ध गतिविधियां देखीं।

    रेन शेल्टर में छिपा था आरोपी, तलाशी में मिला चिट्टा
    गश्त कर रही पुलिस टीम को 15 मील के पास स्थित एक रेन शेल्टर में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 52 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय राजीव कुमार, पुत्र स्वर्गीय मोहन लाल, निवासी गांव व डाकघर बोरा, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई।

    मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पतलीकुहल में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद, पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसे कहां बेचा जाना था।

    आपूर्ति नेटवर्क की जांच जारी
    इस मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार इस अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है।

  • बेटे ने पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर की हत्या, नशे की लत ने लिया भयावह रूप

    बेटे ने पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर की हत्या, नशे की लत ने लिया भयावह रूप

    खराहल घाटी में दर्दनाक घटना, आरोपी बेटा गिरफ्तार

    जिला मुख्यालय कुल्लू के समीप स्थित खराहल घाटी के देवधार गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कुछ घंटों बाद ही उसे हिरासत में ले लिया।

    कहासुनी के बाद लिया हिंसक रूप

    जानकारी के मुताबिक, देवधार गांव के रहने वाले 55 वर्षीय ज्ञानचंद उर्फ बबली की उसके ही बड़े बेटे 32 वर्षीय जगदीप उर्फ मोनू ने हत्या कर दी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर में किसी बात को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में जगदीप ने लकड़ी के डंडे से अपने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    नशे की लत बना कारण

    स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी बेटा जगदीप एक नशेड़ी था और अक्सर घर से गायब रहता था। कभी-कभी ही घर आता था और जब आता, तो परिवार में अशांति फैल जाती थी। मंगलवार सुबह भी वह घर पर था और अचानक किसी बात को लेकर पिता से बहस करने लगा। इस बहस ने हिंसक रूप ले लिया और उसने अपने पिता की जान ले ली।

    पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

    घटना के तुरंत बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए।

    कुल्लू के एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू के शवगृह भेज दिया गया है। फरार आरोपी को दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया गया और अब उससे पूछताछ जारी है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

  • कुल्लू में सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर पदों के लिए भर्ती, 4, 5 और 10 मार्च को होंगे कैंपस साक्षात्कार

    कुल्लू में सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर पदों के लिए भर्ती, 4, 5 और 10 मार्च को होंगे कैंपस साक्षात्कार

    10वीं पास युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर

    कुल्लू , 3 मार्च – जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह ने जानकारी दी है कि बिलासपुर की एक कंपनी द्वारा सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 120 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए कुल्लू जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर कैंपस साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

    भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता

    भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवार की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए और उसकी आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

    कैंपस साक्षात्कार की तिथियां और स्थान

    उम्मीदवार अपने अनिवार्य दस्तावेजों के साथ निम्नलिखित स्थानों पर निर्धारित तिथियों में साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं:

    • 4 मार्च – उपरोजगार कार्यालय, बंजार
    • 5 मार्च – जिला रोजगार कार्यालय, कुल्लू
    • 10 मार्च – उपरोजगार कार्यालय, आनी

    जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।

  • कसौल में पुलिस की छापेमारी, जर्मन बेकरी से नशे का सामान बरामद

    कसौल में पुलिस की छापेमारी, जर्मन बेकरी से नशे का सामान बरामद

    नेपाल निवासी युवक गिरफ्तार, हशीश और हैंश ब्राउनीज के साथ पकड़ा गया

    कसौल में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 24 फरवरी 2025 को कसौल स्थित जर्मन बेकरी में छापेमारी की। इस दौरान तलाशी में युवक के पास से नशीले पदार्थ और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया।

    युवक के पास से चरस और हैंश ब्राउनीज बरामद

    पुलिस जांच में आरोपी की पहचान 21 वर्षीय संचलाल मोक्टन उर्फ जॉनी लामा के रूप में हुई, जो नेपाल के काठमांडू का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 45.71 ग्राम चरस, 5 हैंश ब्राउनीज, 840 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया।

    नशे की खरीद-फरोख्त की जांच जारी

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच के बाद यह पता लगाया जा रहा है कि नशे का यह सामान कहां से आया और इसे आगे कहां बेचा जाना था। पुलिस टीम इस मामले में अन्य संदिग्धों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

  • हिमाचल में ग्लेशियर झीलों का विस्तार, सांगला और वासुकी झील में बढ़ा पानी का स्तर

    हिमाचल में ग्लेशियर झीलों का विस्तार, सांगला और वासुकी झील में बढ़ा पानी का स्तर

    बदलती जलवायु के कारण झीलों का आकार बढ़ा, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

    ग्लेशियर झीलों में हो रहा तेजी से विस्तार
    हिमाचल प्रदेश में स्थित ग्लेशियर झीलों का आकार लगातार बढ़ता जा रहा है। वैज्ञानिकों और इंजीनियरों द्वारा किए गए अध्ययन में यह सामने आया है कि पिछले आठ वर्षों में वासुकी और सांगला झीलों के क्षेत्रफल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। जलवायु परिवर्तन और ग्लेशियरों के तेज़ी से पिघलने के कारण इन झीलों का विस्तार हो रहा है, जिससे नदियों में जल प्रवाह बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

    वासुकी झील में 3.02 हेक्टेयर का विस्तार
    कुल्लू जिले के सोसन में 4500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित वासुकी झील का क्षेत्रफल 2017 में 10.36 हेक्टेयर था, जो 2024 तक बढ़कर 13.38 हेक्टेयर हो गया है। झील की अधिकतम गहराई 36.91 मीटर और औसत गहराई 14.48 मीटर आंकी गई है। बीते वर्षों में इसमें 2.166 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी जमा हो चुका है।

    सांगला झील का क्षेत्रफल भी बढ़ा
    किन्नौर जिले के सांगला में 4710 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सांगला झील का क्षेत्रफल भी पिछले आठ वर्षों में बढ़ा है। 2017 में यह झील 13.4 हेक्टेयर की थी, जबकि 2024 में यह बढ़कर 14.29 हेक्टेयर हो गई। सितंबर 2024 में किए गए सर्वे के दौरान इसका क्षेत्रफल 15.73 हेक्टेयर दर्ज किया गया। झील में 1.527 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी मौजूद है।

    बढ़ते जलस्तर से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा
    वैज्ञानिकों की रिपोर्ट के अनुसार, ग्लेशियरों के पिघलने से नदियों में जल प्रवाह बढ़ सकता है। पार्वती नदी को विशेष रूप से संवेदनशील बताया गया है, जबकि सांगला झील के फटने से जेएसडब्ल्यू बास्पा हाइडल पावर स्टेशन और सांगला क्षेत्र में जानमाल की क्षति होने की आशंका जताई गई है।

    निगरानी और चेतावनी प्रणाली की आवश्यकता
    मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने शुक्रवार को वासुकी और सांगला झीलों के विस्तार और भूस्खलन के जोखिम पर आधारित अध्ययन रिपोर्ट जारी की। रिपोर्ट में सुझाव दिया गया है कि इन झीलों का हर साल फील्ड सर्वे करवाया जाए और अग्रिम चेतावनी प्रणाली स्थापित की जाए। झीलों में पानी के बहाव की नियमित निगरानी करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया है ताकि संभावित आपदा से बचाव किया जा सके।