Category: MANALI

  • कल अटल टनल में लगेगी सोनिया गांधी की पट्टिका

    कल अटल टनल में लगेगी सोनिया गांधी की पट्टिका

    HNN / मनाली

    कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की अटल टनल रोहतांग से जुड़ी शिलान्यास पट्टिका लगाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के आदेश के बाद मनाली प्रशासन हरकत में आया है। एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बीआरओ के अधिकारियों के साथ शिलान्यास पट्टिका लगाने के लिए स्थान चिह्नित कर लिया है।

    प्रशासन ने शुक्रवार को शिलान्यास पट्टिका लगाने की तैयारी कर ली है। शिलान्यास पट्टिका को लेकर विवाद गहरा गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा फिर आमने-सामने हो गए हैं। उधर, उपमंडलाधिकारी मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि शुक्रवार को शिलान्यास पट्टिका लगा दी जाएगी।

  • 42 वर्षीय व्यक्ति ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या

    42 वर्षीय व्यक्ति ने पेड़ से फंदा लगाकर की आत्महत्या

    HNN/ मनाली

    पर्यटन नगरी मनाली के वन विहार में एक व्यक्ति ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है जिसके चलते आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। वही पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवांग नोरवू (42) पुत्र टशी दोरजे निवासी गांव गया डॉ. खारू थाना खारू लेह लद्दाख ने मनाली के वन विहार में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब किसी ने व्यक्ति को पेड़ से लटका हुआ देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया गया। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

    उधर, खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने बताया कि नवांग वर्तमान में अपने परिवार के साथ वार्ड नंबर-2 भजोगी मनाली में रह रहा था जिसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

  • अभिनेत्री प्रियामणि के साथ मनाली पहुंचे अर्जुन रामपाल, 25 दिन होगी शूटिंग

    अभिनेत्री प्रियामणि के साथ मनाली पहुंचे अर्जुन रामपाल, 25 दिन होगी शूटिंग

    HNN / मनाली

    मौसम साफ होते ही जहां हिमाचल की खूबसूरत वादियों को निहारने सैलानी पहुंच रहे हैं। तो वहीं अब शूटिंग के लिए बॉलीवुड सितारों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। बता दें कि रविवार को मशहूर अभिनेता अर्जुन रामपाल अभिनेत्री प्रियामणि के साथ शूटिंग के लिए मनाली पहुंचे।

    मनाली पहुंचने पर उनके फैन्स ने उनका जोरदार स्वागत किया। जानकारी के अनुसार 25 दिन तक मनाली की वादियों में फिल्म की शूटिंग की जाएगी। संगीथ सीवन के निर्देशन में फिल्म निर्माता अनुज शर्मा ब्लाइंड गेम फिल्म बना रहे हैं। रविवार को शूट हुए सीन में अर्जुन रामपाल एक बुजुर्ग का वेश धारण कर राहगीरों से उसका अता पता पूछते नजर आए।

    आठ रिटेक के बाद यह सीन ओके किया गया। स्थानीय कॉर्डिनेटर अमर चंद ने कहा कि फिल्म यूनिट मनाली में 25 दिन रुकेगी। मनाली के रायसन, नग्गर और जाणा में फिल्म की शूटिंग होगी।

  • 3 परिवारों के 19 सदस्य हुए बेघर, 50 लाख का नुक्सान

    3 परिवारों के 19 सदस्य हुए बेघर, 50 लाख का नुक्सान

    HNN / मनाली

    हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के तहत आते गांव बुरूआ में एक घर में आग लगने से लाखों की संपत्ति चंद मिनटों में राख हो गई। इस अग्निकांड से 3 परिवारों के 19 सदस्य बेघर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार खेमराज, उत्तमचंद और टेडी सिंह का परिवार एक ही घर में रहता था। शनिवार शाम को अचानक उनके मकान में आग लग गई।

    देखते ही देखते काष्ठकुणी शैली से बने इस पूरे मकान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि जिस समय घर में आग लगी उस वक्त घर के लोग बाहर बगीचे में काम कर रहे थे। जैसे ही परिवार के सदस्यों को घर में आग लगने की सूचना मिली वह तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाने की कोशिश की।

    कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके चलते घर के अंदर रखा सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया। उधर, राजस्व विभाग को नुक्सान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तय नियमावली के तहत मुआवजा और फौरी राहत राशि दी जाएगी।

  • हिडिंबा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के तोड़े शीशे, इलाके में फैली सनसनी

    हिडिंबा मंदिर के पास पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के तोड़े शीशे, इलाके में फैली सनसनी

    HNN / मनाली

    हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल हिडिंबा मंदिर के समीप बनी पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। अज्ञात शरारती तत्वों ने न केवल गाड़ियों में तोड़फोड़ की बल्कि पत्थर मारकर तीन गाड़ियों के शीशे भी तोड़ डाले। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

    जानकारी के अनुसार शरारती तत्वों ने मंदिर के समीप बनी पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। यह वारदात देर रात की बताई जा रही है। जब आज सुबह वाहन मालिक अपने वाहनों के पास पहुंचे तो देखा कि उनकी गाड़ियों के शीशे टूटे हुए थे और गाड़ियों में स्कैच डाले हुए थे।

    इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर वाहन मालिकों के बयान दर्ज किए और मामले की छानबीन शुरू कर दी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

  • फ्रेंडशिप पीक: बचाव दल ने रोका सर्च ऑपरेशन, मौसम बना बाधा

    फ्रेंडशिप पीक: बचाव दल ने रोका सर्च ऑपरेशन, मौसम बना बाधा

    HNN / मनाली

    हिमाचल प्रदेश के मनाली में फ्रेंडशिप पीक पर लापता पर्वतारोही आशुतोष का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। आज 15वें दिन टीम ने उसकी बहुत तलाश की, लेकिन अब तक सफलता हाथ नही लग पाई है। वही, पर्वतारोही की तलाश में खराब मौसम बाधा बन गया है।

    शुक्रवार सुबह से बचाव दल में शामिल जवान जोखिम उठाकर सर्च ऑपरेशन में जुटे रहे लेकिन दोपहर तक मौसम ज्यादा खराब होने की वजह से सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा और बचाव दलों को वापस बुलाना पड़ा। उधर, एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 20 से अधिक जवान सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। फिलहाल टीम बेस कैंप में ही रहेगी।

  • सर्च ऑपरेशन में बाधा बनी खाइयां, 13वें दिन भी नहीं लगा कोई सुराग

    सर्च ऑपरेशन में बाधा बनी खाइयां, 13वें दिन भी नहीं लगा कोई सुराग

    HNN / मनाली

    13 दिन बीत जाने के बाद भी फ्रेंडशिप पीक में लापता हुए शिमला के पर्वतारोही आशुतोष का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। आईटीबीपी, डोगरा स्काउट और अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। लेकिन अब तक सफलता हाथ नही लग पाई है।

    हिमस्खलन के बाद ग्लेशियर में खाइयां बनी हुई हैं। उस पर ताजा बर्फबारी होने से खाइयों में गिरने का खतरा भी बरकरार है। रात के समय यहां का तापमान माइनस दस डिग्री से भी नीचे पहुंच रहा है। ऐसी परिस्थितियों में सर्च ऑपरेशन चलाना भी कठिन होता जा रहा है।

    उधर, एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि 20 से अधिक जवान सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। फिलहाल टीम बेस कैंप में ही रहेगी। सर्च ऑपरेशन में जुटे आईटीबीपी और डोगरा स्काउट के जवानों ने कुछ सामान मंगवाया था, जिसे लेकर एक टीम फ्रेंडशिप पीक गई है। एक-दो दिन और सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

  • फ्रेंडशिप पीक में लापता हुए पर्वतारोही का मिला हेलमेट, मिलने की जगी उम्मीद

    फ्रेंडशिप पीक में लापता हुए पर्वतारोही का मिला हेलमेट, मिलने की जगी उम्मीद

    HNN / मनाली

    फ्रेंडशिप पीक मनाली में शनिवार से लापता हुए पर्वतारोही आशुतोष का छठे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। लेकिन आज जब रेस्क्यू टीम युवक की तलाश में जुटी तो उन्हें पर्वतारोही का हेलमेट मिला। हेलमेट मिलने से अब लापता पर्वतारोही के मिलने की उम्मीद फिर जाग उठी है।

    जानकारी के अनुसार शिमला निवासी आशुतोष अपने दोस्त सचिन और साहिल के साथ 17 नवंबर को फ्रेंडशिप पीक के लिए ट्रैकिंग पर निकला था। इस दौरान जब फ्रेंडशिप पीक के आस-पास यह ट्रैकिंग दल पहुंचा तो इस दौरान अचानक ग्लेशियर गिर गया, जिसकी चपेट में आशुतोष आ गया। जिसके बाद से ट्रैकर लापता है।

    युवक को ढूढ़ने के लिए बुधवार को रेको एवलांच रेस्क्यू डिवाइस की मदद से एडवेंचर टूर ऑपरेटर एसोसिएशन (एटीओए) की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया। हिमस्खलन वाले स्थान पर फ्रेंडशिप पीक के एक ओर करीब 500 मीटर के दायरे में तलाश की गई। लेकिन उसके बाद भी सफलता हाथ नही लग पाई। छह दिन बाद आज लापता पर्वतारोही के मिलने की उम्मीद जगी है। रेस्क्यू टीम युवक को ढूढ़ रही है।

  • हिमस्खलन की चपेट में आए पर्वतारोही का अभी तक नहीं लगा कोई सुराग, सर्च अभियान जारी

    हिमस्खलन की चपेट में आए पर्वतारोही का अभी तक नहीं लगा कोई सुराग, सर्च अभियान जारी

    HNN/ मनाली

    हिमस्खलन की चपेट में आने से लापता हुए पर्वतारोही का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है जिससे परिजनों की चिंता भी लगातार बढ़ती ही जा रही है। हालांकि, रेस्क्यू टीमों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बावजूद इसके पर्वतारोही का अभी तक कुछ अता पता नहीं चल पाया है।

    वही आज सुबह फिर से रेस्क्यू टीमों ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है। बता दे, शनिवार सुबह शिमला का पर्वतारोही आशुतोष फ्रेंडशिप पीक पर हिमस्खलन की चपेट में आ गया था। जिसके बाद पर्वतारोही को तलाशने के लिए टीमों को मौके की ओर रवाना किया गया।

    रेस्क्यू टीम द्वारा रविवार, सोमवार और मंगलवार को लगातार सर्च अभियान चलाया गया बावजूद इसके पर्वतारोही का कोई सुराग नहीं लग पाया। जिसके बाद अब पर्वतारोही की तलाश के लिए एडवेंचर टूअर ऑपरेटर एसोसिएशन (एटीओएस) की टीम मौके पर पहुँची। यहाँ फ्रेंडशिप पीक के समीप बेस कैंप बनाकर टीम ने रात बिताई और सुबह उठते ही सर्च अभियान शुरू किया गया है।

  • हिमस्खलन की चपेट में आए युवक का 3 दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग, अब ड्रोन की लेंगे मदद

    हिमस्खलन की चपेट में आए युवक का 3 दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग, अब ड्रोन की लेंगे मदद

    HNN / मनाली

    अटल टनल के साथ लगती 17490 फुट ऊंची फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आये शिमला के पर्वतारोही का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। सोमवार को अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान मनाली से गई पांच सदस्यीय टीम खाली हाथ लौट आई। निजी हेलीकॉप्टर से फ्रेंडशिप की चोटी पर भी तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

    अब ब्यासकुंड के रास्ते से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा, साथ ही ड्रोन की सहायता से लापता पर्वतारोही की तलाश होगी। दरअसल, मनाली से 15 नवंबर को तीन युवक फ्रेंडशिप पीक फतह करने निकले थे। इनमें शिमला के आशुतोष, मनाली के साहिल और शिमला के सचिन शामिल थे। शनिवार सुबह आशुतोष अचानक हुए हिमस्खलन की चपेट में आ गया।

    साहिल और सचिन ने मनाली थाने में पहुंचकर शनिवार शाम को इसकी जानकारी दी। रविवार को एसएचओ मुकेश राठौर की अगुवाई में रेस्क्यू टीम गई, लेकिन यह टीम बैरंग लौट गई। सोमवार को भी टीम युवक की तलाश में निकली थी, लेकिन सफलता हाथ नही लगी।