3 परिवारों के 19 सदस्य हुए बेघर, 50 लाख का नुक्सान

19 members of 3 families became homeless, loss of 50 lakhs

HNN / मनाली

हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के तहत आते गांव बुरूआ में एक घर में आग लगने से लाखों की संपत्ति चंद मिनटों में राख हो गई। इस अग्निकांड से 3 परिवारों के 19 सदस्य बेघर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार खेमराज, उत्तमचंद और टेडी सिंह का परिवार एक ही घर में रहता था। शनिवार शाम को अचानक उनके मकान में आग लग गई।

देखते ही देखते काष्ठकुणी शैली से बने इस पूरे मकान को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि जिस समय घर में आग लगी उस वक्त घर के लोग बाहर बगीचे में काम कर रहे थे। जैसे ही परिवार के सदस्यों को घर में आग लगने की सूचना मिली वह तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाने की कोशिश की।

कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके चलते घर के अंदर रखा सारा सामान राख के ढेर में तब्दील हो गया। उधर, राजस्व विभाग को नुक्सान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। अग्निकांड प्रभावित परिवारों को तय नियमावली के तहत मुआवजा और फौरी राहत राशि दी जाएगी।