Category: NAHAN

We provide all the latest nahan news

HNN News brings nahan news. We cover all the latest news from nahan. We provide hindi news from nahan city to the readers.

  • 25 साल की सेवा के बाद विक्रम ठाकुर ने संभाला सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार

    25 साल की सेवा के बाद विक्रम ठाकुर ने संभाला सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार

    नाहन |

    हिमाचल दस्तक ब्यूरोप्रदेश सरकार के पंचायती राज विभाग में 25 वर्षों तक विभिन्न पदों पर सेवाएं देने वाले विक्रम ठाकुर ने सोमवार शाम जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन में जिला पंचायत अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया है।

    कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने पंचायत चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं।सोमवार को हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में हाईकोर्ट के निर्णय के अनुसार पंचायत चुनाव कराने का फैसला लिया गया है।

    इसी कड़ी में सिरमौर में नवनियुक्त जिला पंचायत अधिकारी ने प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।विक्रम ठाकुर मूल रूप से जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के द्राबिल गांव के रहने वाले हैं। जबकि यशवंत विहार में भी उन्होंने अपना घर बनाया हुआ है।

    उन्होंने वर्ष 2001 में जिला मंडी में पंचायत ऑडिटर के रूप में पंचायती राज विभाग में सेवाकाल की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शिमला और नाहन में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं।पदोन्नति के बाद उन्होंने पंचायत अधिकारी निदेशालय शिमला में कार्य किया।

    इसके उपरांत पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान मशोबरा में प्रशिक्षक के रूप में रहते हुए प्रदेश के पंचायती राज प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया। बाद में वे नाहन में जिला ऑडिट अधिकारी के पद पर तैनात रहे।

    विभागीय पदोन्नति के बाद विक्रम ठाकुर ने प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में जिला पंचायत अधिकारी के रूप में दायित्व निभाया।

    जिला ऑडिट अधिकारी रहते हुए भी वे लंबे समय तक सिरमौर में जिला पंचायत अधिकारी का कार्य देख चुके हैं।जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पंचायत चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सभी संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

  • जिला कल्याण अधिकारी के रूप में गावा सिंह नेगी ने संभाला सिरमौर का कार्यभार

    जिला कल्याण अधिकारी के रूप में गावा सिंह नेगी ने संभाला सिरमौर का कार्यभार

    सिरमौर जिले में जिला कल्याण विभाग की जिम्मेदारी अब अनुभवी अधिकारी गावा सिंह नेगी को सौंपी गई है, जिन्होंने पदभार ग्रहण कर कार्य आरंभ कर दिया है। प्रशासनिक अनुभव और जनकल्याण योजनाओं की गहरी समझ के साथ वे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देंगे।

    सिरमौर

    अनुभवी अधिकारी को मिली अहम जिम्मेदारी
    गावा सिंह नेगी ने सिरमौर जिला में जिला कल्याण अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया है। वे जिला किन्नौर के लिप्पा गांव से संबंध रखते हैं और जनजातीय एवं सामाजिक कल्याण क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं।

    2010 से शासकीय सेवा में सक्रिय भूमिका
    उन्होंने अपने शासकीय सेवाकाल की शुरुआत वर्ष 2010 में जनजातीय कल्याण अधिकारी के पद से की थी। वर्ष 2022 में पदोन्नति के उपरांत वे जिला किन्नौर में जिला कल्याण अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे, इसके बाद जिला सोलन में भी उन्होंने इसी पद पर अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

    पात्र लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचाना प्राथमिकता
    पदभार ग्रहण करने के बाद गावा सिंह नेगी ने कहा कि वे प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

    प्रशासनिक समन्वय से अंतिम व्यक्ति तक लाभ
    उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

  • नाहन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मांस व खाद्य पदार्थों के 15 नमूने लिए

    नाहन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मांस व खाद्य पदार्थों के 15 नमूने लिए

    नाहन क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मांस, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य वस्तुओं के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए।

    नाहन

    खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच

    खाद्य सुरक्षा कार्यालय नाहन की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका द्वारा नाहन क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए नमूने संग्रहित किए गए। इस दौरान गोविंदगढ़ मोहल्ला से मीट, मटन, मछली और चिकन के कुल छह नमूने लिए गए।

    विभिन्न क्षेत्रों से नमूना संग्रह

    इसके अतिरिक्त दोसड़का, शिमला रोड क्षेत्र से पनीर, बेसन, खाद्य तेल, बिस्कुट और साबुत धनिया सहित पांच नमूने एकत्र किए गए। साथ ही खाद्य रंगों के चार सर्वेक्षण नमूने भी लिए गए।

    कंडाघाट लैब में होगी जांच

    खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। नाहन क्षेत्र से लिए गए सभी खाद्य नमूनों की जांच खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कंडाघाट, जिला सोलन में की जाती है।

    कानूनी प्रावधान और विभाग का उद्देश्य

    खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि गलत लेबलिंग से जुड़े मामलों को दीवानी प्रकरण के रूप में अपर जिला दंडाधिकारी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाता है, जबकि असुरक्षित खाद्य पदार्थों से संबंधित मामलों को न्यायिक न्यायालय में भेजा जाता है। विभाग का उद्देश्य आम जनता को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है, जिसके लिए नियमित निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी।

  • नाहन में सड़कों पर उतरे एसडीएम, अतिक्रमण से पार्किंग तक हर व्यवस्था की जांच

    नाहन में सड़कों पर उतरे एसडीएम, अतिक्रमण से पार्किंग तक हर व्यवस्था की जांच

    बाजार में अव्यवस्था पर सख्ती, कबाड़ दुकानों को एक दिन की मोहलत

    नाहन |

    जिला मुख्यालय नाहन में बिगड़ती शहरी व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए मंगलवार को एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर का पैदल भ्रमण कर बाजार, सड़कों, सफाई व्यवस्था, पार्किंग और अतिक्रमण की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजय गर्ग, सफाई निरीक्षक सुलेमान खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

    निरीक्षण के दौरान नाहन बाजार में सड़कों और रास्तों पर अतिक्रमण कर सामान फैलाने वाले दुकानदारों को एसडीएम ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा सड़क पर सामान रखे जाने पर उसे जब्त कर नगर परिषद के हवाले किया जाएगा।

    मौके पर ही नगर परिषद अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।सब्जी विक्रेताओं को वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट करने और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए शहर में एक निर्धारित क्षेत्र चयनित करने को लेकर भी मौके पर चर्चा की गई।

    एसडीएम ने कहा कि बिना व्यवस्था के सड़कों पर कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पार्किंग व्यवस्था को लेकर एसडीएम ने शहर में नए पार्किंग स्थलों की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।

    इसके साथ ही पहले से संचालित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। दिल्ली गेट से गोविंदगढ़ मोहल्ला की ओर जाते समय एमसी कॉम्प्लेक्स के नीचे सड़क पर सामान फैलाकर कबाड़ की दुकानें चला रहे स्क्रैब कारोबारियों पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।

    सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर स्क्रैब कारोबारियों को फटकार लगाई गई और एक दिन के भीतर सामान हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर परिषद अधिकारियों को कहा गया कि यदि तय समय में सड़क से कबाड़ नहीं हटाया गया तो नगर परिषद की गाड़ी के माध्यम से सामान जब्त किया जाए।

    एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि शहर की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब 20 दिन पहले शहरवासियों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे, जिनके आधार पर यह तय किया जा रहा है कि किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है,

    कहां पार्किंग विकसित की जा सकती है और किन इलाकों में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करना होगा।उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद एक विस्तृत योजना तैयार कर उपायुक्त सिरमौर को सौंपी जाएगी और उसे अधिसूचित कर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

  • अपना विद्यालय योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरूवाला में जिला आयुष अधिकारी का निरीक्षण

    अपना विद्यालय योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरूवाला में जिला आयुष अधिकारी का निरीक्षण

    अपना विद्यालय योजना के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरूवाला में जिला आयुष अधिकारी द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को योग और आयुष पद्धतियों के महत्व की जानकारी दी गई।

    नाहन

    विद्यालय का निरीक्षण और विद्यार्थियों से संवाद

    अपना विद्यालय योजना के अंतर्गत जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरूवाला में जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर दैनिक जीवन में योग के महत्व की जानकारी दी।

    योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

    डॉ. इंदु शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग को जीवन का हिस्सा बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग अभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।

    आयुर्वेदिक जीवनशैली पर जानकारी

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुर्वेदिक जीवनशैली पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दिनचर्या में आयुर्वेदिक उपायों को शामिल कर छोटी-मोटी बीमारियों से बचाव संभव है। विद्यार्थियों को प्राकृतिक उपचारों के लाभों की जानकारी भी दी गई।

    नियमित योग सत्रों पर जोर

    डॉ. शर्मा ने विद्यालय में योग प्रशिक्षण को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के लिए नियमित योग सत्र आयोजित करने की बात कही। उन्होंने मुल्तानी मिट्टी और दही के उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।

    निरीक्षण का उद्देश्य

    निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को योग एवं आयुष पद्धतियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

  • वंदे मातरम के 150 वर्ष, हिमाचल पुलिस ब्रास बैंड की देशभक्ति धुनों से गूंजा नाहन

    वंदे मातरम के 150 वर्ष, हिमाचल पुलिस ब्रास बैंड की देशभक्ति धुनों से गूंजा नाहन

    राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर नाहन के चौगान मैदान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

    सिरमौर/नाहन

    राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नाहन के चौगान मैदान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।

    करीब एक घंटे तक चली ब्रास बैंड की प्रस्तुति में देशभक्ति की धुनों ने चौगान मैदान को देशप्रेम के रंग में रंग दिया। पुलिस ब्रास बैंड की हर प्रस्तुति पर मौजूद लोग तालियों के साथ जोश और गर्व का इज़हार करते नजर आए।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। युवाओं की मौजूदगी ने वंदे मातरम की 150 वर्षों की गौरवशाली परंपरा से नई पीढ़ी के जुड़ाव को और मजबूत किया।

    इस अवसर पर जिला सिरमौर पुलिस प्रमुख निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को एक सूत्र में बांधा और आज भी यह गीत राष्ट्र की एकता और अखंडता का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और बलिदान की भावना का प्रतीक है।

    एसपी नेगी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और समाज को देश की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस कानून-व्यवस्था निभाने के साथ-साथ समाज में राष्ट्रीय चेतना और देशप्रेम को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

    कार्यक्रम के समापन पर हिमाचल प्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड की देशभक्ति प्रस्तुति ने नाहनवासियों को वंदे मातरम की 150 वर्षों की गौरवशाली यात्रा से जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश दिया।

    इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, डीएसपी मुख्यालय रमाकांत ठाकुर, थाना प्रभारी जीतराम शर्मा, एएसआई अनिल शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

  • विधायक सोलंकी हुए एडमिट, डॉ.की हिदायत के बावजूद मेडिकल कॉलेज की आवश्यक मीटिंग में शिमला जाने पर अड़े

    विधायक सोलंकी हुए एडमिट, डॉ.की हिदायत के बावजूद मेडिकल कॉलेज की आवश्यक मीटिंग में शिमला जाने पर अड़े

    काशीवाला में मुख्य सड़क के पास नई बिल्डिंग पर होगी चर्चा, ट्रामा सेंटर और कैंसर यूनिट के लिए जरूरी

    विधायक अजय सोलंकी हुए एडमिट, डॉक्टर की हिदायत के बावजूद मेडिकल कॉलेज की आवश्यक मीटिंग में शिमला जाने पर अड़ेनाहन

    नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी गंभीर अस्वस्थता के बावजूद नाहन मेडिकल कॉलेज के काशीवाला में मुख्य सड़क के पास विस्तार को लेकर 19 जनवरी को शिमला में होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए अडिग हैं।

    दांतों में संक्रमण और पैंक्रियाज में तेज दर्द के कारण उन्हें रविवार को सुबह ही नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करना पड़ा। चिकित्सकों ने उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी, लेकिन विधायक ने शहर के विकास और लोगों की सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य की परवाह किए बिना शिमला जाने का निर्णय लिया।

    नाहन मेडिकल कॉलेज वर्तमान में शहर के बीच अत्यंत तंग क्षेत्र में स्थित है, जहां अक्सर ट्रैफिक जाम रहता है। ऐसे हालात में इमरजेंसी में मरीजों को अस्पताल लाना मुश्किल होता है।

    यही कारण है कि शहर के बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने विधायक अजय सोलंकी से कॉलेज की नई बिल्डिंग काशीवाला नगर परिषद की जमीन पर बनाने की मांग की, जो मुख्य सड़क के बिल्कुल पास है।

    मुख्य सड़क के साथ नई जगह मिलने पर ही स्टेट और सेंट्रल गवर्नमेंट के नियमों के अनुसार कॉलेज में ट्रामा सेंटर और कैंसर यूनिट जैसी विशेष सुविधाएं स्थापित की जा सकेंगी।

    विधायक अजय सोलंकी के प्रयासों से यह मुद्दा पहले ही कैबिनेट में रखा जा चुका है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे प्राथमिकता देने का भरोसा दिया है।
    अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज का विस्तार न केवल मरीजों की सुविधा के लिए बल्कि इमरजेंसी और विशेष उपचार सुविधाओं की दृष्टि से भी अहम है।

    इसलिए उन्होंने स्वास्थ्य की स्थिति के बावजूद शिमला बैठक में हिस्सा लेने का निर्णय लिया है।
    अब सभी की निगाहें 19 जनवरी को शिमला में होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि नाहन मेडिकल कॉलेज को काशीवाला में मुख्य सड़क के पास नई बिल्डिंग और आधुनिक सुविधाओं के साथ विस्तार मिलेगा या नहीं।

  • ओडिशा में राष्ट्रीय चैंपियनशिप खेलेगी हिमाचल की सब जूनियर बॉयज रग्बी टीम

    ओडिशा में राष्ट्रीय चैंपियनशिप खेलेगी हिमाचल की सब जूनियर बॉयज रग्बी टीम

    10वीं सब जूनियर बॉयज नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में भाग लेने भुवनेश्वर रवाना हुई टीम

    नाहन :

    हिमाचल प्रदेश की सब जूनियर बॉयज रग्बी टीम 10वीं सब जूनियर बॉयज नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए ओडिशा रवाना हो गई है।

    यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 20 से 22 जनवरी तक भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जहां देशभर से आई टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।प्रदेश की टीम की कप्तानी पांवटा साहिब के प्रांजय को सौंपी गई है,

    जबकि भावेश उपकप्तान की जिम्मेदारी निभाएंगे। टीम में अंकित, आर्यन, आर्यन कंवर, विभूषित, शौर्य शर्मा, अक्षय, लक्ष्य, शौर्य, वैभव और निमेष शामिल हैं, जो राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    टीम की तैयारियों की जिम्मेदारी मुख्य कोच संदीप कुमार और सहायक कोच सुधीर कुमार के पास रही। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का कोचिंग कैंप द स्पाइस होटल ग्राउंड, सैलाकुई में आयोजित किया गया, जहां खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस, तकनीकी कौशल और टीम समन्वय पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

    हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद ने टीम के राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

    उन्होंने कहा कि यह टीम प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करती है और राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने का माद्दा रखती है।

    इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए टीम को हिमाचल प्रदेश आधारित पावर पीएसयू एसजेवीएन लिमिटेड तथा तिरुपति इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड का सहयोग प्राप्त हुआ है। हिमाचल प्रदेश रग्बी एसोसिएशन ने दोनों संस्थानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे खिलाड़ियों के लिए बड़ा संबल बताया।

  • नाहन में सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की दर्दनाक मौत, गाड़ी से पास लेते वक्त आवारा पशु से टकराया

    नाहन में सड़क हादसे में 15 साल के किशोर की दर्दनाक मौत, गाड़ी से पास लेते वक्त आवारा पशु से टकराया

    नाहन :

    शहर के समीप कांशीवाला सब्जी मंडी के समीप रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन पुत्र अमजद अली निवासी विक्रमबाग के रूप में हुई है।

    पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की उम्र आधार कार्ड के अनुसार 15 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार अमन अपने घर विक्रमबाग से नाहन की ओर आ रहा था कि कांशीवाला के समीप पहुंचते ही बस को ओवरटेक करते हुए वह बेसहारा पशु से टकरा गया।

    हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अमन को स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी साईं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    हादसे की सूचना तुरंत पुलिस चौकी कच्चा टैंक को दी गई, जहां से टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। उधर, इस हादसे के बाद विक्रमबाग क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, चौगान ग्राउंड में गूंजेंगी देशभक्ति की धुनें

    वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, चौगान ग्राउंड में गूंजेंगी देशभक्ति की धुनें

    हिमाचल पुलिस बैंड 19 जनवरी को देगा विशेष प्रस्तुति

    नाहन

    देश को एक सूत्र में बांधने वाले राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला सिरमौर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर 19 जनवरी, 2026 को नाहन के ऐतिहासिक चौगान ग्राउंड में हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड द्वारा वन्दे मातरम् सहित अन्य देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।

    कार्यक्रम का आयोजन हिमाचल प्रदेश पुलिस जिला सिरमौर की ओर से किया जा रहा है। पुलिस बैंड की प्रस्तुति प्रातः 11 बजे से शुरू होगी। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करना है।

    जिला सिरमौर पुलिस प्रमुख निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि वन्दे मातरम् गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई थी और आज भी यह गीत राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है।

    इसके 150 वर्ष पूरे होने पर भारत सरकार देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
    उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक लोग चौगान ग्राउंड पहुंचकर इस कार्यक्रम में भाग लें, देशभक्ति की धुनों का आनंद उठाएं और इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें।