चंबा में 12वीं बोर्ड मेरिट सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त ने किया सम्मानित
Himachalnow / चंबा
चंबा में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को उपायुक्त मुकेश रेपसवाल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ संवाद भी किया गया।
चंबा
मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने वर्ष 2025-26 की 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जिला चंबा के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है, जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक और अध्यापक भी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
उपायुक्त ने सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश स्तर पर हजारों विद्यार्थियों के बीच स्थान बनाना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की सलाह भी दी।
विद्यार्थियों को दी गई प्रोत्साहन राशि और पुस्तक
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, 5100-5100 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम द्वारा लिखित पुस्तक “विंग्स ऑफ फायर” भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और उपायुक्त से विभिन्न प्रश्नों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पांच विद्यार्थियों ने बनाई टॉप-10 में जगह
हाल ही में घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में जिला चंबा के पांच विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है। कुठेहड़ की तनुजा कुमारी और गानेड के होमपाल ने संयुक्त रूप से प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया, जबकि पीएम श्री बॉयज सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा के नितिन राणा और स्टीफन पब्लिक स्कूल चंबा की अन्वी ने संयुक्त रूप से सातवां स्थान हासिल किया। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पजा के कपिल ठाकुर ने प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया।