Accident / चंबा में कार सड़क से खाई में गिरी, महिला की मौत, घायल बेटे का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी
Himachalnow / चंबा
Accident : चंबा के सलूणी उपमंडल में तेलका-झौड़ा मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उसका बेटा घायल हो गया है।
चंबा
तेलका-झौड़ा मार्ग पर हुआ सड़क हादसा
चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के तहत तेलका-झौड़ा मार्ग पर एक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार दर्शन कुमार अपनी माता सीता देवी को कार में लेकर तेलका से अपने गांव भेड़ोई की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान जब वे नहेली मोड़ के पास पहुंचे तो अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया।
घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाए गए मां-बेटे
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सालवां पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान सीता देवी ने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान सीता (60) पत्नी धर्म चंद, निवासी गांव भेड़ोई, डाकघर डंडी, तहसील सलूणी के रूप में हुई है। वहीं घायल दर्शन कुमार की हालत को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद चंबा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल चालक और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को करवाया जाएगा।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।