Loading...

जिला चंबा में पंचायत चुनाव के लिए 7315 उम्मीदवार मैदान में, 26 से तीन चरणों में होगा मतदान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 59 Mins Ago • 1 Min Read

जिला चंबा में पंचायती राज चुनाव के लिए नामांकन वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7315 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार 15 मई तक कुल 1128 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए हैं।

चंबा

1128 उम्मीदवारों ने वापस लिए नामांकन

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चंबा में पंचायती राज चुनाव के लिए नामांकन वापसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 7315 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि 15 मई 2026 को नामांकन वापसी के अंतिम दिन कुल 1128 उम्मीदवारों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली। इनमें प्रधान पद के 292, उप प्रधान पद के 258, वार्ड सदस्य पद के 530, पंचायत समिति सदस्य पद के 43 और जिला परिषद सदस्य पद के 5 उम्मीदवार शामिल हैं।

तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार चंबा जिला में पंचायती राज चुनाव 26, 28 और 30 मई 2026 को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। प्रधान के 319 पदों के लिए 1293 उम्मीदवार, उप प्रधान के 319 पदों के लिए 1303 उम्मीदवार तथा वार्ड सदस्य के 1793 पदों के लिए 4013 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए भी मुकाबला

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पंचायत समिति सदस्य के 135 पदों के लिए 592 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि जिला परिषद सदस्य के 18 पदों के लिए 114 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिला प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है।

8479 नामांकन हुए थे दाखिल

उल्लेखनीय है कि जिला चंबा में नामांकन प्रक्रिया के दौरान तीन दिनों में विभिन्न पदों के लिए कुल 8479 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से दस्तावेजों की जांच के दौरान 26 नामांकन रद्द पाए गए थे। इसके बाद नामांकन वापसी प्रक्रिया पूरी होने पर अंतिम उम्मीदवारों की संख्या 7315 निर्धारित हुई है।

Related Topics: