हाटी समुदाय की छह दशक लंबी संघर्ष यात्रा को मिला न्याय, हाईकोर्ट के फैसले का कांग्रेस ने किया स्वागत
जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय का अनुसूचित जनजाति का दर्जा बरकरार रखने के हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले का प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने स्वागत किया है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता ऊषा तोमर ने इस फैसले को हाटी समुदाय के छह दशक लंबे संघर्ष, सांस्कृतिक अस्मिता और संवैधानिक अधिकारों की ऐतिहासिक जीत करार दिया है।
नाहन
ऊषा तोमर बोलीं- यह केवल कानूनी जीत नहीं, हाटी समाज की अस्मिता और सम्मान की जीत, ट्रांसगिरि क्षेत्र के लिए मांगा विशेष विकास पैकेज।
ऊषा तोमर ने कहा कि हाटी समुदाय जिला सिरमौर का एक प्राचीन और गौरवशाली समाज है, जो करीब 60 वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पहले से ही अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्राप्त था, जबकि समान संस्कृति, परंपराओं और रहन-सहन के बावजूद हिमाचल का हाटी समुदाय इस अधिकार से वंचित था।
उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद संसद द्वारा हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान किया गया। अब उच्च न्यायालय के फैसले ने हाटी समाज की उम्मीदों को और मजबूती प्रदान की है। यह ऐतिहासिक फैसला हाटी समुदाय के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह जीत हर उस हाटी भाई-बहन की है, जिसने अपने खून-पसीने से इस संघर्ष को आगे बढ़ाया। कांग्रेस पार्टी हमेशा हाटी समाज के साथ खड़ी थी, आज भी खड़ी है और भविष्य में भी खड़ी रहेगी। कांग्रेस हाटी समुदाय को केवल जनजातीय दर्जा ही नहीं, बल्कि सम्मान, विकास और उसके अधिकार दिलाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
ऊषा तोमर ने केंद्र और प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि अनुसूचित जनजाति के दर्जे का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए आवश्यक नियमावली जल्द तैयार की जाए। साथ ही ट्रांसगिरि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष विकास पैकेज दिया जाए।
उन्होंने हाटी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय बोली, पारंपरिक रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक हाट परंपरा के संरक्षण के लिए भी ठोस कदम उठाने की मांग की।