Loading...

चंबा हादसे में गुजरात के 5 पर्यटकों समेत 6 की मौत, मासूम बच्चों सहित 4 घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

चंबा के भटियात उपमंडल में मनाली से डलहौजी जा रही इनोवा गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में गुजरात के 5 पर्यटकों समेत 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

चंबा

जिला चंबा के भटियात उपमंडल के ककीरा स्थित घार क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गुजरात के पांच पर्यटकों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार मनाली से डलहौजी की ओर जा रही इनोवा क्रिस्टा गाड़ी भारी बारिश और तेज तूफान के बीच अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों में गुजरात के भावनगर निवासी ललित भाई फतनानी, उनकी पत्नी ममता बेन, प्रियंक कन्हैया लाल भोपानी, उनकी पत्नी काजुल भोपानी, पुत्र दियान्श भोपानी तथा हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला निवासी जसवंत कुमार शामिल हैं।वहीं हादसे में मयंक ललित भाई फतनानी, उनकी पत्नी कोरम बेन, तीन वर्षीय जियान्श तथा तीन वर्षीय प्रियांशी भोपानी घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद तीन घायलों को गंभीर हालत के चलते टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी चंबा विजय सकलानी ने की है।

Related Topics: