Loading...

नाहन नगर परिषद में एसडीएम संभालेंगे ईओ की जिम्मेदारी, कर्मचारियों को आज या कल मिलेगी सैलरी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

15 दिन से खाली चल रहे कार्यकारी अधिकारी के पद पर उपायुक्त ने की अस्थायी व्यवस्था, एसडीएम राजीव सांख्यान को सौंपा अतिरिक्त कार्यभार; वेतन को लेकर कर्मचारियों की चिंता भी होगी दूर

नाहन

नाहन नगर परिषद में कार्यकारी अधिकारी (ईओ) का पद खाली होने से पैदा हुई प्रशासनिक परेशानी के बीच जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था कर दी है। अब एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे। उपायुक्त सिरमौर की ओर से 31 अक्टूबर को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहीं, नगर परिषद कर्मचारियों के लिए राहत की बात यह है कि उनकी नवंबर माह की सैलरी भी अब जल्द जारी होने वाली है।

उपायुक्त कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार शहरी विकास विभाग के निदेशक ने एसडीएम नाहन को नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का आग्रह किया था। इसके बाद उपायुक्त ने नगर परिषद के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए एसडीएम नाहन को यह जिम्मेदारी सौंपी है। एसडीएम अपने वर्तमान दायित्वों के साथ नगर परिषद के ईओ का कार्य भी देखेंगे। यह व्यवस्था आगामी आदेशों तक लागू रहेगी।

गौरतलब है कि नगर परिषद नाहन में ईओ का तबादला होने के बाद करीब 15 दिनों से यह पद खाली चल रहा था। इसके चलते नगर परिषद के कर्मचारियों में नवंबर माह की सैलरी को लेकर चिंता बढ़ गई थी। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण कर्मचारियों की परेशानी और बढ़ गई थी।

इसी समस्या को लेकर नगर परिषद यूनियन के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह की अगुवाई में सैकड़ों कर्मचारी नगर परिषद परिसर में एकत्रित हुए थे। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक अजय सोलंकी से जल्द ईओ की नियुक्ति करने की मांग उठाई थी। कर्मचारियों का कहना था कि वेतन ही उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है और समय पर सैलरी नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने भी इस मामले को मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक के समक्ष उठाने की बात कही थी। उन्होंने जल्द नई नियुक्ति होने की उम्मीद जताई थी।

उधर, जब इस संबंध में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान से बात की गई तो उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सभी कर्मचारियों को आज या कल निश्चित रूप से सैलरी जारी कर दी जाएगी। उनके इस आश्वासन से वेतन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।