Loading...

छोटा शिमला में ढाबे में आग, समय रहते काबू—शॉर्ट सर्किट की आशंका

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 2 May 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार सुबह गुरुद्वारे के समीप स्थित एक ढाबे में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लकड़ी के मकान में लगी आग के तेजी से फैलने की आशंका के बीच स्थानीय लोगों, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

शिमला

राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ढाबे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गुरुद्वारे के समीप स्थित लकड़ी के मकान में लगी इस आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप लेने की आशंका पैदा कर दी थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी खतरा बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

ढाबा मालिक मनु गुप्ता ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने के बाद कुछ सामान लेने बाहर गए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। उन्होंने कहा कि वे गैस चालू करके नहीं गए थे, इसलिए गैस लीकेज की संभावना से इंकार किया जा सकता है।सूचना मिलते ही छोटा शिमला फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। सब फायर ऑफिसर भगत राम ठाकुर के अनुसार आग कथित रूप से इमारत के इलेक्ट्रिक पैनल से शुरू हुई, जिससे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

मकान पूरी तरह लकड़ी का होने के कारण आग के फैलने का खतरा काफी अधिक था, लेकिन स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। वहीं, ढाबा मालिक ने हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वे अभी तक अंदर जाकर नुकसान का सही आकलन भी नहीं कर पाए हैं।

Related Topics: